Aryan Khan ने अपना प्रीमियम क्लोदिंग ब्रांड शुरू किया है. इसका नाम D'Yavol है. इसके ब्रांड एम्बैसेडर Shah Rukh Khan हैं. शाहरुख इस ब्रांड के ऑफिशियल और अन-ऑफिशियल दोनों तरह के ब्रांड एम्बैसेडर हैं. क्योंक ये उनके बेटे का ब्रांड है. इसीलिए आप शाहरुख को कई मौकों पर D'Yavol की हुडी या टी-शर्ट पहने पाएंगे. ख़ैर बीते दिनों शाहरुख ने इस ब्रांड के लिए एक नया ऐड शूट किया. इस ऐड की एक झलक सामने आई है. इसमें शाहरुख खान एक बार फिर से एक्शन करते दिख रहे हैं. थोड़ा मैजिक का भी पुट है. जिसे देखकर आपको Harry Potter फिल्म सीरीज की याद आ सकती है.
आर्यन की कंपनी के लिए शाहरुख खान ने किया एक्शन, जिसमें 'हैरी पॉटर' वाला पुट भी है
Aryan Khan के ब्रांड D'Yavol का एक वीडियो सामने आया है. ये उस ऐड का टीज़र है, जिसमें Shah Rukh Khan एक्शन मोड में दिख रहे हैं.

ऐड की शुरुआत में दिखता है कि शाहरुख खान, उंगलियों में DY AV OL की अंगूठी पहन रहे हैं. इस दौरान उनका चेहरा नहीं दिखता है. इसके बाद एक लड़की दिखती है, जो जादुई छड़ी (Magic Wand) उठाती है. उस लड़की का भी चेहरा नज़र नहीं आता. इसके तुरंत बाद शाहरुख कैमरे की ओर मुक्का मारते हैं. और ब्लैक आउट हो जाता है. ये उस ऐड फिल्म का टीज़र है. बताया जाता है कि जल्द ही पूरा ऐड रिलीज़ किया जाएगा.
इस ऐड में मैजिक दिखाने की वजह ब्रांड का नाम हो सकता है. रशियन भाषा में D'Yavol का मतलब 'डेविल' होता है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि ये विज्ञापन एंजेल और डेविल जैसे कॉन्सेप्ट पर आधारित हो सकता है.
हाल में GQ के साथ आर्यन खान ने इस ब्रांड और शाहरुख खान के बारे में बात की थी. आर्यन ने इस इंटरव्यू में कहा था-
"मेरे लिए ये बड़ा खुशनुमा और सीखने वाला अनुभव रहा है. लोग हमेशा उनके काम करने के तरीके की तारीफ करते हैं. लेकिन मैंने ये सब काफी करीब से एक्सपीरियंस किया है. ये वाकई बहुत रोमांचक था. उनके पास बहुत जानकारी है, जिससे मेरा काम काफी आसान हो गया. मेरा ब्रांड काफी नया था. जिसके सफल होने में मेरे पिता ने एक खास भूमिका निभाई. वो ब्रांड का चेहरा हैं. उससे ब्रांड का काफी प्रमोशन हुआ. कुछ चीजें हैं, जिन्हें समझने में मुझे काफी वक्त लगता था. वो उनके लिए काफी आसान थीं. मेरे पास सोचने के काफी अलग-अलग तरीके थे और मेरे पिता इसमें काफी मच्योरिटी लाते हैं."
D'Yavol के अलावा 'स्टारडम' सीरीज को लेकर भी आर्यन चर्चा में हैं. आर्यन इस सीरीज़ से बतौर डायरेक्टर अपना करियर शुरू कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीरीज में लक्ष्य ललवानी लीड रोल में दिखेंगे. बताया जा रहा है कि इस सीरीज की कहानी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर आधारित होगी. यानी कैमरा के पीछे की दुनिया कैसे काम करती है. छह एपिसोड की सीरीज में शाहरुख खान, बॉबी देओल, करण जौहर, रणवीर सिंह और रणबीर कपूर के कैमियो की भी खबरें हैं.
शाहरुख खान की पिछली रिलीज फिल्म 'डंकी' थी. वहीं उनके आने वाले किसी प्रोजेक्ट पर ऑफिशियल मुहर नहीं लगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक वो सबसे पहले बेटी सुहाना खान के साथ फिल्म 'किंग' की शूटिंग करेंगे. जो कि इसी साल मई से शुरू होने वाली है. उसके बाद 'पठान 2' और 'टाइगर वर्सज पठान' का नंबर आएगा.
वीडियो: शाहरुख खान ने आर्यन खान को ट्रेन करने के लिए इज़रायली एक्टर-डायरेक्टर लॉयर राज को बुलाया













