दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में आग लगने से 21 लोगों की जान चली गई. पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि लवकेश का नाम पहले भी गंभीर आपराधिक मामले में आ चुका है. वह साल 2025 में बांग्लादेशी नागरिकों की फर्जी भारतीय डॉक्यूमेंट बनवाने में मदद करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका है.
दिल्ली होटल आग: आरोपी मालिक बांग्लादेशियों के फर्जी पहचान पत्र बनवाता था, जा चुका है जेल
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज पहले भी एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका है. उस पर बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी पहचान पत्र बनवाने में मदद करने का आरोप है. फिलहाल यह मामला अभी अदालत में लंबित चल रहा है.


ये मामला 29 जनवरी 2025 का है. दिल्ली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक पहाड़गंज इलाके में फर्जी भारतीय पहचान पत्र के साथ रह रहे हैं. पुलिस ने छापेमारी करके एक महिला, उसकी बेटी और नाबालिग पोते को हिरासत में लिया.
जांच में महिलाओं की पहचान स्वीटी सरकार उर्फ ब्यूटी हलदार उर्फ जोहरा खातून और उसकी बेटी पुष्पो सरकार के तौर पर हुई. पूछताछ के दौरान ये महिलाएं कोई वैध पहचान पत्र नहीं दिखा सकीं. पुलिस ने उनके पास से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक भारतीय पासपोर्ट, कई आधार कार्ड और बैंकिंग से जुड़े डॉक्यूमेंट बरामद किए थे. जांच में पता चला कि अलग-अलग नामों वाले डॉक्यूमेंट्स पर एक ही महिला की तस्वीर लगी हुई थी.
जांच में आया लवकेश बजाज का नाम
आरोपी स्वीटी सरकार के फर्जी पासपोर्ट पर दर्ज पता छतरपुर एन्क्लेव का था. जब पुलिस ने उस पते की जांच की तो वह लवकेश बजाज का निकला. पूछताछ में बजाज ने स्वीकार किया कि उसने पैसे लेकर अपने पते का इस्तेमाल भारतीय डॉक्यूमेंट्स बनाने के लिए करने दिया था.
इसके बाद पुलिस ने लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को गिरफ्तार करके चार्जशीट दाखिल की थी. बजाज करीब 15 दिन तक तिहाड़ जेल में बंद रहा था. बाद में उसे जमानत मिल गई थी. यह मामला अब भी अदालत में लंबित चल रहा है.
अब होटल अग्निकांड में फिर से गिरफ्तारी
अब एक बार फिर से लवकेश बजाज कानून के शिकंजे में है. मालवीय नगर स्थित उसके फ्लरिश स्टे होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई. आग लगने के कुछ घंटे बाद पुलिस ने बजाज को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल वह चार दिन की पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ की जा रही है.
जलते होटल के पास से गुजर गया मालिक
पुलिस की पूछताछ में लवकेश बजाज ने बताया कि आग लगने के दौरान वह अपने होटल के पास से गुजरा था, लेकिन अंदर फंसे लोगों की मदद करने के बजाय डर के कारण वहां से निकल गया. वह काफी देर तक शहर में इधर-उधर घूमता रहा. पुलिस को आशंका थी कि वह देश छोड़कर भाग सकता है, क्योंकि उसके दोनों बच्चे विदेश में रहते हैं. इसी वजह से पुलिस ने उसके और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी.
वीडियो: Delhi Malviya Nagar Fire: हादसे के बाद सड़कों पर घूमता हुआ आरोपी लवकेश बजाज कौन है?






















