थलपति विजय बड़े स्टार हैं. उनकी फिल्म 'लियो' कमा भी बढ़िया रही है. छह दिनों में फिल्म ने 249 करोड़ का डोमेस्टिक कलेक्शन कर लिया है. इस पर विस्तार से आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं. अब आते हैं असली खबर पर. 'लियो' का म्यूजिक दिया है, अनिरुद्ध ने. इसका एक गाना Ordinary Person हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज किया गया है. इस पर म्यूजिक चुराने का आरोप लग रहा है. कई लोग इसे 'पीकी ब्लाइंडर्स' से कॉपीड बता रहे हैं. आइए पूरा मामला समझाते हैं.
थलपति विजय की फिल्म 'लियो' ने 'पीकी ब्लाइंडर्स' का म्यूजिक चोरी कर लिया!
'लियो' में 'जवान' वाले अनिरुद्ध ने ही म्यूजिक दिया है. उन पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है. इस पर 'पीकी ब्लाइंडर्स' के कम्पोजर का भी बयान आया है.


अनिरुद्ध ने हाल ही में 'जवान' का म्यूजिक दिया. इसके अलावा वो विजय की कई फिल्मों का म्यूजिक दे चुके हैं. 'जेलर' का म्यूजिक भी अनिरुद्ध ने ही दिया था. 'लियो' का म्यूजिक उन्होंने ही दिया है. 23 अक्टूबर को उन्हीं का कम्पोज किया गया एक गाना Ordinary Person सोनी ने अपने यूट्यूब पर डाला. इसके बाद से ही बवाल मचा हुआ है. इसके कॉमेंट में लोग लिख रहे हैं कि इसे 'पीकी ब्लाइंडर्स' के ट्रैक 'वेयर आर यू' से कॉपी किया गया है. आप यूट्यूब पर जाएंगे, तो Where Are You के कमेन्ट बॉक्स में भी लोग यही लिख रहे हैं कि हम 'लियो' का गाना सुनने के बाद यहां आए हैं. अगर आपको थोड़ी-सी भी संगीत की समझ है, तो सीधे तौर पर ये पकड़ में आ रहा है. कि दोनों Ordinary Person और Where Are You में काफी समानता है.
अब हुआ ये कि फैंस बड़े लॉयल होते हैं . इसलिए वो Where Are You के कम्पोजर Otnicka को टैग करने लगे. इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम पर सामूहिक जवाब देना पड़ा.
"दोस्तों, फिल्म 'लियो' के बारे में आपके सैकड़ों मैसेजेस के लिए शुक्रिया. मैं सब कुछ देख सकता हूं, लेकिन हर किसी को उत्तर देना संभव नहीं है. मेल पर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर 'व्हेयर आर यू' के वीडियो नीचे हजारों की संख्या में कमेंट्स आ रहे हैं. अभी स्थिति बहुत अस्पष्ट है. हम इस पर गौर कर रहे हैं. और कुछ समय बाद मैं जो कुछ भी हो रहा है, उसका आकलन करूंगा. लेकिन मैं अभी किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं.
ये भी पढ़ें: थलपति विजय की धाकड़ फिल्म का पहला गाना आया, आते ही लीगल पचड़े में फंस गया
इस सब पर अभी 'लियो' के मेकर्स या फिर अनिरुद्ध का कोई बयान नहीं आया है. बहरहाल जो कुछ भी हो, 'लियो' पैसा बढ़िया कमा रही है. वैरायटी डॉटकॉम की रिपोर्ट के मुताबिक 'लियो' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने लियोनार्डो डिकैप्रियो की फिल्म 'किलर्स ऑफ द फ्लावर मून' तक को पछाड़ दिया है. वैरायटी डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक 'किलर्स ऑफ द फ्लावर मून' ने चार दिनों में 44 मिलियन डॉलर यानी करीब 365 करोड़ रुपए कमाए. वहीं थलपति की फिल्म 'लियो' ने ग्लोबली 48.5 मिलियन डॉलर यानी 402 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
वीडियो: थलपति विजय की फिल्म लियो का वीकेंड कलेक्शन कितने करोड़ रहा?


















