बिहार के खगड़िया में सरकारी प्राइमरी स्कूल की सीढ़ियां गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई. घटना में कुछ छात्र-छात्राओं के घायल होने की भी खबर है. गांव वालों का कहना है कि सीढ़ियां पिछले 6 सालों से जर्जर हालात में थीं. कई बार इसे ठीक कराने के लिए कहा गया मगर कुछ नहीं हुआ. अब SDM ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी.
सरकारी स्कूल की सीढ़ी बच्चों के वजन से गिरी, 9 साल की छात्रा की मौत हो गई
Bihar Khagaria school staircase collapse: ग्रामीणों ने बताया कि सीढ़ियां पिछले 6 सालों से जर्जर हालात में थीं. उसे बनाने में खराब सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. सदर SDM ने कहा कि मामले की जांच होगी.

मृतक छात्रा की पहचान मनोज यादव की बेटी रितिका कुमारी के तौर पर हुई है. वो 9 साल की थी. इंडिया टुडे से जुड़े स्वतंत्र सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना अमनी गांव के पासवान टोला स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई. उस समय कुछ स्टूडेंड सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, तभी हादसा हो गया.
एक बच्चे की हालात गंभीरसीढ़ियां गिरने की खबर सुन मौके पर स्थानीय लोग और अभिभावक स्कूल पहुंचे. बच्चों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रितिका कुमारी को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया. अन्य बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. एक अन्य बच्चे की हालात गंभीर बताई जा रही है.
इंडिया टुडे से बात करते हुए एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया, 'रितिका ने मेरे कंधे पर दम तोड़ा था. ये सीढ़ियां 2020 से ही जर्जर हालात में थीं. 2020 में इसके लिए 25 बार बोला था. मास्टर को भी कहा था. वह खुद चढ़ते तो भी ये हिलता था.'
ग्रामीण का कहना है कि घटना के लिए वह खुद को भी दोषी मानते हैं. क्योंकि उन्होंने बुलंद तरीके से आवाज नहीं उठाई. वे इस घटना का जिम्मेदार टीचर और सरकार को भी मानते हैं.
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने यूपी पुलिस को भंग करने की चेतावनी दी, 'नॉनसेंस' तक कह दिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद SDM धनंजय कुमार कई अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पर न केवल विभागीय कार्रवाई होगी, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी होगी. साथ ही स्कूल भवन निर्माण का भी ऑडिट किया जाएगा. देखा जाएगा कि क्या भवन निर्माण में गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का इस्तेमाल हुआ या नहीं. मृतक छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 2018-19 के आसपास सीढ़ियां बनाई गई थीं. इस घटना ने सरकारी स्कूल की इमारत की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीडियो: पिता NDA समर्थित सांसद, बेटा SP के टिकट पर राज्यसभा उम्मीदवार... कौन हैं धनराज नाथवानी?












