The Lallantop

BJP में जाने के कयास पर अजय राय ने जो कह दिया, कांग्रेस वाले चहक उठेंगे

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय के बीजेपी में जाने की अटकलें लग रही थीं. अब एक वीडियो में उन्होंने इन कयासों को खारिज करते हुए राहुल गांधी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि वह आखिरी दम तक कांग्रेस के साथ रहेंगे.

Advertisement
post-main-image
अजय राय ने कहा है कि वो कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे. (फोटो- India today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की कमान अराधना मिश्रा मोना को सौंप दी है, जबकि अजय राय को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया है।
  • इस बदलाव के पीछे यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति और अजय राय को हटाने के निर्णय को माना जा रहा है, जो 2023 से अध्यक्ष थे।
  • अजय राय ने राहुल गांधी के प्रति अपनी वफादारी दोहराई है और कहा है कि वह भविष्य में भी कांग्रेस के लिए काम करेंगे तथा नई अध्यक्ष को समर्थन देंगे।

दो दिन पहले अजय राय कह रहे थे कि उनसे इस्तीफा नहीं मांगा गया है. इसके कुछ देर बाद ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की कमान अराधना मिश्रा मोना को सौंप दी. अभी तक अजय राय इस पद पर थे और कयास लग रहे थे कि उन्हें हटाया जा सकता है. जब ये कयास सच हो गया तो नई अटकलें लगीं कि नाराज होकर अजय राय अब बीजेपी में चले जाएंगे. लेकिन इस बीच उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीर पोछते हुए ऐलान कर रहे हैं कि मरते दम तक वो कांग्रेस के साथ रहेंगे. राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अजय राय ने ये भी कहा कि इसके लिए अगर जान की बाजी लगानी पड़ी तो वो भी लगाएंगे.

Advertisement
‘राहुल गांधी का हनुमान हूं’

दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने यूपी में अपना सेनापति बदला है. पार्टी के सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी अराधना मिश्रा मोना को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है. इस घटना को अराधना मिश्रा की नियुक्ति से ज्यादा अजय राय को हटाने के तौर पर देखा गया, जो 2023 से इस पद पर थे. ये भी कहा गया कि अजय राय को इस ऐलान से पहले भरोसे में नहीं लिया गया. हालांकि, खुद अजय राय ने ये सारी अटकलें खारिज कर दी हैं. उन्होंने खुद को ‘राहुल गांधी का हनुमान’ बताया और कहा कि राहुल जहां भी कहेंगे, वो वहां मौजूद रहेंगे. अजय राय ने कहा, 

मैं निश्चित रूप से अपने नेता राहुल गांधी का 'हनुमान' हूं. वो जहां भी कहेंगे, मैं वहां मौजूद रहूंगा.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े रोशन जायसवाल से खास बातचीत में अजय राय ने कहा कि यह पार्टी का फैसला है. समय-समय पर पार्टी में बदलाव होता रहता है. वो पार्टी के सिपाही हैं और दिन-रात काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने और राहुल गांधी को ताकत देने का काम करते हैं. खुद को हटाए जाने के पीछे के वजह के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि ये पूरी तरह से पार्टी का फैसला है और वह इसे सर-माथे लगाते हैं.

ये भी पढ़ेंः यूपी चुनाव में सपा से गठबंधन के सवाल पर राजभर ने जो बोला, BJP के कान खड़े कर देगा

बीजेपी में जाएंगे?

सवाल हुआ कि क्या अजय राय को कोई और जिम्मेदारी मिलेगी या वो पार्टी की नेशनल टीम में शामिल होंगे. इस पर भी उन्होंने काफी डिप्लोमेटिक जवाब दिया कि इसका फैसला भी पार्टी करेगी. जितनी जिम्मेदारियां उन्हें मिली हैं, उसे उन्होंने बखूबी निभाया है. राय ने कहा, 

Advertisement

हमारा एक ही टारगेट है. बीजेपी को हराना. मोदी को भगाना.   

कयास ये भी लग रहे थे कि नाराज अजय राय बीजेपी में जा सकते हैं. उनसे जब ये सवाल किया गया तो वह राहुल गांधी के साथ अपनी एक तस्वीर को पोछते हुए बोले, 

राहुल गांधी हमारे नेता हैं. हम लोग के आदर्श हैं. यही व्यक्ति है जो पूरे देश को चला सकता है. आखिरी दम तक उनके साथ रहेंगे.

अराधना मिश्रा के लिए क्या कहा?

उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए राहुल गांधी सबसे प्रथम हैं. उनको ही देश का प्रधानमंत्री बनाना है. इसके लिए कुछ भी करना पड़ेगा तो वो करेंगे. जान की बाजी भी लगानी पड़े तो वो लगाएंगे. यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष अराधना मिश्रा को लेकर अजय राय ने कहा कि वह बहुत ही समझदार और काम करने वाली महिला हैं. उनको वह पूरा समर्थन और सहयोग देंगे.

वीडियो: आकाश आनंद ने मायावती पर क्या कह दिया?

Advertisement