सुपरहीरोज़ को लेकर आपके मन में जितनी पॉजिटिव इमेज हैं, The Boys उसका एंटी-थीसिस है. इस शो के सुपरहीरोज़ गालियां देते हैं. आम लोगों को मारते हैं. महाचंट एक नंबर के हैं. और उनका कोई ईमान-धर्म भी नहीं. Marvel-DC के सुपरहीरोज़ पर व्यंग्य कसने वाला ये शो अपनी शार्प पॉलिटिकल कमेंट्री के लिए जाना जाता है. अब इस शो की कहानी पूरी हो चुकी है. मगर जाते-जाते इसने फिनाले एपिसोड में कुछ ऐसा कर दिया, जिसने दुनिया के सबसे अमीर आदमी Elon Musk बुरी तरह चिढ़ा गए. जिस वक्त हम ये खबर लिख रहे, उस वक्त X पर उनकी और The Boys के शो-रनर Eric Kripke में तू-तू मैं-मैं चल रही है. सवाल उठता है कि आखिर उस एपिसोड में ऐसा क्या दिखाया गया, जिसने मस्क इतने नाराज़ हो गए?
'द बॉयज़' में ऐसा क्या दिखा दिया कि होमलैंडर को लेकर शो के मेकर्स से भिड़ गए एलन मस्क?
'द बॉयज़' ने डॉनल्ड ट्रम्प और एलन मस्क पर तगड़ा तंज कसा है.


*Spoilers Ahead*
# होमलैंडर, सुपरमैन की जगह बन गया डॉनल्ड ट्रम्प की पैरोडी
अगर आपने ‘द बॉयज़’ नहीं देखा, तो बता दें कि इसका लीड कैरेक्टर और मेन विलन होमलैंडर है. ये किरदार सुपरमैन की पैरोडी है. सुपरमैन जहां लोगों को बचाने के लिए अपनी जान लगा देता है, वहीं होमलैंडर एक मीम पर भी सामने वाले की जान ले सकता है. खैर, शो का फाइनल सीजन क्या था, कैसा था, उस पर अलग से बात करेंगे. फिलहाल मस्क वाले मुद्दे पर आते हैं. हुआ ये कि फाइनल सीजन में मेकर्स ने होमलैंडर के कैरेक्टर को सुपरमैन से ज्यादा डॉनल्ड ट्रम्प की पैरोडी बना दिया. प्रेस कंट्रोल, विक्टिम नैरेटिव, कल्ट फैनबेस तो बहुत नॉर्मल बातें थीं, जो दोनों में समान दिखाई गईं. असल मुद्दा था खुद को 'भगवान' साबित करने की ज़िद.
# ‘द बॉयज़’ के अंतिम एपिसोड में क्या हुआ?
आपको याद होगा कि ट्रम्प ने एक दिन रैंडमली सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था. वही पोस्ट, जहां उन्होंने खुद को जीसस क्राइस्ट के रूप में दिखाया था. 'द बॉयज़' के फाइनल सीजन में होमलैंडर भी खुद को भगवान साबित करने की कोशिश में लगा है. एक सीन में तो उसे जीसस से ताजपोशी करते हुए भी दिखाया जाता है. जो भी हो, कहानी के अंत में कुछ ऐसे होता है कि होमलैंडर की शक्तियां छिन जाती हैं. वो लड़ाई से भागने की कोशिश करता है. मगर उड़ नहीं पाता. जान बचाने के लिए वो अपने दुश्मन बिली बूचर के सामने घुटनों पर बैठता है. गिड़गिड़ाता है. मगर बिली उसकी एक नहीं सुनता और सीधे उसकी खोपड़ी खोल देता है. लिटरली.
# क्या ‘द बॉयज़' ने एलन मस्क पर भी व्यंग्य किया?
अब इस सब में एलन मस्क कहां से आ गए? तो इसका जवाब शो के फाइनल एपिसोड में है. दरअसल, एक सीन में मेकर्स एक नए कैरेक्टर गुंटर वान एलिस को इंट्रोड्यूस करते हैं. ये रोल 'द बॉयज़' के राइटर गार्थ एनिस ने निभाया है. खैर, गुंटर को शो में दुनिया का सबसे अमीर आदमी बताया गया है. उसके 17 बच्चे भी होते हैं. मेकर्स उसे एमेच्योर एस्ट्रोनॉट बताते हैं. साथ ही उसे एक ऐसे के तौर पर दिखाया गया है, जो वाइट सुप्रीमेसी का समर्थक है. एक तरह से ये एलन मस्क पर आधारित किरदार था. गुंटर को एक काली टोपी में दिखाया जाता है. ठीक उसी तरह, जैसा मस्क अक्सर खुद भी पहनते हैं. टोपी पर We Believe In Homelander लिखा होता है. चूंकि मस्क खुद भी ट्रम्प के समर्थक हैं, इसलिए लोगों को ये समझते देर नहीं लगी कि ये कैरेक्टर मस्क की ही पैरोडी है.

# एलन मस्क ने ‘द बॉयज़' पर क्या कहा?
ज़ाहिर है कि ये बातें मस्क को पसंद नहीं आईं. इसलिए जब सोशल मीडिया पर एक यूजर ने होमलैंडर के उड़ न पाने और गिड़गिड़ाने वाले सीन की आलोचना की, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने X पर लिखा,
"एरिक क्रिप्के केवल अपनी कायरता दिखा रहे हैं. वो खुद होते तो यही करते."

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने इस शो को 'पथेटिक' यानी वाहियात बतलाया. इंटरनेट पर होमलैंडर के मीम्स काफी पॉपुलर हैं. उन्हें कनेक्ट करते हुए उन्होंने फिर लिखा,
“शायद होमलैंडर वाले मीम्स की वजह से एरिक क्रिप्के को अपनी पत्नी के बॉयफ्रेंड से डांट पड़ी होगी. इसलिए उन्हें ऐसी माफ़ी मांगने वाली एंडिंग लिखनी पड़ी.”

# एरिक क्रिप्के ने एलन मस्क को क्या जवाब दिया?
उन्होंने इसे 'पथेटिक' कहने के बाद अपना सेकेंड बेस्ट रिव्यू बताया. इतने में 'द बॉयज़' के क्रिएटर एरिक क्रिप्के ने जवाब दिया,
"ओह माय गॉड! द बॉयज़ ग्रुप ने होमलैंडर के साथ जो किया, एलन मस्क का ये रिव्यू उस पर है. इससे बेहतर रिव्यू मुझे कभी नहीं मिलेगा."

कुल मिलाकर, 'द बॉयज़' की एन्डिंग चाहे जैसे हुई हो, इसने अमेरिकी पॉलिटिक्स के कुछ तार जरूर छेड़ दिए हैं. मस्क ने इंटरनेट पर इस शो के खिलाफ़ हल्ला बोल दिया है. साथ ही जिस तरह क्रिप्के ने उन्हें जवाब दिया, लगता है कि ये मामला और बढ़ने वाला है.
वीडियो: सबसे चहेते Avenger सुपरहीरो Robert Downey Jr बने सबसे बड़े विलेन, जानें Dr. Doom की पूरी कहानी





















