The Lallantop

'वेस्टर्न स्टाइल' में प्रपोज के बहाने प्रेमी को रस्सी से बांधा, फिर केरोसीन डालकर आग लगा दी

पुलिस के मुताबिक किरण ने प्रेमा से पूछा था कि उसने इतनी जोर से रस्सी क्यों बांधी है. इस पर प्रेमा ने जवाब दिया कि यह प्रपोज करने का ‘वेस्टर्न’ तरीका है. इसके बाद आरोप है कि प्रेमा ने किरण पर मिट्टी का तेल (केरोसिन) डाला और आग लगा दी. किरण की मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
प्रेमी को घर बुलाया और कथित तौर पर जलाकर मार डाला. (फोटो- India Today)

बेंगलुरु में एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की जिंदा जलाकर हत्या कर दी. उसने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे. आरोप है कि ऐसा उसने ‘वेस्टर्न स्टाइल में प्रपोज’ करने का बहाना बनाकर किया. बाद में केरोसीन डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से जलने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना मंगलवार, 21 अप्रैल कीो बेंगलुरु के बयादरहल्ली थाना इलाके के अंजनानगर में हुई. मृतक की पहचान 27 साल के किरण के रूप में हुई है. वह अपनी प्रेमिका और आरोपी महिला प्रेमा के घर गया था. उस समय घर में परिवार के लोग मौजूद नहीं थे. 

हत्या की वजह साफ नहीं है. फिलहाल सिर्फ इतना पता चला है कि लड़का कई दिनों से प्रेमिका को इग्नोर कर रहा था. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला प्रेमा ने किरण से कहा कि वह उसे ‘वेस्टर्न स्टाइल’ में प्रपोज़ करेगी. इसके लिए उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए. आंखों पर भी पट्टी बांध दी. 

पुलिस के मुताबिक किरण ने प्रेमा से पूछा था कि उसने इतनी जोर से रस्सी क्यों बांधी है. इस पर प्रेमा ने जवाब दिया कि यह प्रपोज करने का ‘वेस्टर्न’ तरीका है. इसके बाद आरोप है कि प्रेमा ने किरण पर मिट्टी का तेल (केरोसिन) डाला और आग लगा दी. किरण की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने बताया कि महिला ने वारदात को अंजाम देने से पहले किरण के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए थे. इसके बाद उसने कथित तौर पर उस पर केरोसिन डालकर आग लगाई. प्रेमा और किरण दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे. दोनों पहले दोस्त थे. बाद में उनकी दोस्ती रिलेशनशिप में बदल गई थी.

Advertisement

घटना पर डीसीपी उत्तर पश्चिम डीएल नागेश ने बताया, 

आरोपी प्रेमा और मृतक किरण वोडाफोन के एक दफ्तर में सिम कार्ड बेचने और कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर के तौर पर काम करते थे. वो लगभग एक साल से एक-दूसरे को जानते थे और रिलेशनशिप में थे. प्रेमा को कई दिन से लग रहा था कि किरण उसे इग्नोर कर रहा है. 

डीसीपी ने बताया कि ऐसा लगता है कि इसी वजह से आरोपी महिला ने किरण को जान से मारने का फैसला कर लिया था. उसने पहले से ही घर में केरोसीन रखकर तैयारी कर ली थी. इसके बाद किरण को घर बुलाया और कथित तौर पर जलाकर मार डाला. ये भी कहा जा रहा है कि उसने पूरी घटना का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया. लेकिन, वीडियो असली है या नकली इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.

उधर प्रेमा के भाई गिरिशंकर ने अलग ही कहानी बताई है. उन्होंने प्रेमा और किरण के बीच रिलेशनशिप की बात से इनकार किया है. गिरिशंकर ने कहा कि घटना वाले दिन वो सुबह घर पर थे. नहाने के बाद अपनी बड़ी बहन के घर चले गए थे. छोटी बहन यानी प्रेमा से उन्होंने पूछा था कि ‘तुम ड्यूटी पर कब जा रही हो?’ प्रेमा ने बताया कि उसकी दूसरी शिफ्ट है और वो आराम से तैयार होकर बाद में जाएगी. 

इसके एक घंटे बाद ही उन्हें पड़ोस में रहने वाली आंटी ने फोन करके बताया कि उनके घर में आग लग गई है. वो भागे-भागे आए तो देखा कि घर के बाहर भीड़ लगी थी. लोगों ने बताया कि बहन किसी तरह से सुरक्षित नीचे आ गई है, लेकिन किरण ऊपर फंसा है. 

गिरिशंकर ने आगे बताया, 

मैं लड़के को बचाने के लिए ऊपर गया. लेकिन अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दिया. चारों तरफ घना धुआं था. सब कुछ धुंधला दिख रहा था.

आगे उन्होंने बताया कि किरण और प्रेमा लगभग डेढ़-दो साल से एक ही कंपनी में काम कर रहे थे. दोनों अच्छे दोस्त थे. आज उन्हें साथ में लॉगिन करना था और शायद वह उसे लेने के लिए घर आया होगा. उन्होंने दावा किया कि दोनों में कोई प्रेम-प्रसंग नहीं था. भाई-बहन जैसी दोस्ती थी. एक ही कंपनी में काम करने से एक खास रिश्ता बन गया था. ‘घर क्यों आया था?’ के सवाल पर गिरिशंकर ने कहा कि इस बारे में प्रेमा ने बताया था कि मैनेजर ने उन्हें कुछ लॉगिन का काम पूरा करने को कहा था. इसलिए लड़का उसे साथ ले जाने के लिए घर आया था.

वीडियो: शाहरुख की ‘किंग’ पर नहीं पड़ेगा ‘एवेंजर्स’ और ‘ड्यून 3’ का असर? ट्रेड का बड़ा दावा

Advertisement