हरियाणा की एक 23 साल की लड़की से यूपी में रेप की घटना सामने आई है. लड़की का आरोप है कि उसे यूपी के अमरोहा में धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने का झांसा दिया गया. लेकिन बाद में एक फार्म हाउस पर वर्दी पहने तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया. वहीं चौथे व्यक्ति ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. हैरानी की बात ये कि चार आरोपियों में से दो उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी हैं. इसके अलावा बाकी दो आरोपी CRPF के जवान हैं.
यूपी: विधायक के फार्म हाउस पर लड़की को ले गए दरोगा-सिपाही, फिर CRPF जवानों ने किया रेप
Amroha Gangrape: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 23 साल की लड़की के साथ सब-इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल और CRPF के 2 जवानों ने गैंगरेप किया. लड़की हरियाणा की रहने वाली है. आरोप है कि CRPF का इंस्पेक्टर लालाराम लड़की को अमरोहा लेकर आया था. इसके बाद फार्म हाउस पर तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया.

सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) लखन सिंह यादव के अनुसार पीड़ित लड़की फतेहाबाद की रहने वाली है. लड़की से 20 सितंबर को उसकी एक परिचित महिला ने संपर्क किया. उसने पीड़िता को अमरोहा में धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए मुजफ्फरनगर के रहने वाले CRPF इंस्पेक्टर मोहित से मिलने को कहा. वह 21 सितंबर को सोनीपत में मोहित से मिली. इसके बाद दोनों मेरठ गए. मेरठ पहुंचने पर राजस्थान के अलवर का रहने वाला CRPF हेड कॉन्स्टेबल लालाराम यादव भी उनके साथ शामिल हो गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक 22 सितंबर की शाम मोहित और लालाराम लड़की को कार से हसनपुर ले गए. रास्ते में, उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर को भी साथ ले लिया. इसके बाद तीनों उसे अतरासी-हसनपुर रोड पर स्थित एक फार्महाउस ले गए. वहां उन्होंने दो कमरे किराए पर लिए. लड़की की शिकायत के अनुसार, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद ने फार्म हाउस पर ग्रुप के लिए खाने और शराब का इंतजाम किया.
लड़की ने आरोप लगाया कि मोहित, लालाराम यादव और संजय तोमर ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया. उसने पुलिस को बताया कि बाद में प्रमोद कमरे में आया और उसने भी रेप करने की कोशिश की. लेकिन लड़की ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद उसने ऑनलाइन पुलिस हेल्पलाइन का नंबर ढूंढा और सुबह करीब 6 बजे पुलिस से संपर्क किया. हसनपुर और रजबपुर पुलिस स्टेशनों की टीमें फार्म हाउस पहुंचीं. पुलिस ने लड़की को रेस्क्यू कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी लखन सिंह यादव ने बताया,
‘पीड़िता की शिकायत के आधार पर, चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाने और गैंगरेप के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.’
(यह भी पढ़ें: पुलिसवाला बताकर दिल्ली में नाबालिग से किया गैंगरेप, मुठभेड़ के बाद एक आरोपी अरेस्ट)
एसपी ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर के सस्पेंशन के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं CRPF के दो जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश करते हुए CRPF के सीनियर अधिकारियों को भी एक रिपोर्ट भेजी गई है. वहीं हसनपुर कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि जिस फार्महाउस में कथित घटना हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है. पुलिस ने प्रॉपर्टी के मैनेजर से पूछताछ की है और आगे की जांच चल रही है.

इस घटना के बाद विपक्ष भी यूपी सरकार पर हमलावर है. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस पर रिएक्शन देते हुए एक्स पर पोस्ट किया. अखिलेश यादव ने कहा कि जब शासन अपराध पर आधारित होता है, तो पुलिस बल भी भ्रष्ट हो जाता है. अखिलेश यादव ने इसे पुलिस फोर्स पर एक धब्बा बताया. साथ ही अखिलेश ने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐतिहासिक कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो: कालकाजी गैंगरेप केस के बाद दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल









