Shah Rukh Khan स्टारर King को IMDb पर 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म बताया गया है. ये 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. मगर बाज़ार में इसकी हाइप लगातार बनी हुई है. सिर्फ़ फैन्स ही नहीं, डिस्ट्रीब्यूटर्स भी इस मूवी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं. खबर है कि 'किंग' के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स को लेकर कई कंपनियों के बीच मारा-मारी चल रही है. हाल ये है कि मेकर्स को अभी ही 200 करोड़ रुपये से अधिक का अडवांस ऑफर हो चुका है.
'किंग' को मिला ऐसा ऑफर, जिससे शाहरुख एक झटके में फिल्म का आधा बजट वसूल लेंगे!
'किंग' को 350 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट पर बनाया जा रहा है. ये भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी एक्शन फिल्म है.


इससे पहले कि हम खबर में आगे बढ़ें, जानते हैं कि फिल्म बिजनेस में डिस्ट्रीब्यूटर्स का क्या रोल होता है. सरल शब्दों में कहें तो एक डिस्ट्रीब्यूटर का काम बनी-बनाई फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने का होता है. आमतौर पर वो ही ये तय करता है कि फिल्म सिनेमाघरों में आएगी या ओटीटी पर रिलीज़ होगी. आम जन-जीवन में एक डिस्ट्रीब्यूटर मेकर्स से फिल्म लेकर दर्शक तक पहुंचाने में डाकिया का किरदार निभाता है.
यूं समझिए कि 'किंग' के केस में ऐसे कई डाकिया मैदान में उतर आए हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में मूवी के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीदने के लिए AA फिल्म्स, यशराज फिल्म्स (डिस्ट्रीब्यूशन), जियो स्टूडियोज़, PVR-INOX, PEN मरुधर और धर्मा प्रोडक्शंस जैसे बड़े नामों के बीच भिड़ंत चल रही है. यहां PEN मरुधर, जियो स्टूडियोज़ और PVR-INOX रेस के कुछ सबसे बड़े दावेदार बताए जा रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के लिए जो सबसे बड़ा ऑफर आया है, उसके तहत मेकर्स को 200 करोड़ रुपये का अडवांस दिया जाएगा. इसके बाद फिल्म से जो भी कमाई होगी, उसमें से डिस्ट्रीब्यूटर को 8 परसेंट का कमीशन मिलेगा. सवाल उठता है कि 200 करोड़ रुपये का अडवांस देने पर तो डिस्ट्रीब्यूटर्स को नुकसान हो जाएगा? मगर ऐसा आमतौर पर नहीं होता.
‘किंग’ के केस में जिस 200 करोड़ रुपये के अडवांस की बात हो रही है, उसे रिलीज़ के बाद फिल्म के टोटल कलेक्शन से वापस निकाल लिया जाएगा. मान लीजिए कि ये फिल्म 1 हज़ार करोड़ रुपये का बिजनेस करती है. तो पहले उस कमाई से ये 200 करोड़ वापस किए जाएंगे. उसके बाद जो 800 करोड़ रुपये बचे, डिस्ट्रीब्यूटर उससे 8 परसेंट कमीशन कमाएगा. 800 करोड़ का 8 परसेंट कमीशन 64 करोड़ रुपये होता है. यानी इस डील से उसे 64 करोड़ रुपये का फ़ायदा तो होगा ही. साथ ही उसका 200 करोड़ भी वापस आ चुका होगा. ऐसे बिजनेस में डिस्ट्रीब्यूटर का रिस्क कम होता है और फिल्म के हिट होने पर उसे अच्छा मुनाफ़ा भी मिल जाता है.
वैसे, यहां हमने केवल उदाहरण ही दिया है. मेकर्स ने अभी कोई डील फ़ाइनल नहीं की है. आने वाले समय में ये आंकड़ा और बड़ा हो सकता है. 'किंग' के केस में PEN मरुधर को सबसे बड़ा दावेदार बताया जा रहा है. शाहरुख की रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की कई फिल्में PEN ने ही डिस्ट्रीब्यूट की हैं. इनमें 'जवान' और 'डंकी' भी शामिल हैं.
जहां तक YRF स्पाय यूनिवर्स के 'पठान' की बात है, उसे YRF की इन-हाउस टीम ने ही डिस्ट्रीब्यूट किया था. खास बात ये है कि 'किंग' के ओवरसीज़ डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स भी यशराज फिल्म्स ने ही खरीदे हैं. वो 'किंग' के डोमेस्टिक राइट्स पर भी अपनी दावेदारी पेश कर रही है. उसके अलावा PVR-Inox और जियो स्टूडियोज़ भी लगातार जद्दोजहद कर रहे हैं. हालांकि खबर लिख जाने तक मेकर्स ने इनमें से किसी से भी डील पक्की हो जाने की घोषणा नहीं की है.
वीडियो: ‘किंग’ टीज़र में शाहरुख का जलवा, लेकिन कमजोर VFX ने फैंस को किया नाराज़











.webp?width=275)

.webp?width=275)



.webp?width=120)


