Shahrukh Khan की फिल्म Jawan का नया गाना आया है. इसका नाम है Not Ramaiya Vastavaiya. मगर ये गाना 'रमैया वस्तावैया' रीमेक ही है. 'जवान' से जैसे-जैसे नए गाने बाहर आ रहे हैं, फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट कम होती चली जा रही है. 'रमैया वस्तावैया' फिल्म से आया, अब तक का सबसे कमज़ोर गाना है. फील ही नहीं आ रही. फोर्स्ड लग रहा है. ऐसा लग रहा है कि मेकर्स 'जवान' को टिकट खिड़की पर सफल बनाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं.
शाहरुख की 'जवान' के नए गाने 'नॉट रमैया वस्तावैया' ने निराश किया?
'जवान' से आने वाले हर प्रोडक्ट को देखकर ऐसा लग रहा है कि मेकर्स बहुत प्रेशर में हैं.


'नॉट रमैया वस्तावैया' को कुमार ने लिखा है. कंपोज़ किया है अनिरुद्ध रविचंदर. इसे अनिरुद्ध ने ही विशाल ददलानी और शिल्पा राव के साथ मिलकर गाया भी है. इस फिल्म से आने वाले हर प्रोडक्ट को देखकर ऐसा लग रहा है कि मेकर्स बहुत प्रेशर में हैं. वो 'पठान' की सफलता को दोहराना चाहते हैं. अनिरुद्ध रविचंदर पर ये दबाव है कि वो शाहरुख खान के लिए गाना बना रहे हैं. एटली को लग रहा है कि वो पहली हिंदी फिल्म बना रहे हैं. इसलिए चीज़ें बहुत फ्री फ्लोइंग तरीके से नहीं हो पा रहीं. आप फिल्म के गानों को देखकर वो वाइब और एनर्जी महसूस कर सकते हैं.
'रमैया वस्तावैया' के लिरिक्स और धुन दोनों ही 'आर. राजकुमार' के गाने 'गंदी बात' से मिल रही हैं.
गंदी बात की हुकलाइन है-
ABCD पढ़ ली बहुत
ठंडी आहें भर ली बहुत
अच्छी बातें कर ली बहुत
अब करूंगा तेरे साथ
गंदी बात, गंदी गंदी गंदी बात
'रमैया वस्तावैया' की हुकलाइन ये है-
पहले किया छैंया छैंया रे
अब करें ता ता थैया
रमैया वस्तावैया, रमैया वस्तावैया
गाने के लिरिक्स में जो अंग्रेज़ी लाइनें हैं, वो जैसी लिखने में लगी होंगी, सुनने में उतनी बैंगर नहीं लग रहीं. अनिरुद्ध ने थलपति विजय के लिए 'बीस्ट' के टाइटल ट्रैक में इंग्लिश लिरिक्स इस्तेमाल किए थे. उसे फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर में भी यूज़ किया गया था. 'जवान' के थीम सॉन्ग में भी वो चीज़ की गई है. वो वहां जम रही है. मगर 'रमैया वस्तावैया' को सुनने के बाद समझ नहीं आया कि क्या फील किया जाए.
'चलेया' इस फिल्म का इकलौता गाना है, जिसे फिल्म से अलग या आगे भी सुना जाएगा. 'ज़िंदा बंदा' के डिफेंस में कहा जा रहा है कि उसे 'थिएटर एक्सपीरियंस' को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. 'नॉट रमैया वस्तावैया' को किस लिहाज से बनाया गया है?
इस गाने की सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें 'जवान' की ट्रेलर रिलीज़ की पक्की तारीख बता दी गई है. गाने के लास्ट में स्क्रीन पर लिखा आता है कि 'जवान' का ट्रेलर 31 अगस्त को रिलीज़ किया जाएगा. 30 अगस्त को फिल्म के सारे गाने रिलीज़ ऑडियो फॉरमैट में रिलीज़ कर दिए जाएंगे. इसके लिए चेन्नई में एक भव्य इवेंट रखा गया है.
'जवान' में शाहरुख खान के साथ विजय सेतुपति, नयनतारा, सान्या मल्होत्रा और दीपिका पादुकोण जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. 'जवान' 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
वीडियो: शाहरुख खान की फिल्म जवान रिलीज़ से पहले ही अपने नाम कौन सा बड़ा रिकॉर्ड कर लिया






















