The Lallantop

डॉक्टर ने कैंटीन वाले को भद्दी गालियां दीं, औकात पूछी, खुद के लिए इज्जत मांगी, सस्पेंड हो गया

Jodhpur Doctor Absuing: डॉ. वैभव सियाग की कैंटीन संचालक के साथ चाय की क्वालिटी को लेकर बहस होती है. डॉ. वैभव लगातार कैंटीन संचालक पर आक्रामक रूप से चिल्लाता और गाली-गलौज करता वीडियो में नजर आता है.

Advertisement
post-main-image
गाली-गलौज करते जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर वैभव सियाग का वीडियो वायरल. (ITG)
author-image
अशोक शर्मा

Doctor Absuing Video: राजस्थान के जोधपुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक डॉक्टर कैंटीन वाले को धमकाता और गाली देता नजर आ रहा है. वीडियो मथुरादास माथुर अस्पताल की कैंटीन का है. वीडियो में दिखता है कि डॉक्टर कैंटीन वाले को बार-बार भद्दी गालियां देता है और उससे 'औकात' पूछता है. आरोपी डॉक्टर की पहचान डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर वैभव सियाग के तौर पर हुई है, जिसे निलंबित कर दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना रविवार, 8 फरवरी की रात की है. जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर वैभव सियाग का मथुरादास माथुर अस्पताल स्थित कैंटीन पर झगड़ा हो गया. वीडियो में डॉक्टर कैंटीन वाले से गाली-गलौज और बदतमीजी करता दिखा.

डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज को घटना की जानकारी मिली, तो मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत एक्शन लेते हुए डॉ. वैभव सियाग को निलंबित कर दिया. प्रबंधन ने आरोपी डॉक्टर से सफाई मांगी है और एक जांच कमेटी का गठन किया है.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े अशोक कुमार शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद घटनाक्रम का पता लगाया गया. उन्होंने आगे कहा,

“पता चला है कि मेडिकल कॉलेज के तहत आने वाले शहर के कमला नेहरू चेस्ट अस्पताल में अस्थाई संविदा पर कार्यरत जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर वैभव सियाग का जो व्यवहार वीडियो में नजर आ रहा है, वह किसी डॉक्टर के द्वारा और संस्थान के डॉक्टर के द्वारा करना स्वीकार्य नहीं है. इसे ध्यान में रखते हुए तुरंत जांच कमेटी का गठन कर उनका सस्पेंशन कर दिया गया है.”

रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. वैभव सियाग की कैंटीन संचालक के साथ चाय की क्वालिटी को लेकर बहस होती है. डॉ. वैभव लगातार कैंटीन संचालक पर आक्रामक रूप से चिल्लाता और गाली-गलौज करता नजर आता है. वायरल वीडियो में एक शख्स जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर से कहता है,

Advertisement

"हम तो आपको इज्जत दे रहे हैं. आप बोल रहे हो इज्जत करो, इज्जत से बात करो. आप इज्जत के लायक ही नहीं हो. आप हमें इज्जत नहीं दे रहे, तो हम आपको इज्जत क्यों दें?"

इस पर डॉ. वैभव सियाग और गुस्सा होता है और वीडियो में कैंटीन वाले से ‘औकात’ पूछता नजर आता है. डॉ. बीएस जोधा कहते हैं कि एक संस्थान की गरिमा और राज्य सरकार की गरिमा को ध्यान में रखते हुए किसी डॉक्टर का ऐसा बर्ताव बिल्कुल गलत है.

वीडियो: मेरठ में 'साहिल-आकांक्षा' की शादी पर विवाद, पुलिस के पास पहुंची लड़की

Advertisement