The Lallantop

'हम तुम्हारे बाप के...', नीतीश कुमार क्यों तेजस्वी यादव पर बुरा भड़के?

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन Nitish Kumar और Tejashwi Yadav में खूब नोकझोंक हुई. तेजस्वी यादव ने जहां कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया. वहीं नीतीश कुमार ने उन पर सरकार में रहते गड़बड़ी का आरोप लगाया.

Advertisement
post-main-image
बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव में जमकर नोकझोंक हुई. (बिहार विधानसभा)

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच जमकर नोकझोंक हुई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मेरे साथ था तो ठीक था. लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगा और पैसा कमाने लगा तो छोड़ दिए.’

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से कहा, 

चुपचाप बैठ कर मेरी बात सुनो. 6 विधायकों को खींचने के लिए पैसा कहां से लाए थे? गड़बड़ करते थे उसी का ना पैसा था सब. गड़बड़ करते थे, इसलिए तुम लोगों को छोड़ दिए.

Advertisement

मुख्यमंत्री की बात सुनकर तेजस्वी यादव मुस्कुराते दिखे, उन्होंने खड़े होकर कहा, ‘कुछ भी बोलिएगा.’ इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें डांट कर बिठा दिया. तेजस्वी फिर से खड़े होकर कुछ बोलना चाह रहे थे. लेकिन नीतीश कुमार ने रोकते हुए कहा, 

अरे बैठो, तुम बच्चा न है जी. हम तुम्हारे बाप के समय के हैं न. हम तुमको मानते हैं न, तुमको बनाए हैं न.

बेटियों की चीख पर नहीं खुलती नींद : तेजस्वी यादव

Advertisement

इससे पहले राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की दो पहचान हैं. पहला- झूठी वाहवाही और दूसरी- पूरी लापरवाही. इस सरकार की नींद बेटियों की चीख से भी नहीं टूटती है. सदन में अपराध के आंकड़ों को गिनाते हुए तेजस्वी यादव ने सवाल किया,

 कानून का राज कहां है? भाजपाइयों ने लोकतंत्र को GUN तंत्र बना दिया है. 

तेजस्वी यादव ने आगे आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में धनबल और प्रशासन के दम पर एनडीए गठबंधन को जीत मिली है. उन्होंने मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार के सामने राज्य के लिए विशेष दर्जे की मांग उठाने की बात भी कही. भाषण देते वक्त तेजस्वी अपने पैर में लगी चोट के चलते परेशानी में दिख रहे थे. उन्होंने स्पीकर से बैठकर बोलने की अनुमति ली.

नीट छात्रा की मौत को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

5 फरवरी की सुबह बिहार विधानसभा की कार्यवाही की शुरुआत से पहले विपक्षी विधायकों ने विधानसभा के पोर्टिको में प्रदर्शन किया. जहानाबाद की नीट छात्रा के संदिग्ध मौत से जुड़े केस को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार इस केस को दबाना चाहती है. इससे जुड़े सवाल उठाने पर उन्हें पुलिस अधिकारियों का कॉल आता है कि सर इस केस को मत उठाइए. 

वीडियो: राजधानी: पटना में मेडिकल छात्र की मौत पर नीतीश कुमार सरकार चुप क्यों?

Advertisement