सनी देओल इस समय Gadar 2 के लिए चर्चा में हैं. लेकिन, रविवार, 20 अगस्त को अचानक वो अपने जुहू वाले बंगले को लेकर भी सुर्खियों में आ गए. ऐसा इसलिए क्योंकि बैंक ऑफ बड़ौदा ने बंगले की नीलामी को लेकर नोटिस जारी कर दिया. अब दो रोज बाद इस मामले पर सनी देओल पहली बार कुछ बोले हैं (Sunny deol Juhu Bungalow).
'लोग गलत मतलब निकालेंगे... ', सनी देओल ने 'नीलामी' वाले बंगले पर ऐसा क्यों कहा?
गदर 2 एक्टर सनी देओल पहली बार अपने जुहू बंगले पर बोले हैं


न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार, 22 अगस्त को सनी देओल ने बैंक ऑफ बड़ौदा के नोटिस पर कहा,
“मैं इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं, क्योंकि ये एक व्यक्तिगत मामला है. मैं कुछ भी बोलूंगा, लोग उसका गलत मतलब ही निकालेंगे.”
रविवार, 20 अगस्त को खबर आई थी कि गदर 2 स्टार सनी देओल का जुहू स्थित बंगला नीलाम होने वाला है, क्योंकि उन्होंने बंगले के लिए लिया गया लोन बैंक को नहीं चुकाया है. बैंक ऑफ बड़ौदा ने सनी देओल के बंगले की नीलामी का विज्ञापन अखबार में निकाला था, जिसमें अजय सिंह देओल उर्फ सनी देओल के नाम पर 55 करोड़ रुपये का बंगला बताया गया, जिसे 25 सितंबर 2023 को नीलाम करने की घोषणा की गई. ये बंगला 'सनी विला' के नाम से जाना जाता है और ये गांधी ग्राम रोड़ नॉर्थ मुंबई में स्थित है.

इसके अगले ही दिन दूसरी खबर आई इसमें कहा गया सनी देओल के जुहू बंगले की नीलामी अब नहीं होगी. बैंक ऑफ बड़ौदा ने ई-ऑक्शन का नोटिस वापस ले लिया. इसकी वजह टेक्निकल बताई गई. सोमवार, 21 अगस्त को बैंक ने एक और नोटिस निकाला, जिसमें कहा गया कि कुछ तकनीकी वजहों के चलते बंगले की बिक्री का नोटिस वापस ले लिया गया है.
सनी देओल को ब्याज सहित कितनी रकम चुकानी है?गदर फेम सनी देओल ने मुंबई के इस आलीशान बंगले को खरीदने के लिए एक बड़े अमाउंट का लोन लिया था और उन्हें 55.99 करोड़ रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा को ब्याज के साथ देने थे, जिसे वह अब तक नहीं चुका पाए. ऐसे में बैंक ने विज्ञापन के जरिए इसकी नीलामी की जानकारी दी. इसकी नीलामी के लिए बेसिक प्राइस 51.43 करोड़ रुपये रखा गया है.

बात अगर उनकी फिल्म गदर 2 की करें तो की फिल्म Gadar 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचा रखा है. फिल्म ने अबतक करीब 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है. 11 अगस्त को फिल्म 40.1 करोड़ रुपए की ओपनिंग के साथ खुली. आगे पहले वीकेंड पर भी कमाई दुरुस्त रही. लोग कयास लगा रहे थे कि 15 अगस्त तक फिल्म तगड़ी कमाई करती रहेगी. उसके बाद ड्रॉप आ सकता है. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. उल्टा फिल्म ने अपने दूसरे शनिवार को बड़ा रिकॉर्ड बना दिया. ‘पठान’, ‘बाहुबली 2’, ‘दंगल’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक ‘गदर 2’ अपने दूसरे शनिवार को सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गई है.
वीडियो: सनी देओल पर 56 करोड़ का बैंक लोन बकाया है, अक्षय कुमार उनका घर नीलाम होने से बचाएंगे?




















