The Lallantop

19 साल की लड़की से विला पार्टी में गैंगरेप, पीड़िता ने बताया- 'इंस्टा फ्रेंड ने इनवाइट किया था'

Bengaluru Teen gang-raped: बेंगलुरु में एक युवती ने दो लोगों पर कथित तौर पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि एक दोस्त ने पीड़िता को प्राइवेट विला पर पार्टी के लिए बुलाया, जहां उसे नशीला पदार्थ दिया गया. दोस्त से युवती की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी.

Advertisement
post-main-image
पीड़िता की मुलाकात आरोपी डिक्सोन सैंडो से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. (फोटो-इंडिया टुडे)

बेंगलुरु की एक विला पार्टी में युवती से कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. आरोपियों में से एक पीड़िता का दोस्त बताया जा रहा है. लड़की का कहना है कि उसके दोस्त ने ही उसे प्राइवेट विला पर पार्टी के लिए बुलाया था, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ देने के बाद दो लोगों ने उसका गैंगरेप किया. वहीं एक आरोपी ने पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराते हुए युवती और उसके एक साथी पर जबरन वसूली का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

तमिलनाडु के तिरुपुर की रहने वाली पीड़िता BA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट है. वो पिछले 5 महीनों से बेंगलुरु में रह रही है. इंडिया टुडे से जुड़े सगय राज की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल जनवरी में उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए डिक्सोन सैंडो (Dixon Sando, उम्र 21) से हुई थी. दोनों रेगुलर कॉन्टैक्ट में थे और घटना से पहले शहर में कुछ मौकों पर मिले भी थे.  

पुलिस ने बताया कि 14 फरवरी को डिक्सोन ने पीड़िता को कॉल करके नॉर्थ बेंगलुरु में रेक्स विला नाम की एक प्राइवेट प्रॉपर्टी में पार्टी के लिए बुलाया था. रात करीब 1 बजे छात्रा अपने एक दोस्त के साथ वेन्यू पर पहुंची. पार्टी में डिक्सोन ने उसकी मुलाकात दूसरे आरोपी निखिल (उम्र 35) से कराई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसे कथित तौर पर गुलाबी रंग की एक गोली खाने के लिए मजबूर किया. इसे खाने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वो बेहोश हो गई.

Advertisement

पीड़िता ने बताया कि जब उसे होश आया, तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे. लड़की का आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसका रेप किया. जब वो बहुत तेज चिल्लाई, तो दोनों कमरे को बाहर से लॉक करके चले गए. कुछ देर बाद वो बैड से उठी और अपने कपड़े पहने. उसे अपना फोन तकिए के नीचे मिला. दोपहर के समय डिक्सोन ने दरवाजा खोला और उसे एक मॉल के पास ड्रॉप कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि कार में भी उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई. 

इस दौरान निखिल ने उसे कथित तौर पर किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी. इसलिए उसने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया. मगर ट्रॉमा जब उसे परेशान करता रहा, तो उसने 17 फरवरी को बेंगलुरु के एक हॉस्पिटल में इलाज करवाया. बाद में घटना की जानकारी अपने भाई को दी, जिसने उसे शिकायत करने की सलाह दी. तब उसने पुलिस के पास दोनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि वो दोनों पहले भी दूसरी लड़कियों के साथ ऐसा कर चुके हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि पीड़िता के शिकायत दर्ज कराने से पहले एक आरोपी ने 21 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी. उसने दावा किया कि छात्रा ने किसी रीजनल न्यूज चैनल से जुड़े एक व्यक्ति के साथ मिलकर उससे पैसे मांगे और न देने पर बदनाम करने वाला कॉन्टेंट दिखाने की धमकी दी. फिलहाल, पुलिस यौन उत्पीड़न के आरोप और जबरन वसूली के दावों की जांच कर रही है. 

Advertisement

वीडियो: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एक आदमी चाकू लेकर दौड़ा रहा था, CISF ने ऐसे बचाई शख्स की जान

Advertisement