The Lallantop

'है जवानी तो इश्क होना है' पिटी, वरुण धवन बोले- ऐसी फिल्में अब नहीं करूंगा

ऐसी चर्चा है कि अब वरुण धवन ऑपरेशन सिंदूर पर बनने वाली विवेक अग्निहोत्री की फिल्म में काम कर सकते हैं.

Advertisement
post-main-image
वरुण धवन की लेटेस्ट रिलीज को बॉक्स ऑफिस पर ठंडा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फोटो- Pinterest

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • वरुण धवन ने कहा है कि 'है जवानी तो इश्क होना है' के खराब रिस्पॉन्स के बाद वह अब ऐसी फिल्में नहीं करेंगे और उनका अगला प्रोजेक्ट इन फिल्मों से पूरी तरह अलग होगा।
  • फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को रिलीज़ के बाद नकारात्मक समीक्षाएं मिलीं और बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई उम्मीद से कम रही, जिसके चलते वरुण ने अपनी फिल्में बदलने का निर्णय लिया।
  • फिल्म के कमजोर व्यापार के कारण वरुण धवन के आने वाले प्रोजेक्ट की दिशा बदलने की संभावना है, जो कि उनके करियर में बदलाव की शुरुआत हो सकती है।

Varun Dhawan की Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai पहले 'चुनरी चुनरी' गाने के रिमेक के लिए ट्रोल हुई. फिल्म रिलीज हुई तो इसको बुरे रिव्यूज़ मिले. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म की हालत खस्ता ही रही. फिल्म को मिल रहे ठंडे रिस्पॉन्स के बीच अब वरुण धवन ने कहा है कि वो अब ऐसी फिल्में नहीं करेंगे. एक्टर ने कहा कि उनका जो अगला प्रोजेक्ट होगा वो उनकी हाल-फिलहाल की फिल्मों से बिल्कुल अलग होगा. 

Advertisement

बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में वरुण ने अपने करियर में ड्रामा और कॉमेडी के बीच बैलेंस बनाने को लेकर भी बात की है. उन्होंने कहा,

'मुझे कॉमेडी बहुत पसंद है. अगर कोई मुझे हंसा सकता है, तो मैं उनकी कद्र करता हूं. हां, मैं मानता हूं कि गंभीर विषयों पर फिल्में बननी चाहिए. बल्कि, 'है जवानी तो इश्क होना है' के बाद मैं एक ऐसी फिल्म करने जा रहा हूं, जो इससे बिल्कुल अलग होगी. लेकिन ज़िंदगी में हंसी और खुशियां होना भी उतना ही ज़रूरी है.'

Advertisement

ये फिल्म कौन सी है, वरुण ने इस पर साफ-साफ कुछ नहीं कहा. नाही उन्होंने इसका हिंट दिया कि किस फिल्ममेकर या बैनर तले ये फिल्म बन रही है. मगर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि ये मैडॉक फिल्म्स की 'भेड़िया 2' या फिर ऑपरेशन सिंदूर पर बनने वाली विवेक अग्निहोत्री की फिल्म हो सकती है.

वैसे अगर गौर करें तो वरुण धवन ने अपने करियर में अलग-अलग तरह की फिल्मों में काम किया है. उनकी फिल्मोग्राफी में 'मैं तेरा हीरो', 'जुड़वा 2' है तो 'बदलापुर' और 'अक्टूबर' जैसी फिल्में भी हैं. 'भेड़िया', 'सूई धागा' और 'बवाल' इस लिस्ट में शामिल हैं. 'है जवानी तो इश्क होना है' के साथ वरुण ने एक बार फिर रॉम-कॉम जॉनर में वापसी की. इस फिल्म को वरुण के पिता डेविड धवन ने डायरेक्ट किया है. इस फिल्म का टाइटल 1999 में आई 'बीवी नं. 1' के फेमस गाने ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से इंस्पायर्ड है.  'बीवी नं. 1' भी डेविड धवन ने डायरेक्ट की थी.

बॉक्स ऑफिस पर ठंडा रिस्पॉन्स

'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड रोल प्ले कर रहे हैं. उनके अलावा मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, चंकी पांडे, कुब्रा सैत और जॉनी लीवर भी अहम किरदारों में हैं. ये फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म ने अब तक 32 करोड़ रुपये के आसपास का नेट कलेक्शन किया है. 10 जून को खबर लिखे जाने तक फिल्म सवा करोड़ के लगभग कमा पाई थी. रिलीज से अब तक हर दिन की कमाई कुछ ऐसी रही है-

Advertisement

शुक्रवार- 7.50 करोड़ रुपए 
शनिवार- 7.50 करोड़ रुपए 
रविवार- 9 करोड़ रुपए 
सोमवार- 3.50 करोड़ रुपए
मंगलवार-3.85 करोड़ रुपए
बुधवार- 1.28 करोड़ रुपए* (शाम 6 बजे तक)

टोटल- 32.63 करोड़ रुपए

(सभी आंकड़े इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क डॉट कॉम के मुताबिक)

जिस पेस से फिलहाल इसकी टिकटें बिक रही हैं, उस हिसाब से फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 50 करोड़ रुपए के पार जाना भी मुश्किल लग रहा है. अब देखना ये होगा कि आने वाले वीकेंड पर फिल्म को कैसा रिस्पॉन्स मिलता है. 

वीडियो: Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai के टीजर पर वरुण धवन किससे भिड़ गए?

Advertisement