Yo Yo Honey Singh पर एक इवेंट एजेंसी के मालिक ने उनके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए थे. हनी सिंह ने अब अपना पक्ष रखा है. आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है. विवेक रवि रमण नाम के शख्स ने कहा था कि हनी सिंह की टीम ने उन्हें एक होटल में ज़बरदस्ती बंधक बनाकर रखा. वहां उनके साथ मारपीट की और दो दिन बाद उन्हें छोड़ा. विवेक ने मुंबई के BKC पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत भी दर्ज करवाई. हालांकि पुलिस ने अब तक किसी भी पार्टी के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की है.
हनी सिंह ने किडनैपिंग, मारपीट करने वाले आरोपों को फर्ज़ी बताया, कहा - "मेरी टीम मानहानि का केस ठोकेगी"
इवेंट एजेंसी के मालिक ने हनी सिंह की टीम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे.
.webp?width=360)

हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी सफाई पेश की. लिखा,
मेरे खिलाफ हुई शिकायत और आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं. शिकायतकर्ता और मेरी कंपनी के बीच कोई कनेक्शन नहीं है. जैसा कि मीडिया सुबह से दिखा रही है. मुंबई वाले शो के लिए मुझे ट्राइब-वाइब नाम की प्रतिष्ठित कंपनी ने एंगेज किया था, जो बुक माय शो की सिस्टर कंपनी है. जितने समय के लिए भी हमें परमिशन मिली थी, उतनी देर मैंने परफॉर्म किया. बाकी सारे आरोप फर्ज़ी हैं और मेरी छवि खराब करने के मकसद से किए जा रहे हैं. मेरी लीगल टीम ऐसे लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी कर रही है.
# पूरा मामला क्या है?
विवेक ने अपनी शिकायत में बताया था कि वो Festivina Music Festival नाम के इवेंट के ओनर हैं. उन्होंने बताया कि बीती 15 अप्रैल को उन्होंने Yo Yo Honey Singh 3.0 by Festivina नाम का म्यूज़िक फेस्टिवल ऑर्गनाइज़ किया. विवेक के मुताबिक इवेंट वाले दिन वो वेन्यू पर पहुंचे. वेंडर्स ने उनकी पेमेंट क्लियर नहीं की थी. इस बात पर दोनों पार्टियों में बहस हुई. उन्होंने बताया कि शो के टिकट सेलिंग पार्टनर उन्हें पैसा देने वाले थे. लेकिन उन्हें कोई पैसा नहीं मिला. चूंकि पैसा नहीं मिला तो उन्होंने इवेंट कैंसल कर डाला. परफॉर्म करने वाले सभी आर्टिस्ट्स को बता दिया कि इवेंट कैंसल कर दिया गया है.
विवेक रवि रमण की शिकायत के अनुसार हनी सिंह का क्रू इस बात पर नाराज़ हो गया. विवेक ने अपनी शिकायत में आगे बताया,
मुझे हनी सिंह और उनके क्रू मेम्बर्स में शामिल रोहित छाबड़ा, अक्षत जैसवाल, राहुल जैसवाल, इंदरजीत सुनील, निखिल, अरविंदर खेर, अरुण कुमार और अक्षय मेहरा ने धमकाया, मारा और किडनैप किया. मुझे किडनैप कर के सफेद फॉर्चूनर गाड़ी से MMRDA से सहर के JW मेरियट ले जाया गया. वहां मुझपर मुक्कों, लातों से हमला किया गया. गैरकानूनी ढंग से मुझे अगले दो दिनों तक वहां बंद रखा गया.
विवेक रमण ने बताया कि उनके साथ हुई हिंसा के बाद उन्होंने तमाम वेंडर्स को फोन किया. और कहा कि इवेंट कैंसल नहीं होगा. इसके बाद वो म्यूज़िक फेस्टिवल ऑर्गनाइज़ किया गया. उनका कहना है कि इवेंट भले ही ऑर्गनाइज़ किया गया लेकिन उनकी पेमेंट अभी तक क्लियर नहीं की गई है. हनी सिंह ने इन तमाम आरोपों को निराधार बताया है. भले ही पुलिस ने अभी इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की है. लेकिन वो अभी जांच कर रहे हैं.
वीडियो: हनी सिंह के ऐसे 6 ऐसे गाने जो आपको पता भी नहीं होगा कि उन्होंने गाए हैं






















