The Lallantop

'दिल्ली के गड्ढे भरने में 10 साल लगेंगे... ', युवक की मौत पर आया मनोज तिवारी का बयान सुना क्या?

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुई 25 साल के कमल ध्यानी की मौत के बाद BJP MP Manoj tiwari का एक बयान सामने आया है. इस बयान की वजह से अब मनोज तिवारी की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है.

Advertisement
post-main-image
जनकपुरी पर मनोज तिवारी के बयान की खूब आलोचना हो रही है (PHOTO-X)

देश की राजधानी में गुरुवार, 5 फरवरी की रात एक लड़का बाइक सहित एक गड्ढे में गिरकर अपनी जान गंवा बैठा. इस लेकर दिल्ली जल बोर्ड के 3 अधिकारी सस्पेंड हुए हैं. अब इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गयी है. दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुई 25 साल के कमल ध्यानी की मौत के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी का एक बयान सामने आया है. इस बयान में वो कह रहे हैं कि भाजपा सरकार को बस एक साल ही हुआ है. आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस इतने गड्ढे करके गए हैं कि सुधारने में कम से कम 10 साल लग जाएंगे. इस बयान की वजह से अब मनोज तिवारी की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
मनोज तिवारी क्या-क्या बोले?

शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी वाराणसी में थे. उनसे जनकपुरी में हुई युवक की मौत पर सवाल पूछा गया. मनोज तिवारी ने कहा,

देखिए घटना बहुत ही दुखद है. लेकिन ऐसे हजारों गड्ढे छोड़कर आम आदमी पार्टी अपने 10 साल में गई है. भारतीय जनता पार्टी की सरकार आए तो अभी साल भर ही हुआ है. 

हम तो शुरू से कह रहे हैं कि हमको दिल्ली को पटरी पर लाने में कुछ समय लगेगा. आप समझिए 15 साल कांग्रेस और 10 साल आम आदमी पार्टी की सरकार रही. इन सब ने इतने गड्ढे किए कि भाजपा को सुधारने में कम से कम 2 टर्म लग जाएंगे. फिर भी ये घटना बहुत दुखद है. मैं उस पर शोक व्यक्त करता हूं. हम लगातार कोशिश कर रहे हैं कि दिल्ली को ठीक किया जाए.

Advertisement
मनोज तिवारी को लोगों ने सुना दिया

इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर सांसद की आलोचना हो रही है. सोशल मीडिया पर लोग उनके इस बयान से गुस्से में हैं. एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा,

आप केंद्र सरकार की गलती के लिए नेहरू को दोषी ठहरा सकते हैं. लेकिन राज्यों के मामले में तो आपको दूसरों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा.

manoj tiwari on janakpuri
सोशल मीडिया पर सांसद मनोज तिवारी की आलोचना हो रही है (PHOTO-X)

एक दूसरे यूजर ने लिखा,

Advertisement

एक साल हो गए आपकी सरकार को, कब तक केजरीवाल के ऊपर ठीकरा फोड़ेंगे? ये बेशर्मी है.

manoj
सोशल मीडिया पर सांसद मनोज तिवारी की आलोचना हो रही है (PHOTO-X)

वहीं एक अन्य यूजर ने उनके बयान पर नाराजगी जताते हुए लिखा,

भाजपा को दिल्ली के सभी गड्ढे भरने में लगभग 10 साल लगेंगे. मैं दिल्ली के लोगों को इस सरकार के साथ उनके शेष जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं.

manoj us
सोशल मीडिया पर सांसद मनोज तिवारी की आलोचना हो रही है (PHOTO-X)

आपको बता दें कि 25 साल के कमल ध्यानी एक प्राइवेट बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थे. दिल्ली के जनकपुरी इलाके में अपने दफ्तर से घर लौट रहे थे. कमल ने रात करीब पौने 12 बजे अपने घर फोन किया और कहा कि वह 10 मिनट में घर पहुंच रहे हैं. लेकिन जोगिंदर सिंह मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड के द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में वो बाइक सहित गिर गए. जिससे उनकी मौत हो गई.

दिल्ली पुलिस ने BNS की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है. FIR दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ हुई है. FIR के मुताबिक दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सड़क के बीच बिना सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी चिन्ह लगाए गहरा गड्ढा खोदा गया था. रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं थी, जिससे कमल ध्यानी उसमें गिर गए.

वीडियो: ग्राउंड रिपोर्ट: पुलिस ने परिवार को दुत्कारा? गड्ढे में गिरकर जान गंवाने वाले युवक के परिवार वालों ने क्या कहा?

Advertisement