The Lallantop

लड़कियों को परेशान कर रहे थे कुछ लड़के, बॉडीबिल्डर ने विरोध किया तो पीट-पीटकर मार डाला

हरियाणा के भिवानी की घटना है. परिवार के मुताबिक बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़ ने कुछ लड़कों के ग्रुप द्वारा लड़कियों को परेशान करने पर विरोध जताया. इसी बात को लेकर बहस हो गई. शादी से घर लौटते वक्त रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 20 लोगों ने रोहित को घेर लिया.

Advertisement
post-main-image
बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़. (फाइल फोटो- आजतक)

हरियाणा के भिवानी में शुक्रवार 28 नवंबर की रात एक प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर की हत्या कर दी गई. वह अपने दोस्त के संग एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था. परिवार के मुताबिक यहां उसने कुछ लड़कों के ग्रुप द्वारा लड़कियों को परेशान करने पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि शादी से घर लौटते वक्त रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 20 लोगों ने बॉडीबिल्डर को घेर लिया. उसे जमकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर की पहचान 26 साल के रोहित धनखड़ के तौर पर हुई है. वह हरियाणा के ही रोहतक का रहने वाले थे. यहीं के सेक्टर-4 में जिमखाना क्लब में बॉडीबिल्डर और जिम ट्रेनर के तौर पर काम करते थे. साल 2018 में नेशनल लेवल की चैंपियनशिप में सीनियर (107+ kg) और जूनियर (107+ kg) कैटेगरी में गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं. तब के सीएम मनोहरलाल खट्टर उन्हें 15 अगस्त पर सम्मानित भी कर चुके हैं. 

परिवार के मुताबिक, रोहित अपने दोस्त जतिन के साथ शुक्रवार रात भिवानी में एक शादी में गए थे. तिगड़ाना गांव से बारात आई थी. इसी दौरान एक ग्रुप के कुछ लड़कों ने कथित तौर पर शादी में मौजूद लड़कियों को परेशान करना शुरू कर दिया. वहां मौजूद रोहित ने इन लड़कों के व्यवहार पर आपत्ति जताई और बीच-बचाव करने की कोशिश की. इसी को लेकर उनमें और अन्य लड़कों में बहस हो गई. परिवार के लोगों के बीच-बचाव के बाद वे लड़के वहां से चले गए.

Advertisement

बकौल परिवार शादी खत्म होने के बाद रोहित और जतिन अपनी गाड़ी से घर के लिए निकले. लेकिन कथित तौर पर उन्हें सड़क पर करीब 20 लोगों ने रोक लिया. आरोपी रॉड और धारदार हथियारों से लैस थे. रेलवे क्रॉसिंग बंद होने की वजह से वह कहीं भाग नहीं पाए. इसके बाद हमलावरों ने रोहित और उनके दोस्त को घेर लिया और जमकर पीटा. हालांकि इस बीच जतिन भागने में कामयाब हो गए.

रोहित के चाचा सतीश ने कहा,

“उन्होंने पैदल भागने की कोशिश की लेकिन, हमलावरों ने रोहित को पकड़ लिया. जतिन भागने में कामयाब रहा. रोहित को बुरी तरह पीटा गया. उसके शरीर का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं था जिस पर चोट के निशान न हों. हमलावरों के जाने के बाद जतिन रोहित को पास के हॉस्पिटल ले गया, जहां से उसे देर रात PGI रोहतक रेफर कर दिया गया. शनिवार 29 नवंबर को उसकी मौत हो गई.”

Advertisement

रोहित के पिता सत्यवान धनखड़ की 2017 में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. रोहित अपनी मां और बहन के लिए अकेला कमाने वाला था. चाचा सतीश ने बताया कि उनके भाई की मौत के बाद उनके परिवार ने मुश्किलें झेलीं. रोहित की मां ने कपड़े सिलकर उसे पाला-पोसा. उन्होंने पुलिस से हमलावरों के “एनकाउंटर” करने की मांग की है.

पूरे प्रकरण के बारे में जतिन ने बताया कि वह रोहित के साथ बहन की ननद की शादी में कन्यादान की रस्म निभाने गए थे. बारात में शामिल कुछ लोग लड़कियों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे. रोहित की उनसे कहासुनी हुई. इसके बाद जब वे शादी से लौटकर घर जा रहे थे तो 20-25 लोगों ने उन्हें घेर लिया और रोहित पर बुरी तरह से हमला किया.

वहीं, रोहित की मौत की जानकारी मिलने के बाद भिवानी पुलिस PGI रोहतक पहुंची. यहां पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज किए और पोस्टमॉर्टम करवाया. बाद में बॉडी परिवार को सौंप दी गई. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. हमलावरों की पहचान करने और उन्हें ट्रैक करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

वीडियो: दुलारचंद यादव की हत्या कैसे हुई, जांच में क्या पता चला, DGP ने क्या कहा?

Advertisement