दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में 4 अगस्त को एक स्लीपर बस में एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था. आरोप बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर है. अब इस मामले में कुछ नई जानकारी सामने आई है. पता चला है कि बस के खिलाफ पहले से ही 11 ट्रैफिक चालान जारी किए जा चुके हैं और बस के अंदर का CCTV कैमरा भी काम नहीं कर रहा था.
CCTV खराब, 11 चालान कटे... जिस बस में नाबालिग से गैंगरेप हुआ, उसका काला चिट्ठा खुला
Delhi sleeper bus gang rape: दिल्ली में जिस स्लीपर बस में छात्रा के साथ रेप हुआ था उसके खिलाफ 11 ट्रैफिक चालान जारी हुए थे. बताया गया कि बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे और CCTV भी बंद था. आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और मामले की जांच चल रही है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर चालान स्पीड लिमिट के उल्लंघन की वजह से काटे गए हैं. 11 में से 7 चालान जुलाई में ही जारी हुए हैं. जांच में ये भी सामने आया है कि घटना के दौरान बस के पर्दे लगे हुए थे, जिससे बाहर का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. ये सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी किए गए सेफ्टी नियमों के खिलाफ है. सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में निर्भया गैंगरेप केस के बाद आदेश जारी किए थे.
जांच में और क्या पता चला?रिपोर्ट के मुताबिक, बस ग्रेटर नोएडा के लेकर दिल्ली तक 47 किलोमीटर तक बिना रुके चलती रही. इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया. अधिकारियों का कहना है कि बस चिल्ला बॉर्डर, मयूर विहार और गीता कॉलोनी सहित कई एग्जिट और एंट्री पॉइंट्स के पास से गुजरी. लेकिन इसे कहीं भी सुरक्षा जांच के लिए नहीं रोका गया. पूरी यात्रा के दौरान कोई अलर्ट जारी नहीं हुआ.
बताया गया कि इस तरह की बसों में GPS सिस्टम पहले से इंस्टॉल होता है. अब जांच हो रही है कि क्या घटना के दौरान कोई अलर्ट जारी हुआ था. बस रिपेयरिंग के लिए 27 जुलाई से लेकर 4 अगस्त तक तिमारपुर में थी. घटना के दिन वो ग्रेटर नोएडा के रास्ते से वापस लौट रही थी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली फिर शर्मसार! 16 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप, 47 किमी तक चलती बस में दरिंदगी
पुलिस ने क्या बताया?छात्रा ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसका गैंगरेप किया है. घटना के बाद उसने कश्मीरी गेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की DCP निहारिका भट्ट ने बताया,
‘एक 17 साल की लड़की ने पुलिस में आकर सूचना दी कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है. उसकी तहरीर के आधार पर बच्ची का मेडिकल कराया गया. जिसके बाद CCTV की मदद से बस को ट्रेस किया गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.’
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के सामने पेश किया गया और उसके पिता के हवाले कर दिया गया. छात्रा उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और नोएडा सेक्टर-63 अपने रिश्तेदार से मिलने आई थी. मामले की जांच अभी चल रही है.
वीडियो: दिल्ली में बस के अंदर एक बार फिर गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार












