The Lallantop

इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या पर अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी ने कहा- 'कुछ गलत नहीं हुआ'

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर की हत्या को अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह ने 'सही ठहराकर' विवाद खड़ा कर दिया है.

Advertisement
post-main-image
कंचन कुमारी की हत्या पर अकाल तख्त के ग्रंथी के बयान पर विवाद (फोटोः India Today)

पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी हत्याकांड में अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह के बयान ने बवाल खड़ा कर दिया. मंगलवार 17 जून को मलकीत सिंह ने कंचन की हत्या पर कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं हुआ, जो लोग अश्लीलता फैलाकर धर्मों का अपमान करते हैं, उन्हें इसका परिणाम भुगतना ही चाहिए. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

‘क्वीन’ के नाम से मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर का शव 11 जून को लुधियाना में एक कार में सड़ी-गली हालत में मिला था. पुलिस ने बताया कि उनकी हत्या गला घोटकर की गई थी. 

इंडिया टुडे से जुड़े अमित शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, ज्ञानी मलकीत सिंह ने इन्फ्लुएंसर की हत्या को ‘सही ठहराया’. उन्होंने कहा, 

Advertisement

गुरु ने हमेशा अश्लीलता भरे गीतों से दूर रहने का संदेश दिया है. चाहे उनका धर्म कोई भी हो- हिंदू, सिख या मुस्लिम. किसी भी धर्म के नौजवान को गंदे गीत नहीं सुनने चाहिए.

इन्फ्लुएंसर की हत्या पर मलकीत सिंह ने कहा, 

(हत्या में) कुछ भी गलत नहीं हुआ है क्योंकि जो लोग अपना नाम बदलकर सिख समुदाय को बदनाम करने की कोशिश करते हैं, उन्हें रोका जाना चाहिए.

Advertisement

मलकीत सिंह ने युवाओं से इस तरह के ‘अश्लील कॉन्टेंट देखने-सुनने’ से बचने का भी आग्रह किया.

कार में मिला था शव

लुधियाना की रहने वाली 27 साल की कंचन कुमारी के इंस्टाग्राम पर 3.83 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वह सोशल मीडिया पर अपने ‘बोल्ड कॉन्टेंट’ के लिए जानी जाती थीं. इसे लेकर वह कई बार विवादों में भी रहीं. 11 जून की सुबह बठिंडा के एक मेडिकल कॉलेज कैंपस में खड़ी एक कार में उनका शव मिला था. कार से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी.

प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि हो सकता है कंचन कुमारी की हत्या कहीं और हुई हो, बाद में शव को कार में रखकर मेडिकल कॉलेज के पार्किंग एरिया में छोड़ दिया गया. कार की नंबर प्लेट भी नकली था.

पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि पिछले साल अक्टूबर में कनाडा में रह रहे अर्श दल्ला ने कंचन को ‘अनुचित’ वीडियो पोस्ट न करने की धमकी दी थी. बठिंडा की पुलिस अधीक्षक अमनीत कोंडल ने कहा कि सभी संभावित सुरागों की जांच की जा रही है, लेकिन अभी कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता.

बठिंडा जाने को बोल निकली थीं घर से

कंचन ने अपने माता-पिता को बताया था कि वह 9 जून को बठिंडा जा रही हैं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनका संपर्क टूट गया. पुलिस के अनुसार, वह एक प्रमोशनल इवेंट में हिस्सा लेने गई थीं. 

पुलिस ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरॉन घटना के कुछ घंटों बाद यूएई भाग गया. दो अन्य आरोपी जसप्रीत सिंह और निम्रतजीत सिंह को 13 जून को गिरफ्तार किया गया. जांच में 2 और लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है. पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है.

वीडियो: नाम बदल दिया, लेकिन लंदन वाली एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ नहीं पा रही

Advertisement