कर्नाटक में बेंगलुरु से तुमकुरु जा रही एक कार में अचानक ब्लास्ट हुआ, जिससे 30 साल के एक शख्स की जलकर मौत हो गई. कार में सवार एक महिला और ड्राइवर घायल हो गए. फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि शख्स ने पहले महिला का कथित तौर पर अपहरण किया, फिर उस पर हमला किया और इसके कुछ देर बाद कार में धमाका हो गया. शुरुआती जांच से पता चलता है कि मृतक व्यक्ति ही कार में विस्फोटक लेकर जा रहा था.
गर्लफ्रेंड को किडनैप कर कार में बम लेकर बैठ गया, ब्लास्ट में खुद मर गया, लड़की बच गई
Bengaluru से तुमकुरु जा रही कार में धमाके (Car Blast) में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, शख्स ने पहले एक महिला का अपहरण और उस पर हमला किया था. क्या है पूरा मामला?


इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शनिवार, 27 जून को कर्नाटक के तुमकुरु जिले के सिरा तालुक में जोगिहल्ली के पास हुई. मृतक की पहचान 30 साल के नागेंद्र के तौर पर हुई है. हादसे में राम्या और कैब ड्राइवर प्रवीण घायल हो गए. दोनों का इलाज तुमकुरु जिला अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र और राम्या पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन उनके बीच मतभेद चल रहे थे. राम्या बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने नागेंद्र का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था. शनिवार सुबह नागेंद्र कथित तौर पर जयनगर में राम्या के किराए के घर पहुंचा. वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि इसके बाद नागेंद्र ने जबरदस्ती राम्या को एक कैब में बिठा लिया.
'कार में पेट्रोल बम था'
राम्या के माता-पिता ने जयनगर पुलिस स्टेशन में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि सफर के दौरान नागेंद्र ने राम्या को जान से मारने और फिर खुद भी जान देने की धमकी दी. पुलिस को शक है कि उसने कार में पेट्रोल बम भी रखा हुआ था. कल्लांबेला थाना क्षेत्र के जोगिहल्ली के पास पहुंचने पर नागेंद्र ने कथित तौर पर चलती कार में राम्या पर चाकू से हमला कर दिया. ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोक दी.
मौका मिलते ही राम्या कार से बाहर निकल गई. कुछ ही सेकंड बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई. नागेंद्र कार के अंदर ही फंस गया और उसकी मौके पर मौत हो गई. धमाके के बाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस को कार से बम जैसा विस्फोटक पदार्थ भी मिला है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ की आग में 'झुलसी' 15 जवान जिंदगियां, मां बोली- ‘मेरी दुनिया उजड़ गई’
तुमकुरु के एसपी अशोक के.वी. ने बताया,
“शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि नागेंद्र अपने साथ विस्फोटक लेकर चल रहा था और उसने जानबूझकर बम लगाया था. पुलिस यह जांच कर रही है कि विस्फोट कैसे हुआ, किस तरह का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया और वह कहां से लाया गया था.”
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: केतन अग्रवाल की हत्या में सिया गोयल कैसे पकड़ी गई?















