The Lallantop

CM हिमंता बिस्वा सरमा ने AI वीडियो में 'दाढ़ी-टोपी' वालों को गोली मारी

7 फरवरी को BJP असम प्रदेश ने CM Himanta Biswa Sarma के एक वीडियो को "पॉइंट ब्लैंक शॉट…" कैप्शन के साथ पोस्ट किया. इसमें सीएम हिमंता गोली चलाते दिखे, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भारी बवाल कट गया.

Advertisement
post-main-image
CM हिमंता बिस्वा सरमा के विवादित वीडियो की विपक्ष ने तीखी आलोचना की. (X @kcvenugopalmp)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की असम यूनिट ने X पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा हाथ में बंदूक ताने हुए हैं. निशाने पर दो लोग हैं, जिनमें एक शख्स सफेद बनियान और सफेद टोपी पहने है, जबकि दूसरे की लंबी दाढ़ी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जेनरेटेड विजुअल्स वाले वीडियो में CM सरमा निशाना साधते और एक नकली गोली चलाते दिख रहे हैं, जो सीधे इन दोनों की तस्वीर पर लगती है. एक तस्वीर पर लिखा होता है 'पाईजान'. बगल में एक और फोटो फ्रेम्ड है, जिसपर ‘पाकिस्तान हाई कमीशन’ लिखा दिखता है. नीचे एक और ग्रुप फोटो है, जो साफ नहीं नजर आ रही.

गोली चलने के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का एक AI जेनरेटेड काउबॉय वर्जन दिखता है. इसके ऊपर असमिया भाषा में लिखा है- जाति, माटी और भेटी (मातृभूमि). ये सीएम हिमंता का पॉलिटिकल नारा है.

Advertisement

वीडियो में ये भी लिखा नजर आता है- 'विदेशी मुक्त असम'. फिर एक सवाल आता है- ‘पाकिस्तान क्यों गए थे?’ (जो शायद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से जुड़ा है) और आखिरी में ‘बांग्लादेशियों पर रहम नहीं किया जाएगा’ भी लिखा नजर आता है, जिसके बाद ये वीडियो खत्म हो जाता है.

7 फरवरी को BJP असम प्रदेश ने इस वीडियो को "पॉइंट ब्लैंक शॉट…" कैप्शन के साथ अपने ऑफिशियल X हैंडल से पोस्ट किया था. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भारी बवाल कटा, जिसके बाद BJP की असम यूनिट को ये पोस्ट डिलीट करना पड़ा. विवाद का बड़ा कारण उन दो किरदारों को लेकर है, जिनपर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा निशाना साध रहे हैं.

इसीलिए विपक्षी पार्टियां असम BJP और BJP सरकार के मुख्यमंत्री हिमंता को घेर रही हैं. विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि वीडियो में देश के अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया गया. न्यायपालिका से भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Advertisement

8 फरवरी को कांग्रेस ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी BJP पर हमला बोलते हुए कहा कि BJP असम यूनिट के पब्लिश किए वीडियो में अल्पसंख्यकों की टार्गेटेड पॉइंट ब्लैंक हत्या दिखाई गई है. कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले में अदालत को बिना किसी नरमी के कार्रवाई करनी चाहिए. कांग्रेस ने X पर लिखा,

"नरेंद्र मोदी ने अपने नेताओं को नफरत फैलाने की खुली छूट दे रखी है. असम के BJP ऑफिशियल हैंडल से किया गया पोस्ट इसका सबूत है- जिसमें CM हिमंता बिस्वा सरमा 'पॉइंट-ब्लैंक' पर अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं.

ये बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है. BJP सत्ता के लिए समाज में जहर घोल रही है, लोगों को हिंसा के लिए भड़का रही है. उसकी इस शर्मनाक करतूत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

इससे पहले भी मोदी के लाडले हिमंता ने मुसलमानों के खिलाफ खुलेआम बयान देकर, उन्हें परेशान करने की बात कही थी. नफरत BJP के DNA मे हैं. ऐसी विचारधारा देश के लिए जहर है, जिसे परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए."

congress Himanta Biswa Sarma
कांग्रेस का पोस्ट. (X @INCIndia)

कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस मुद्दे पर BJP की आलोचना की. उन्होंने X पर लिखा,

"एक ऑफिशियल BJP हैंडल ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें अल्पसंख्यकों का टारगेट करके 'पॉइंट-ब्लैंक' मर्डर दिखाया गया है. यह नरसंहार के लिए उकसाने के अलावा और कुछ नहीं है - यह एक ऐसा सपना है जिसे यह फासीवादी सरकार दशकों से देख रही है.

यह कोई मामूली वीडियो नहीं है जिसे ट्रोल कॉन्टेंट समझकर नजरअंदाज कर दिया जाए. यह जहर सबसे ऊपर से फैलाया जा रहा है और इसके लिए सजा मिलनी चाहिए."

KC Venugopal Himanta Biswa Sarma
केसी वेणुगोपाल का पोस्ट. (X @kcvenugopalmp)

कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी आगे कहते हैं,

"इस बात की कोई उम्मीद नहीं है कि (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी इसकी निंदा करेंगे या इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे, लेकिन न्यायपालिका को कार्रवाई करनी चाहिए और इस मामले में कोई नरमी नहीं दिखानी चाहिए."

इसी तरह की आलोचना में थोड़ा और स्पेसिफिकली जाते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि उस विवादित वीडियो को सिर्फ डिलीट कर देना काफी नहीं है. X पर की गई अपनी पोस्ट में सुप्रिया श्रीनेत कहती हैं,

"वह वीडियो डिलीट करना जिसमें असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा मुस्लिम आदमियों को 'पॉइंट ब्लैंक शॉट' कैप्शन के साथ गोली मारते हुए दिख रहे हैं, काफी नहीं है. BJP असल में ऐसी ही है: बड़े पैमाने पर हत्यारे. यह जहर, नफरत और हिंसा आपकी वजह से है, मिस्टर मोदी. क्या कोर्ट और दूसरी संस्थाएं सो रही हैं?"

Supriya Shrinate Himanta Biswa Sarma
सुप्रिया श्रीनेत का पोस्ट. (X @SupriyaShrinate)

अगला रिएक्शन कांग्रेस की स्पोक्सपर्सन शमा मोहम्मद का है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग कर कहा,

"आप 'सबका साथ, सबका विकास' की बात करते हैं, लेकिन आपके पसंदीदा शख्स हिमंता बिस्वा सरमा ने मुसलमानों पर गोली चलाने वाला वीडियो बनाया और उसे BJP असम के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट कराया."

Shama Mohamed Himanta Biswa Sarma
शमा मोहम्मद का पोस्ट. (X @drshamamohd)

शमा आगे कहती हैं,

"यह भारतीय संविधान पर हमला है. मैं हैरान हूं कि भारत का सुप्रीम कोर्ट मूक दर्शक बना हुआ है. अदालत की चुप्पी और उसके स्वत: संज्ञान ना लेने से उसकी भूमिका पर सवाल उठते हैं."

इसी तरह देश की एक और विपक्षी पार्टी शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) यानी Shivsena (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी प्रतिक्रिया दी. BJP की आलोचना में उन्होंने X पर लिखा,

"BJP असम प्रदेश के एक्स हैंडल ने 'पॉइंट ब्लैंक शॉट' टाइटल वाला बेहद नफरत फैलाने वाला टार्गेटेड वीडियो पोस्ट किया; आक्रोश के बाद पोस्ट हटा दी गई, लेकिन वह इतने वक्त तक मौजूद रही कि कई लोगों ने उसे डाउनलोड करके आगे फैला दिया."

Priyanka Chaturvedi Himanta Biswa Sarma
प्रियंका चतुर्वेदी का पोस्ट. (X @priyankac19)

आगे प्रियंका चतुर्वेदी कहती हैं,

"बेशर्मी से चुनाव आयोग नफरत और राजनीतिक निशानेबाजी के इस सबसे घृणित रूप को नजरअंदाज कर देगा. BJP के सामने बिल्कुल 'बेअसर' और 'निष्प्रभावी'.

8 फरवरी को ही जब ये पूरा वाद-विवाद चल रहा था, उसी दिन सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसका टॉपिक कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई को लेकर था. सीएम ने आरोप लगाया कि सांसद गौरव का पाकिस्तान से लिंक है. मगर जिस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर इतनी बहस छिड़ी है, उस पर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.

वीडियो: मुस्लिम वोटर्स के नाम ना काटने पर बीएलओ की पिटाई, वायरल वीडियो का पूरा सच

Advertisement