हरियाणा के यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज पर सेना की ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मंगलवार रात 1 पैरा स्पेशल फोर्सेज के पांच जवान यमुना में वाटरमैनशिप ट्रेनिंग कर रहे थे. इसी दौरान सेना की नाव में तकनीकी खराबी आ गई. तेज बहाव नाव को बैराज के डाउनस्ट्रीम हिस्से की तरफ खींच ले गया. देखते ही देखते स्थिति ऐसी बनी कि पांचों जवान पानी की तेज धार में फंस गए.
हथनीकुंड बैराज पर ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा, यमुना में बहे 2 पैरा SF कमांडो, 3 ने तैरकर बचाई जान
हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथनीकुंड बैराज पर सेना की वाटरमैनशिप ट्रेनिंग के दौरान नाव पलटने से 1 पैरा स्पेशल फोर्सेज के दो जवान यमुना में लापता हो गए. पांच जवान ट्रेनिंग में शामिल थे, जिनमें से तीन तैरकर सुरक्षित निकल आए. सेना, वायुसेना, NDRF, SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं.

स्लुइस गेट के पास पलटी नाव, दो जवान लापता
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नाव को वापस निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बैराज के स्लुइस गेट के आसपास पानी के तेज भंवर में नाव फंस गई. इसके बाद नाव पलट गई और उसमें सवार जवान तेज धारा में बह गए. रक्षा जनसंपर्क अधिकारी, चंडीगढ़ की ओर से जारी बयान में बताया गया कि “इस घटना में दो जवान अभी लापता हैं. वहीं तीन जवान तैरकर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे.”
सेना से लेकर NDRF तक, पूरा सिस्टम तलाश में जुटा
हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना के साथ NDRF, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की SDRF, स्थानीय पुलिस और सिविल प्रशासन की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हैं. दो हेलीकॉप्टरों की मदद से बैराज और उसके आसपास के डाउनस्ट्रीम इलाकों की हवाई निगरानी भी की जा रही है. तलाश सिर्फ यमुना तक सीमित नहीं है, बल्कि पानी के बहाव के साथ जुड़े नहर क्षेत्रों को भी कवर किया जा रहा है.
हरियाणा से यूपी तक नहरों में भी चल रही तलाश
रेस्क्यू टीमें हथनीकुंड बैराज से आगे हरियाणा की तरफ जाने वाली वेस्टर्न यमुना कैनाल और उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाली ईस्टर्न जमुना कैनाल के आसपास भी जवानों की तलाश कर रही हैं. पानी की रफ्तार कम करने के लिए सेना के अनुरोध पर हरियाणा के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने बैराज और वेस्टर्न यमुना कैनाल में पानी का डिस्चार्ज भी कम किया है. अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे तलाशी अभियान को ज्यादा सुरक्षित और प्रभावी तरीके से चलाने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें: 13 साल तक हार्ट सर्जरी का इंतजार, AIIMS में 15 साल की तन्वी की मौत, पिता ने उठाए गंभीर सवाल
लापता जवानों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लापता दोनों जवानों को खोजने में जुटी हैं. स्थानीय पुलिस अधिकारी ने भी मीडिया से पुष्टि की है कि संयुक्त अभियान जारी है. उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में दोनों लापता जवानों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. सर्च ऑपरेशन जारी है और एजेंसियां नदी, नहरों और बैराज के आसपास के संभावित इलाकों में लगातार तलाशी ले रही हैं.
वीडियो: LOC से LAC तक दुश्मन पर कहर बरपाएंगे ‘भैरव कमांडो’, जानिए स्पेशल फोर्स क्या है खास?












