कचरे वाली गाड़ी से शव ले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मध्य प्रदेश के छतरपुर का बताया जा रहा है. वीडियो में कचरा ढोने वाली एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर परिवार के लोग एक शव लाद रहे हैं. ट्रॉली पर ‘नगर परिषद बड़ामलहरा’ लिखा है. यानी, वाहन सरकारी है. दावा किया गया कि ऐंबुलेंस न मिलने के बाद परिवार को शव ले जाने के लिए ये तरीका अपनाना पड़ा. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो स्वास्थ्य विभाग के लोग हरकत में आए. मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरपी गुप्ता ने तत्काल बड़ामलहरा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर से संपर्क किया और उनसे पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी.
एंबुलेंस नहीं मिली तो सरकारी कचरा ढोने वाली गाड़ी में शव ले गए, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के छतरपुर में कचरा ढोने वाली सरकारी ट्रैक्टर-ट्रॉली से शव ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दावा है कि शव वाहन उपलब्ध न होने पर परिवार को यह कदम उठाना पड़ा.

इंडिया टुडे से जुड़े लोकेश चौरसिया की रिपोर्ट के मुताबिक, CMHO ने BMO से फोन पर भी मामले को लेकर चर्चा की. हालांकि, यहां घटना को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाई. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि मृतक के परिजन ने नगर पालिका का शव वाहन बुलाया था, लेकिन गाड़ी समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी. इसके बाद किन परिस्थितियों में कचरा वाहन से शव ले जाया गया, इसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः अतीक के बेटे अबान के जनाजे में शामिल होंगे भाई अली-उमर, जेल से पहुंचेंगे प्रयागराज
CMHO ने बताया कि शासन की ओर से प्रत्येक जिले के लिए दो शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इनका संचालन जिला मुख्यालय से किया जाता है. ऐसे में अगर शव वाहन उपलब्ध कराने में लापरवाही हुई है या किसी स्तर पर व्यवस्था में चूक हुई है तो जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग BMO की लिखित रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर शव को कचरा वाहन से ले जाने की नौबत क्यों आई और इस मामले में किसकी लापरवाही सामने आती है?
वीडियो: संसद में आज: विपक्ष का शाह पर सवाल, किरेन रिजिजू ने क्या जवाब दिया?









