The Lallantop

बिना जिम जाए भी रहना है हेल्दी तो ये 5 टिप मान लीजिए!

पहली टिप. अपने खाने-पीने का एक रुटीन बनाइए. यानी ब्रेकफ़ास्ट, लंच और डिनर का एक टाइम तय करिए. बाकी की टिप्स जानने के लिए पढ़ें पूरा आर्टिकल.

Advertisement
post-main-image
जिम जाए बिना भी हेल्दी रहा जा सकता है

कई लोग वज़न घटाने के लिए जिम जाते हैं. कई लोग हेल्दी रहने के लिए. लेकिन, हेल्दी रहने के लिए सिर्फ जिम जाना ज़रूरी नहीं है. आप बिना जिम में मोटी फ़ीस खर्चा किए, अपनी सेहत बना सकते हैं. कैसे? डॉक्टर तुषार तायल की ये 5 बातें मानकर.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
dr tushar tayal
डॉ. तुषार तायल, कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, सी.के. बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम

पहली टिप. अपने खाने-पीने का एक रुटीन बनाइए. यानी ब्रेकफ़ास्ट, लंच और डिनर का एक टाइम तय करिए. फिर उसी टाइम पर खाना खाइए. इससे शरीर का मेटाबॉलिज़्म बेहतर होगा. नतीजा? आपका वज़न कंट्रोल में रहेगा. साथ ही आप अनहेल्दी स्नैकिंग से भी बचे रहेंगे.

दूसरी टिप. हेल्दी खाइए और बाहर की चीज़ों से दूरी बनाइए. आपके खाने में सभी ज़रूरी पोषक तत्व होने चाहिए. जैसे प्रोटीन, फाइबर और विटामिंस आदि. हेल्दी चीज़ें खाने से पूरा दिन एनर्जी महसूस होती है. आप बीमार भी कम पड़ते हैं. प्रोटीन और फाइबर पेट में जाकर धीरे-धीरे टूटते हैं. इससे खाने को पचने में ज़्यादा टाइम लगता है. लिहाज़ा पेट भी देर तक भरा रहता है. जिससे भूख देर से लगती है. आप ओवरईटिंग नहीं करते. प्रोटीन के लिए पनीर, अंडा, दूध, दही, सोयाबीन, मेवे, टोफू, बीन्स, मीट और मछली खाए जा सकते हैं. वहीं फाइबर के लिए मिलेट्स, दालें, चना, राजमा, पालक, गाजर और पपीता जैसी चीज़ें खा सकते हैं. हेल्दी चीज़ें खाने का सबसे अच्छा तरीका है कि खाना घर पर ही बनाएं. इससे खाने में तेल, मिर्च-मसाले और नमक का कंट्रोल आपके हाथ में होगा.

Advertisement
portion control
हेल्दी रहने के लिए डाइट का बैलेंस्ड होना ज़रूरी है

तीसरी टिप. पोर्शन कंट्रोल करें. यानी खाना कितनी मात्रा में खा रहे हैं, उसका ध्यान ज़रूर रखें. हमारी एक बड़ी खराब आदत है! सब कुछ भर-भर के लेने की. कभी चावल प्लेट भर कर ले लिए. कभी सब्ज़ी भर ली. ये न करें. हेल्दी रहने के लिए डाइट का बैलेंस्ड होना भी ज़रूरी है. आपकी आधी प्लेट में सब्ज़ियां और सलाद होने चाहिए. एक चौथाई में प्रोटीन और बाकी हिस्से में कार्बोहाइड्रेट, जैसे चावल और रोटी होने चाहिए.

चौथी टिप. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. एक दिन में कम से कम 8 गिलास पानी पीना ज़रूरी है. यानी दिन का करीब 2 लीटर. कई बार ज़रूरत भर पानी न पीने पर भूख लगने लगती है. दरअरसल, हमारे दिमाग का हाइपोथैलेमस हिस्सा भूख और प्यास, दोनों को कंट्रोल करता है. कई बार प्यास लगने पर दिमाग को मिक्स्ड सिग्नल मिलने लगते हैं और वो प्यास को भूख समझने लगता है. इसलिए, ज़रूरी है कि आप पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.

पांचवी टिप. घर पर ही एक्सरसाइज़ करें. देखिए, जिम न जाने का मतलब ये नहीं कि घर पर आलस करना है. आप रोज़ थोड़ी फिज़िकल एक्टिविटी ज़रूर करें. पार्क में टहलने जाएं. लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करें. योग करें. कोई गेम खेल सकते हैं. जैसे क्रिकेट या बैडमिंटन वगैरह. डांसिंग कर सकते हैं. एरोबिक्स कर सकते हैं.

Advertisement

अगर डेस्क जॉब है. यानी कई घंटों तक बैठकर काम करते हैं. तो हर 1 घंटे के बाद 2-3 मिनट के लिए टहलें और थोड़ी स्ट्रेचिंग करें. यानी थोड़ी ही सही, लेकिन एक्सरसाइज़ ज़रूरी है.

वीडियो: सेहतः शादी में जाना है? ये करिए, चमक उठेगा चेहरा

Advertisement