The Lallantop

भारी लफड़े में फंस गई शाहरुख खान की 'किंग', एक-दो नहीं, तीन फिल्मों से होगा क्लैश!

शाहरुख खान की 'किंग' का सामना दुनिया की तीन बड़ी फिल्मों से होने जा रहा है. क्या शाहरुख अपनी फिल्म पोस्टपोन करेंगे?

Advertisement
post-main-image
'किंग' को 350 करोड़ रुपये के बजट पर बनाया जा रहा है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी, जो क्रिसमस के दिन Avengers: Doomsday, Dune 3, और Jumanji 3 जैसी बड़ी फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर क्लैश करेगी।
  • शाहरुख खान की फिल्म की रिलीज़ डेट उनकी शोल्डर इंजरी और नवंबर में रामायण फिल्म की रिलीज़ के कारण बदली गई, जिससे 'किंग' को दिसंबर में रिलीज़ करना पड़ा।
  • इस बहुप्रतीक्षित क्लैश के कारण 'किंग' को इंडिया और इंटरनेशनल मार्केट में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा, जिससे इसकी कमाई प्रभावित हो सकती है।

2026 का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश क्रिसमस पर होने जा रहा है. Shah Rukh Khan की King 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. उससे ठीक एक हफ्ते पहले Avengers: Doomsday और Dune 3 जैसी दुनिया की दो सबसे बड़ी फिल्में आने वाली हैं. और जब ये भी कम पड़ा, तो Dwayne Johnson अपनी जंगल एडवेंचर Jumanji 3 लेकर भी क्रिसमस पर ही आ धमके. इस चौतरफ़ा खींचा-तानी ने अभी से थिएटर मालिकों के पसीने छुड़ा दिए हैं. 

Advertisement

शाहरुख ने टाइटल टीज़र रिलीज़ कर बताया था कि वो 'किंग' को 24 दिसंबर को रिलीज़ करेंगे. पहले वो इसे 02 अक्टूबर यानी गांधी जयंती पर लाना चाहते थे. मगर फिर हुई उन्हें एक शोल्डर इंजरी. उस इंजरी ने फिल्म को तो अटकाया ही, साथ ही मेकर्स को भी नई रिलीज़ डेट ढूंढने पर मजबूर कर दिया. शुरुआत में उन्होंने नवंबर में कोई तारीख तलाशने पर माथापच्ची की थी. मगर फिर उन्हें ध्यान आया कि अरे, नवंबर में तो 'रामायण' आने वाली है. अब इतनी बड़ी फिल्म से टकराने का रिस्क भला कोई क्यों ही लेगा. तो बस, शाहरुख ने फैसला किया कि वो एक ठीक-ठाक गैप लेकर 'किंग' को क्रिसमस पर रिलीज़ करेंगे.

वैसे, क्रिसमस पर कोई दूसरी बड़ी इंडियन फिल्म तो थिएटर्स में रिलीज़ नहीं होगी. मगर उससे हफ्ते भर पहले यानी 18 दिसंबर को दो ग्लोबल जायंट्स ज़रूर आने वाली हैं. इनमें से एक तो है मार्वल वालों की 'एवेंजर्स: डूम्सडे'. जिसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर वापसी कर रहे हैं. दूसरी फिल्म है टिमथी शैलमे और डेनि विलनव की 'ड्यून 3'. 'डूम्सडे' में एक्स आयरनमैन यानी रॉबर्ट डाउनी जूनियर का डॉक्टर डूम के गेटअप में पुनर्जन्म होने वाला है. इसलिए मार्केट में इस मूवी को लेकर अभी से माहौल टाइट है. लोगों का बस चले तो वो अभी जाकर सिनेमाघरों में रुमाल डाल दें. पर 'ड्यून 3' भी कुछ कम नहीं है. हाल ही में मेकर्स ने इसका टीज़र रिलीज़ किया था. और भाईसाब, लोग उसे देखकर एकदम सकपका ही गए. बस, यहीं से 'किंग' की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गईं.

Advertisement

हुआ ये कि पहले फैंस को लग रहा था कि शाहरुख का क्लैश भारत में केवल 'एवेंजर्स: डूम्सडे' से होगा. वो सिद्धार्थ आनंद वाली फिल्म को 'ड्यून 3' से सेफ मानकर ही चल रहे थे. लेकिन फिल्म के टीज़र ने उनको थोड़ा सोचने पर मजबूर कर दिया है. खैर, इस मुद्दे पर उनका सोच-विचार चल ही रहा था कि ड्वेन जॉनसन ने नया शिगूफा छेड़ दिया. पहले उनकी फिल्म 'जुमानजी 3' 11 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली थी. मगर अब ये फिल्म 25 दिसंबर को यानी ‘किंग’ के ठीक अगले दिन रिलीज़ हो रही है.

अब सिस्टम कुछ ऐसा बैठा है कि 18 दिसंबर को 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून 3' रिलीज़ होंगी. 24 दिसंबर को 'किंग' और फिर 25 को 'जुमानजी 3'. इस चौतरफ़ा खींच-तान में सबसे ज़्यादा नुकसान शाहरुख खान का होने वाला है. क्योंकि ‘डूम्सडे’, ‘ड्यून 3’ और ‘जुमानजी 3’ इंडिया में ‘किंग’ की कमाई में ठीक-ठाक सेंध मारेंगी. मगर असली दिक्कत इंटरनेशनल मार्केट में आएगी. जब तीन हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइज़ फिल्में रिलीज़ होंगी, तो ‘किंग’ को स्क्रीन्स के लिए तो जूझना ही पड़ेगा. साथ ही उसकी कमाई को भी बड़ा झटका लगेगा. क्योंकि वो विदेशी ऑडियंस के लिए पहली-दूसरी या तीसरी नहीं, बल्कि चौथी पसंद होगी. 

भारत में एक बार को वो 'ड्यून 3' और 'जुमानजी 3' को झेल भी लें. लेकिन 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का क्या करें? उसके केस में तो सिनेमाघर वाले भी नहीं मानेंगे. वहां तो ‘किंग’ के मेकर्स को समझौता करना ही पड़ेगा. इस सिचुएशन में ‘किंग’ के लिए क्रिसमस 2026 की डेट आगे कुआं, पीछे खाई जैसी हो गई है. अब देखना ये होगा कि शाहरुख ‘किंग’ को इसी डेट पर रिलीज़ करते हैं या फिल्म को 2027 के लिए पोस्टपोन किया जाता है. 

Advertisement

वीडियो: शाहरुख खान की किंग के इस एक सीन पर खर्च हो गए 50 करोड़

Advertisement