सनी देओल की फिल्म 'गदर 2' सुपरहिट हो चुकी है. मूवी की कमाई 400 करोड़ पार चली गई है. साल 2001 में आई 'गदर' भले ही इतना ना कमा पाई हो, मगर उसे भी जनता का खूब प्यार मिला था. उस फिल्म के गाने और डायलॉग्स को लोगों ने पसंद किया था. अब सनी देओल ने बताया है कि भले ही वो वाली 'गदर' सुपरहिट रही हो, मगर उस फिल्म के बाद सनी के करियर का असली स्ट्रगल शुरू हुआ था. उन्हें काम मिलना बंद हो गया था.
'गदर' के बाद मुझे कोई काम नहीं मिला - सनी देओल
उन्होंने कहा कि 'गदर' की री-रिलीज़ के वक्त ही उन्हें और मेकर्स को पता चल गया था कि 'गदर 2' खूब चलने वाली है.
.webp?width=360)

हाल ही में सनी देओल ने बीबीसी यूके को इंटरव्यू दिया है. जिसमें अपनी फिल्मोग्राफी और 'गदर 2' की सक्सेस पर बात की. उन्होंने कहा कि 'गदर' की री-रिलीज़ के वक्त ही उन्हें और मेकर्स को पता चल गया था कि 'गदर 2' खूब चलने वाली है. 'गदर' के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा ,
''उन दिनों मेरी फिल्में, 'घायल', 'घातक', 'अर्जुन' और 'दामिनी' सभी आईकॉनिक हो गई थीं. हमें आइडिया भी नहीं था कि ऐसा होगा. मैं खुद को लकी मानता हूं कि जनता मेरे साथ कनेक्ट कर पाती है. मैं ईमानदारी पर विश्वास रखता हूं इसलिए शायद जनता मुझसे और जुड़ाव महसूस करती है.''
सनी ने आगे जोड़ा,
''मैं बहुत खुश हूं कि सालों की मेहनत और इतने लोगों का हार्डवर्क सफल हुआ. लेकिन जिस वक्त 'गदर' रिलीज़ हुई थी, असल में इतनी सक्सेसफुल होने के बाद भी मुझे काम नहीं मिला था. उस फिल्म के बाद ही मेरा स्ट्रगल स्टार्ट हुआ था. उसके पहले मुझे कोई समस्या नहीं थी लेकिन 'गदर' रिलीज़ होने के बाद मुझे काम मिलना बंद हो गया. चीज़ें उस तरह नहीं हो रही थीं, जैसी होनी चाहिए थी क्योंकि उस वक्त वो फिल्म भयंकर हिट थी.''
जब सनी से पूछा गया कि उन्हें क्या लगता है कि उन्हें काम मिलना बंद क्यों हो गया था, तो सनी देओल बोले,
''मुझे लगता है उस वक्त सब बदल रहा था. हिंदी फिल्म इंडस्ट्री बदलकर बॉलीवुड हो गई थी. यहां बड़े लोग, बड़ी कंपनियां आ रही थीं. सबकुछ बदलने लगा था. मेरे पास कोई प्रोजेक्ट नहीं आ रहा था. अभी मैं उस वक्त के बारे में बात कर सकता हूं लेकिन उस वक्त स्थिति ठीक नहीं थी.''
सनी देओल ने कहा कि हर किसी की ज़िंदगी में अप्स एंड डाउन्स आते हैं. मगर उनका ऐसा मानना है कि बुरे समय को भूलकर आगे बढ़ना चाहिए. खैर, 'गदर 2' पर लौटते हैं तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कमाई कर रही है. 17 दिनों में फिल्म ने टोटल 456 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है.
वीडियो: सनी देओल ने गदर 2 में पाकिस्तान और विलन के चित्रण पर क्या जवाब दिया जो वायरल हो गया















