साल 2004 में Shahrukh Khan की एक फिल्म आई थी. जिसका नाम था Main Hoon Naa. Farah Khan ने इस फिल्म से अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू किया था. शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस Red Chillies Entertainment के बैनर तले बनी ये पहली फिल्म थी. मगर इसकी कास्टिंग को लेकर उस वक्त बड़ी माथापच्ची हुई थी. फराह बताती हैं कि कोई इस फिल्म में काम करने को तैयार ही नहीं हो रहा था.
शाहरुख को लगा कमल हासन उन्हें कभी ना नहीं कहेंगे, मगर कमल ने उनकी फिल्म करने से मना कर दिया
Farah Khan ने बताया कि Main Hoon Naa में विलेन राघवन का रोल कोई नहीं करना चाहता था.

कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा से बात करते हुए फराह खान ने बताया कि 'मैं हूं ना' में विलेन राघवन का रोल कोई नहीं करना चाहता था. इस रोल के लिए पहले नसीरुद्दीन शाह, कमल हासन और नाना पाटेकर को अप्रोच किया गया था. मगर तीनों के साथ ही बात नहीं बन पाई. बाद में ये रोल सुनील शेट्टी ने किया. फराह कहती हैं,
''सुनील शेट्टी वाले पार्ट के लिए बहुत सारे एक्टर्स ने मुझे ना कहा. नसीरुद्दीन शाह ने मुझे ना कहा. फिर हम कमल हासन के पास पहुंचे. मुझे याद है उस वक्त शाहरुख ने मुझसे कहा था कि कमल सर ये फिल्म ज़रूर करेंगे. मैंने उनके साथ 'हे राम' की है. सर मुझे बहुत प्यार करते हैं. वो इस रोल के लिए ज़रूर मान जाएंगे. मगर कमल सर ने ना कर दिया. फिर मैं नाना पाटेकर के पास गई. जिन्होंने हफ्ते भर बाद मुझे मना कर दिया.''
फराह ने आगे बताया,
''नाना पाटेकर ने रोल भले रिजेक्ट कर दिया मगर उन्होंने कुछ अच्छे प्वॉइंट्स मुझे बताए. राघवन के कैरेक्टर को लेकर कई सारी बातें कीं. जिसकी वजह से उसकी बैकस्टोरी डेवलप हुई. मैंने वो सारी चीज़ें फिल्म में डाली. मगर हमें उस कैरेक्टर के लिए कोई एक्टर नहीं मिला. हम चाहते थे विलेन के तौर पर कोई बड़ा एक्टर हो. उसके बाद हम सुनील सर के पास पहुंचे और उन्होंने फिल्म को तुरंत हां बोल दिया. फिर हमने उन्हें उनका लुक दिखाया. जैसा हम फिल्म में चाहते थे. उनके साथ काम करके बहुत मज़ा आया.''
रिपोर्ट्स तो ये भी हैं कि सुष्मिता सेन के किरदार के लिए फराह खान ऐश्वर्या राय को चाहती थीं. मगर उन्होंने भी फिल्म करने से मना कर दिया था. आयशा टाकिया और अमीषा पटेल को अमृता राव वाले रोल लिए अप्रोच किया गया. फिर लक्ष्मण के रोल के लिए ऋतिक रोशन और फरहान अख्तर को अप्रोच किया गया था. मगर उन्होंने भी ये फिल्म रिजेक्ट कर दी थी.
ख़ैर, 'पठान' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' से पहले 'मैं हूं ना' शाहरुख खान की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक थी. साल 2004 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म. फराह खान की इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 84 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया था. फिल्म के गाने पसंद किए गए. खासतौर पर 'चले जैसे हवाएं' और 'तुमसे मिलके'.
वीडियो: बैठकी: शाहरुख खान ने सिद्धांत चतुर्वेदी को मन्नत क्यों बुलाया? गली बॉय में MC शेर का रोल कैसे मिला?









