फिल्मों में इंटीमेट सीन्स को शूट करना एक अलग जिम्मेदारी होती है. मेकर्स को ध्यान रखना होता है कि उसे फिल्माते वक्त एक्टर्स अनकम्फर्टेबल न हों. बावजूद इसके समय-समय पर ऐसे वाकये आते रहे हैं, जहां मामला बिगड़ गया हो. ऐसा एक घटना सीनियर एक्टर Annu Kapoor ने भी सुनाई. उन्होंने बताया कि एक हीरो ऐसे ही किसी इंटिमेट सीन को करते वक्त आउट ऑफ कंट्रोल हो गया था. इस बात से साथ वाली एक्ट्रेस इतनी असहज हुईं कि अगले दो दिनों तक कमरे से बाहर ही नहीं निकलीं.
"एक्टर ने इंटीमेट सीन के दौरान कंट्रोल खो दिया, एक्ट्रेस दो दिन तक कमरे से बाहर नहीं निकली"
अन्नू कपूर ने '7 खून माफ़' के दौरान प्रियंका चोपड़ा वाले किसिंग सीन विवाद पर भी बात की है.


सिद्धार्थ कनन से हुई बातचीत में अन्नू ने बताया,
"मैंने कई बार देखा है कि एक्टर्स इंटिमेट सीन्स के दौरान बहक जाते हैं. इतने कि वो डायरेक्टर के ‘कट’ कहने के बाद भी रुकते नहीं. बहुत से लोग ऐसे मौकों का फायदा उठाते हैं, लेकिन मैंने कभी ऐसा नहीं किया. एक ऐसे ही सीन के दौरान हीरो खुद पर काबू नहीं रख पाया. ‘कट’ बोलने के बाद भी वो नहीं रुका. एक्ट्रेस को खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष करना पड़ा. वो वहां से भाग गई. वो इतना डर गई थी कि अगले दो दिनों तक अपने कमरे से बाहर ही नहीं निकली."
अन्नू ने ये तो नहीं बताया कि वो किस फिल्म और एक्टर्स की बात कर रहे हैं. मगर उन्होंने इतना ज़रूर कहा कि वो एक्ट्रेस उनके बयान से आज भी सहमति जताएंगी. बातचीत के दौरान उन्होंने विशाल भारद्वाज की '7 खून माफ़' पर भी चर्चा की. दरअसल, इस फिल्म की स्क्रिप्ट के हिसाब से प्रियंका चोपड़ा और उनके बीच एक किसिंग सीन लिखा गया था. मगर प्रियंका ने कहा था कि वो ऐसा करने में कम्फर्टेबल नहीं हैं. उस दौर में इस बात पर काफी हो-हल्ला मचा था. पूरे मामले पर रिएक्ट करते हुए अन्नू कहते हैं,
"विशाल भारद्वाज ने कहा कि वो सीन कहानी के लिए जरूरी था, इसलिए उसे हटाया नहीं जा सकता. बाद में उनकी टीम ने मुझे बताया कि प्रियंका उसे लेकर सहज महसूस नहीं कर रही थीं. मैंने इस पर कोई बखेड़ा खड़ा नहीं किया. लेकिन पता नहीं कैसे ये खबर फैल गई. मैंने हमेशा ऐसे सीन बहुत प्रोफेशनल तरीके से किए हैं. अगर किसी एक्ट्रेस को घबराहट होती है, तो मैं उनसे बस इतना पूछता हूं कि क्या वो ठीक हैं. मैं उससे ज्यादा कुछ नहीं पूछता क्योंकि उससे वो और ज्यादा अजीब महसूस कर सकती हैं."
वैसे, ANI के साथ हुए एक अन्य इंटरव्यू में अन्नू ने कहा था कि अगर वो ‘7 खून माफ़’ के हीरो होते, तो शायद प्रियंका को उनसे कोई दिक्कत नहीं होती. उनका कहना था कि शायद उनकी पर्सनैलिटी या लुक्स की वजह से प्रियंका को परेशानी हुई हो. तब उन्होंने ये भी बताया था कि इस बात से प्रियंका काफी नाराज़ हो गई थीं. लेकिन उन्हें कभी समझ नहीं आया कि ऐसा आखिर हुआ क्यों था.
वीडियो: अन्नू कपूर ने कहा कि शाहरुख खान की 'चक दे इंडिया' में फैक्ट बदला गया




















