Siddharth Malhotra और Tamannaah Bhatia की फिल्म The Vvaan आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई. ये पटना में बिहटा के पास स्थित 500 साल पुराने वन देवी मंदिर से जुड़ी लोक कथा पर आधारित है. फिल्म का कॉन्सेप्ट लोगों को पसंद आया था. मगर आज सिनेमाघर में इसे देखने के बाद वो क्या कह रहे, जानते हैं.
सिद्धार्थ मल्होत्रा-तमन्ना भाटिया की 'द वन' देखकर निकली जनता ने क्या बताया?
लोगों का कहना है कि फिल्म का विषय अच्छा था. मगर मेकर्स इसे सही तरीके से पर्दे पर नहीं उतार पाए.

एक यूजर ने लिखा,
"वन अब तक काफी फीकी लग रही है. इसे देखना ऐसा है जैसे आप धीरे-धीरे दीवार पर रंग सूखते हुए देख रहे हों. हैरानी की बात ये है कि मूवी में मनीष पॉल सबसे ज्यादा हंसा रहे हैं. उनसे कॉमेडी की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी. बाकी फिल्म अभी तक काफी साधारण लग रही है."

दूसरे ने कमेंट किया,
"द वन बहुत खराब फिल्म है. ऐसा लगता है जैसे किसी टीवी सीरियल को बड़े पर्दे पर दिखा दिया गया हो. एक्टिंग, स्क्रीनप्ले, म्यूजिक, सिनेमैटोग्राफी और डायरेक्शन- लगभग हर चीज़ खराब या बदतर लगती है. मनीष पॉल ठीक-ठाक लगे हैं. सुनील ग्रोवर विलन के रोल में फिट नहीं बैठते. सिद्धार्थ मल्होत्रा की परफॉर्मेंस भी काफी बुरी है."

तीसरे यूजर ने फर्स्ट हाफ देखकर लिखा,
"फिल्म शुरुआत से अपने कोर सब्जेक्ट पर बनी रहती है. कुछ मेटा ह्यूमर अच्छे हैं और स्वदेश का रेफरेंस भी बढ़िया लगा. अभी तक स्क्रीनप्ले कसा हुआ है और पहला हाफ एक नई मिस्ट्री के साथ खत्म होता है."

चौथे ने अपनी राय देते हुए कहा,
"ये 2026 की सबसे खराब फिल्मों में से एक है. TVF को मूवीज़ की बजाय पंचायत जैसे शोज़ ही बनाने चाहिए. वही उनकी ताकत है. अगर भक्ति और आस्था वाले विषय ठीक से संभाल नहीं सकते, तो उसे जबरदस्ती नहीं ठूसना चाहिए. और सिद्धार्थ भाई, अब फिल्में भूल जाओ. उसकी जगह कियारा आडवाणी के साथ फैमिली व्लॉग शुरू करो. शायद वहां ज्यादा दर्शक मिल जाएं."

पांचवें यूजर ने मूवी को मिक्स्ड रिव्यू देते हुए कहा,
"वन का सब्जेक्ट ऐसा है, जिसे बेहतर ढंग से पेश किया जा सकता था. लेकिन मेकर्स ऐसा करने में नाकाम रहे. फिल्म की प्रोडक्शन क्वालिटी कमजोर लगती है. AI का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल भी ओवरऑल एक्सपीरियंस को खराब करता है. असली लोकेशन पर शूट किया जाता तो फिल्म बेहतर लगती. सिद्धार्थ मल्होत्रा अच्छे लगते हैं. कॉमेडी और स्क्रीनप्ले काफी फीके हैं. कहानी में दम था, लेकिन मेकर्स ने उसे मजबूत करने की जगह फिल्म को लाउड और ग्रैंड बनाने पर ज्यादा ध्यान दिया है."

'द वन' को दीपक कुमार मिश्रा ने डायरेक्ट किया है, जिन्हें 'पंचायत' और 'परमानेंट रूममेट्स' के लिए जाना जाता है. TVF के फाउंडर अरुणाभ कुमार ने एकता कपूर के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है. सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा इस मूवी में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी ने काम किया है.
वीडियो: कैसी है सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'थैंक गॉड'?









