The Lallantop

सलमान खान के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बनी 'टाइगर 3'

दिवाली के दिन दो फिल्मों ने मिलकर कमाई का जो रिकॉर्ड बनाया था, Tiger 3 ने उससे डबल कमाई कर डाली है.

Advertisement
post-main-image
'टाइगर 3' के एक सीन में सलमान खान.

Tiger 3, Salman Khan के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन गई है. इंडस्ट्री ट्रैकर sacnilk.com के मुताबिक इस फिल्म ने पहले दिन देशभर से 44.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. इसमें 43.20 करोड़ रुपए फिल्म के हिदी वर्ज़न से आए हैं. इसके अलावा हिंदी सिनेमा इतिहास में 'टाइगर 3' दिवाली के दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है. इससे पहले 2012 में दो फिल्मों ने मिलकर दिवाली के दिन रिकॉर्ड कमाई थी. Shahrukh Khan की 'जब तक है जान' और Ajay Devgn की 'सन ऑफ सरदार' ने क्लैश करते हुए लक्ष्मी पूजन के दिन 22 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे. तीसरे नंबर पर थी Hrithik Roshan की Krrish 3, जिसने 2013 में दिवाली वाले दिन 15 करोड़ रुपए कमाए थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'टाइगर 3' सलमान खान के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है, जो उन्होंने साल के सबसे कमज़ोर दिन पर हासिल की है. सलमान की टॉप 5 ओपनिंग पाने वाली फिल्में आप नीचे जान सकते हैं-

1) टाइगर 3- 44.50 करोड़ रुपए 
2) भारत- 42.30 करोड़ रुपए 
3) प्रेम रतन धन पायो- 40.35 करोड़ रुपए 
4) सुल्तान- 36.54 करोड़ रुपए 
5) टाइगर ज़िंदा है- 34.10 करोड़ रुपए

Advertisement

वहीं 'टाइगर 3' कटरीना कैफ के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है. उनकी 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' ने पहले दिन देशभर से 52.25 करोड़ रुपए की कमाई की थी.

भले 'टाइगर 3' सलमान खान के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग हो. मगर हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्मों की लिस्ट में ये टॉप 5 में भी नहीं है. इस लिस्ट में शाहरुख खान की 'जवान' पहले नंबर पर है. एटली डायरेक्टेड इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 75 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया था. इसमें से 65.50 करोड़ रुपए फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने कमाए थे. दूसरे नंबर पर शाहरुख की ही 'पठान' का नाम दर्ज है. स्पाय यूनिवर्स की पिछली फिल्म ने देशभर से 57 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे. इसमें से 55 करोड़ रुपए फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने कमाए थे. मगर ये दोनों ही फिल्में 2023 में रिलीज़ हुई थीं. इससे पहले शाहरुख खान की कोई भी फिल्म पहले दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की टॉप 5 लिस्ट में नहीं थी.

ख़ैर, सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली हिंदी फिल्मों की फेहरिस्त में तीसरे नंबर पर है KGF 2 जिसके हिंदी वर्ज़न ने पहले दिन 53.95 करोड़ रुपए का कारोबार किया था. 51.60 करोड़ रुपए की ओपनिंग के साथ चौथे नंबर पर है ऋतिक रौशन की 'वॉर'. पांचवें नंबर पर है 'ठग्स है हिंदोस्तान', जिसके हिंदी वर्ज़न ने 50.75 करोड़ रुपए कमाए थे. 'टाइगर 3' के हिंदी वर्ज़न ने 43.20 करोड़ रुपए की कमाई की है. इसी के साथ वो इस लिस्ट में छटे नंबर पर पहुंच गई है.

Advertisement

पहला दिन तो लक्ष्मी पूजन के चक्कर में निकल गया, ऐसे में 'टाइगर 3' के लिए दूसरा और तीसरा दिन बहुत अहम हो गया है. क्योंकि ये छुट्टी वाले दिन हैं. दूसरे दिन के लिए देशभर से 'टाइगर 3' के 7 लाख टिकट अडवांस में बुक हो चुके हैं. जिससे फिल्म ने 18 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. मगर ये देखना होगा कि दूसरे दिन कितने लोग स्पॉट बुकिंग करते हैं. स्पॉट बुकिंग मतलब थिएटर में जाकर टिकट खरीदना. अंदाज़न दूसरे दिन ये फिल्म 50 से 60 करोड़ रुपए के बीच कमाई कर सकती है. ट्रेड के जानकार लोगों का मानना है कि सलमान खान की ये फिल्म शुरुआती तीन दिनों में देशभर से 165 करोड़ रुपए कमा सकती है.  

'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रेवती, विशाल जेठवा, कुमुद मिश्रा, अनंत विधात और रणवीर शौरी जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 

Advertisement