The Lallantop

देहरादून: फोन चोरी कर मांगा पासवर्ड, CCTV में पूरी घटना कैद लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाई

Dehradun Phone theft: देहरादून में कुछ लोगों का फोन चोरी हो गया. उसमें एक लड़के की बहन को कुछ समय बाद मैसेज आया कि फोन का पासवर्ड बताओ. चोर CCTV कैमरे में कैद भी हो गए. युवती ने सोशल मीडिया पर आपबीती सुनाई, लेकिन पुलिस ने पोस्ट डिलीट कर दिया.

Advertisement
post-main-image
फोन चोरी की घटना 12 सितंबर को हुई थी. (Courtesy-कौशिकी ध्यानी)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • देहरादून के क्लेमेंट टाउन में सक्षम और उसके दोस्तों के फोन चोरी होने की घटना सामने आई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई लेकिन FIR नहीं बनाई गई।
  • सक्षम के घर गेट खुला छोड़े जाने के कारण चोरों ने मौका पाकर फोन चोरी किया, उस समय पुलिस शिकायतों के बावजूद इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
  • चोरों ने कौशिकी को पासवर्ड मांगने वाले संदेश भेजे, जिसकी लोकेशन बांग्लादेश के पास मिली, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी या कार्रवाई करने में असमर्थ है।

देहरादून के क्लेमेंट टाउन में एक लड़के और उसके कुछ दोस्तों का फोन चोरी हो गया. लड़कों ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में कराई. उन्होंने कहा कि कार्रवाई करेंगे. लेकिन इस बीच अन्य इलाकों में भी चोरी की घटना हो गई. मामला यहीं नहीं थमा. सक्षम नाम के एक लड़के की बहन कौशिकी को चोर ने टैक्स्ट किया. मैसेज पर फोन का पासवर्ड मांगा. इस घटना का वीडियो भी कौशिकी ने शेयर किया था. 

Advertisement

हालांकि, पुलिस ने IT एक्ट का हवाला देकर वीडियो भी डिलीट करवा दिया. अब तक चोरों का कुछ अता पता नहीं चला है.   

सक्षम की बहन कौशिकी ध्यानी ने पूरा मामला इंस्टाग्राम पर बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के पास वे कई बार गए. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. वीडियो में उन्होंने कहा, 

Advertisement

“देहरादून में चोरियां आम हो चुकी हैं. उत्तराखंड पुलिस चोर तक नहीं पहुंच पाती, लेकिन चोर उन तक पहुंच गया. उनसे मोबाइल का पासवर्ड मांगने लगा. ये मामला सिर्फ चोरी तक नहीं है. वो अब पासवर्ड भी मांग रहा है. मैसेज कर रहा है.”

रील में कौशिकी ने बताया कि वे लोग पुलिस को चोर की शक्ल, लोकेशन और अन्य जानकारी दे चुके हैं. लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ. पहले वे FIR तक दर्ज नहीं कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि चोरों को अब ट्रेस होने का कोई डर नहीं है. उत्तराखंड पुलिस की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

घर के अंदर से फोन किया चोरी

दी लल्लनटॉप ने कौशिकी से फोन पर बात की. उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को फोन चोरी की घटना हुई थी. सक्षम रात को लेट आया था. जल्दबाजी में वो गेट लगाना भूल गया. तभी चोरों को मौका मिला. वे घर के अंदर गए और सोते हुए भाई के 'हाथ' से फोन चोरी कर भाग गए. 

Advertisement

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें दो लोग घर के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं. उनमें से एक चोर अंदर जाता है. दूसरा बाहर खड़े होकर इंतजार करता है. घर में गया शख्स बाहर आता है और गेट बंद कर देता है. फिर दोनों निकल जाते हैं. 

आरोप है कि सक्षम अगले दिन शिकायत करने पुलिस थाने गया. वहां उससे एप्लिकेशन लिखवाई गई. लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई. कौशिकी ने बताया कि उन्होंने खुद पुलिस से बात की. पूछा कि आप शिकायत दर्ज क्यों नहीं कर रह, तो पुलिस ने कहा कि बाद में FIR दर्ज कर लेंगे. लेकिन वो ‘बाद’ कभी नहीं आया.

घटना के दो हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद पीड़ित की बहन के पास एक नंबर से मैसेज आया. चोर टेक्स्ट कर उनसे पासवर्ड मांग रहा था. चैट के स्क्रीनशॉट भी हमारे हाथ लगे हैं.

ये भी पढ़ें: केमिकल रिएक्शन को कंट्रोल करने वाले वैज्ञानिकों को केमिस्ट्री का नोबेल मिलेगा

मैसेज कर चोरों ने क्या कहा?

टेक्स्ट में आरोपी ने लिखा कि पासकोड बोलो फास्ट… कौशिकी ने पूछा कि भईया ये फोन आपको कहां से मिला. तो उसने कहा कि सड़क पर. कहा कि तेरा फोन होता, तो पासकोड जानती तू. पासकोड बता दो. तेरी लोकेशन भेज.

dehradun
चैट के स्क्रीनशॉट 

फोन को ट्रेस किया गया, तो इसकी लोकेशन बांग्लादेश बॉर्डर के पास आई. इन चैट के स्क्रीनशॉट लेकर दोबारा वे लोग पुलिस थाने गए थे. आरोप है कि तब भी उन्होंने कुछ नहीं किया. इंडिया टुडे के पत्रकार ने मामले पर पुलिस से सवाल किया. इस पर एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया, “पुलिस ने संज्ञान लिया है. सीओ साहब जांच कर रहे हैं.”

हालांकि, युवती का कहना है कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है. वे (पुलिस) कई बार कह चुके हैं कि कार्रवाई कर रहे हैं. लेकिन कुछ नहीं होता. उन्होंने बताया कि वीडियो पोस्ट करने के बाद पुलिस का उन्हें फोन भी आया था. अधिकारी ने कहा था कि वे मामले में कार्रवाई कर तो रहे हैं, आपने वीडियो क्यों पोस्ट किया.

कौशिकी ने फोन पर बात करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि फोन अब बॉर्डर पार जा चुका है. वापस नहीं मिलेगा. लेकिन वे मांग करती हैं कि पुलिस मामले की कार्रवाई कर इस गैंग का पर्दाफाश करे. उन आरोपियों को पकड़े, जो इस चेन से जुड़े हुए हैं.

वीडियो: भारतीय रेलवे ने एआई और प्लान बी की मदद से 255 हाथियों की जान कैसे बचाई?

Advertisement