The Lallantop

"जब शाहरुख स्टार नहीं था, तब उसे फिल्म का पहला ऑफर दिया" - विधु विनोद चोपड़ा

Shah Rukh Khan और Vidhu Vinod Chopra, Munnabhai MBBS पर काम करने वाले थे. लेकिन उससे कई साल पहले शाहरुख को एक और आइकॉनिक फिल्म ऑफर की गई थी.

Advertisement
post-main-image
विधु बताते हैं कि उन्होंने 'दीवाना' और 'बाज़ीगर' से पहले शाहरुख को फिल्म ऑफर की थी.

Vidhu Vinod Chopra के करियर की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में से एक है Munnabhai MBBS. फिल्म के बनने की कहानी भी इतनी रोचक है कि उस पर एक अलग फिल्म बन सकती है. पहले Shah Rukh Khan को साइन किया. Sanjay Dutt जेल में थे और विधु विनोद चोपड़ा ने अनाउंस कर दिया कि वो संजय के साथ फिल्म बनाएंगे. फिर किसी वजह से शाहरुख को फिल्म छोड़नी पड़ी और उनकी जगह संजय दत्त आए. हाल ही में विधु विनोद ने ‘मुन्नाभाई MBBS’, शाहरुख खान और संजय दत्त की कास्टिंग पर बात की. उन्होंने बताया कि शाहरुख के स्टार बनने से पहले ही वो उनको एक फिल्म ऑफर कर चुके थे. 

Advertisement

केलॉग मैनेजमेंट स्कूल के एक इवेंट में विधु ने बताया,       

शाहरुख और मेरा एक इतिहास रहा है. जब मैं ‘1942 अ लव स्टोरी’ बना रहा था, तब मैंने उनका काम देखा था. रेणू सलुजा ‘माया मेमसाब’ नाम की एक फिल्म एडिट कर रही थीं. उस फिल्म में शाहरुख का छोटा-सा रोल था. और मैंने उन्हें एक रोल ऑफर कर दिया था. मैं वो पहला शख्स था जिसने शाहरुख को रोल ऑफर किया. तब तक वो स्टार नहीं बने थे. 

Advertisement

उसके साथ ही उन्होंने ‘मुन्नाभाई’ के कास्टिंग की कहानी सुनाई. बताया,

संजय जेल गए. मैं उन्हें बिल्कुल भी नहीं जानता था. पूरी फिल्म इंडस्ट्री ने उन पर बैन लगा रखा था. लेकिन मुझे लगा कि यह सही नहीं है. इसलिए मैं उनके घर गया और एक फिल्म की अनाउंसमेंट की. उनके पिता सुनील दत्त ने कहा कि मुझ पर भी बैन लगा दिया जाएगा. लेकिन मैंने दत्त साहब को कहा- ‘मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है’.

विधु इस बातचीत में आगे जोड़ते हैं, 

Advertisement

संजय फिर जेल से बाहर आते हैं. मुझे पता चला कि वो मुझसे मिलना चाहते हैं. संजय ये भी चाहते हैं कि मैं उनकी फिल्मों में वापसी करवाऊं. मैंने उनसे कहा कि मैं आपके साथ कभी फिल्म नहीं बनाऊंगा. फिल्म की अनाउंसमेंट इसलिए की क्योंकि वह करना मुझे सही लगा. संजय बहुत ही सरल व्यक्ति हैं. एक अच्छा आदमी. लेकिन एक सिंपल आदमी. उन्हें लगा कि फिल्म का अनाउंसमेंट करने का मतलब है कि मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं. मैने कहा- ‘जब तक इक्वेशन नहीं बदलते हैं, मैं आपके साथ कोई फिल्म नहीं बना सकता हूं. क्योंकि मैं अपनी अच्छी डीड को खराब नहीं करना चाहता हूं’.

फिर विधु ने बताया कि संजय दत्त को ‘मुन्ना भाई MBBS’ में लीड रोल कैसे मिला. विधु कहते हैं,

जब मैंने उन्हें जिमी शेरगिल का किरदार ऑफर किया, वो तुरंत मान गए. इसके कुछ दिनों बाद ही शाहरुख मेरे पास आए. उनके गले में कुछ गड़बड़ थी. इसलिए मैंने फैसला किया कि संजय दत्त ही सही व्यक्ति हैं. मैंने उनसे कहा, 'आप मुन्ना भाई कर रहे हैं.' और वो इतने सिंपल आदमी हैं, उन्होंने कहा, 'मुझे पता है'. मैंने कहा, 'नहीं, वो रोल नहीं. मेन मुन्ना भाई.' उन्होंने कहा, 'ठीक है, अगर आप कहें तो मैं ऐसा करूंगा.

विधु ने आगे कहा, 

संजय कभी भी स्क्रिप्ट नहीं पढ़ते. उन्हें काम पर लेट आने की भी आदत थी. इसके कारण राजू (राजकुमार हीरानी) अक्सर मुझे कॉल करते थे. वो कहते ‘सर, वो (संजय) अभी तक (सेट पर) नहीं आए हैं. जब मैंने उन्हें फोन करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया.

विधु ने बातचीत के अंत में बताया कि रिलीज़ से तीन दिन पहले तमिलनाडु वाले डिस्ट्रिब्यूटर ने फिल्म लेने से मना कर दिया था. उनका मानना था कि ये फिल्म लोगों को समझ नहीं आएगी. उन्हें वो फिल्म 11 लाख रुपये में मिल रही थी. पांच लाख रुपये एडवांस में दिए जा चुके थे. उनके मना करने के बाद विधु ने खुद ही फिल्म को डिस्ट्रिब्यूट किया. जिस फिल्म को वो 11 लाख रुपये में बेच रहे थे, उसकी बदौलत उन्होंने 1.67 करोड़ रुपये कमाए.     
 

वीडियो: ‘12वीं फेल’ IPS की फ़िल्म में विकास दिव्यकीर्ति ने एक्टिंग के लिए विधु विनोद चोपड़ा से डांट खाई?

Advertisement