ट्रेन में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को आगरा कैंट GRP (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) ने अरेस्ट किया है. उनके पास से 25 लाख रुपये की कीमत की ज्वेलरी जब्त की गई है. इनमें से एक आरोपी NEET क्वालिफाई कर चुका है. उसका कहना है कि वो अब तक 80 लाख रुपये अपनी ‘कैंसर से पीड़ित गर्लफ्रेंड के इलाज में लगा चुका’ है. लेकिन उस पर आरोप है कि कर्ज चुकाने और लग्जरी लाइफ जीने के लिए उसने ट्रेन में चोरी करना शुरू किया था.
ट्रेनों का 'महाचोर' निकला NEET क्वालिफायर, बोला- 'गर्लफ्रेंड को कैंसर है, इलाज में 80 लाख लगा दिए'
Agra Cantt train robbery: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट GRP ने ट्रेन के AC कोचों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया मुख्य आरोपी पुनीत NEET परीक्षा पास कर चुका है.

आरोपियों की पहचान पुनीत और उसके दोस्त आकाश पाल के रूप में हुई है. पुनीत पीलीभीत का रहने वाला है और आकाश लखनऊ का. पुनीत को डॉक्टर बनना था. उसने 2017 में NEET का एग्जाम दिया था, जिसमें वो क्वालिफाई भी हो गया. लेकिन बाद में परीक्षा रद्द हो गई.
25 लाख रुपये की ज्वेलरी बरामदइंडिया टुडे से जुड़े अरविंद शर्मा ने बताया कि मंगलवार, 15 सितंबर की सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा है. उनके पास से लगभग 25 लाख रुपये की कीमत के आभूषण बरामद किए गए हैं. दोनों आरोपी चलती ट्रेनों के AC कोचों में सो रही महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाते थे. उनके बैग में रखे जेवर और नकदी चोरी कर गायब हो जाते थे.
चोरी का भी उन्होंने नियम बना रखा था. एक जिले में चोरी की, तो वहां दोबारा वारदात को अंजाम नहीं देना है. इसी वजह से अलग-अलग जिलों और राज्यों में उनकी गतिविधियों का पता लगाना पुलिस के लिए थोड़ा मुश्किल था. लेकिन अब वे पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.

पुनीत पहले लखनऊ में हुक्का पार्लर चलाता था. लॉकडाउन के बाद उसका पार्लर बंद हो गया. इसके बाद उसने ट्रेनों के AC कोचों में चोरी शुरू कर की. उसका कहना है कि वो एक लड़की को पसंद करता था. उसे कैंसर हो गया. उसके इलाज में लगभग 80 लाख रुपये लगा दिए. पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए ट्रेनों में चोरी शुरू की. चोरी के पैसों से वो लग्जरी लाइफस्टाइल जीने लगे. पार्टी, महंगे कपड़ों और क्लब में पैसा खर्च करने लगे. दावा है कि पुनीत पर अलग-अलग थानों में 27 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिका ने स्पेस में खतरनाक हथियार तान दिया, वजह एक 'लूपहोल' है
पुलिस पूछताछ के आधार पर आरोपियों से जुड़ी चोरी की अन्य वारदातों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस जांच कर रही है कि दोनों ने अब तक कितनी ट्रेनों और किन-किन शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. गर्लफ्रेंड पर 80 लाख रुपये लगाने के दावे की भी जांच की जाएगी. फिलहाल, दोनों को जेल भेज दिया गया है.
वीडियो: पहले गाने से माहौल बनाने के बाद 'रामायण' अब क्या बड़ा खेल खेलने वाली है?












