Deepshikha Nagpal ने Shah Rukh Khan और Salman Khan जैसे एक्टर्स के साथ काम किया. शाहरुख के साथ पहले उन्होंने ‘कोयला’ नाम की फिल्म की. आगे जब शाहरुख ‘बादशाह’ पर काम कर रहे तो उन्होंने मेकर्स को दीपशिखा का नाम रिकमेंड किया. हाल ही में दीपशिखा ने एक इंटरव्यू में शाहरुख और सलमान से जुड़े किस्से बताए हैं. उन्होंने बताया कि कैसे ‘बादशाह’ के बाद उन्हें ‘मोना डार्लिंग’ किस्म के रोल मिलने लगे और उन्हें सभी को मना करना पड़ा. कैसे मुश्किल के वक्त शाहरुख ने उन्हें फिल्म ऑफर की लेकिन वो हिम्मत जुटाकर उनसे मिलने नहीं पहुंच पाईं. सलमान ने उन्हें हाथ जोड़कर पार्टी में आने को क्यों कहा.
"शाहरुख ने फिल्म ऑफर करने के लिए बुलाया, उनसे मिलने की हिम्मत ही नहीं हुई" - दीपशिखा नागपाल
Deepshikha और Shah Rukh Khan ने 'कोयला' में साथ काम किया था. आगे शाहरुख ने ही उनका नाम 'बादशाह' के लिए रिकमेंड किया था.


दीपशिखा ने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में उन्हें कोई मार्गदर्शन करने वाला नहीं मिला. किसी ने नहीं बताया कि कौन-सी फिल्म को हां करना है और किस को मना करना है. उन्होंने खुद से ही हड़बड़ाहट में फैसले लिए और सलमान की फिल्म ठुकरा दी. इस बारे में दीपशिखा बताती हैं:
जब मेरे पास ‘जानम समझा करो’ आई तब मैं ‘बादशाह’ की शूटिंग कर रही थी. बॉबी केंट (प्रोड्यूसर) मुझसे मिलने आए. मैंने पूछा कि क्या रोल है. उन्होंने कहा कि अरे कुछ नहीं, सलमान खान तेरे लिए उर्मिला मातोंडकर को छोड़ देता है और तू शक्ति कपूर के साथ है. मैंने कहा कि मुझे नहीं करनी ये फिल्म. ये क्या रोल हुआ. उन्होंने कहा कि ठीक है, मत कर.
आगे उनसे पूछा गया कि ज़िंदगी में उतार-चढ़ाव के वक्त क्या कभी उन्होंने जाकर शाहरुख या सलमान से बात की. उन्होंने बताया कि शाहरुख ने उन्हें ‘ओम शांति ओम’ के लिए बुलाया था लेकिन वो उनसे मिलने ही नहीं गईं. उन्होंने कहा:
मुझे याद है कि जब शाहरुख ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट करते थे, तब मैं अपने बच्चों को लेकर उनसे मिलने गई थी. शाहरुख बहुत बिज़ी थे. उन्होंने कहा कि दीपशी, मैं एक महीने के लिए ‘ओम शांति ओम’ शूट करने वाला हूं. मुझसे आकर मिलना. मुझसे हिम्मत ही नहीं हुई कि मैं जाकर शाहरुख से बात करूं. मैंने सोचा कि अगर मैं गई और क्या पता कि उसने मुझसे बात नहीं की तो. अगर मुझे नहीं आने दिया तो. खुद के कॉम्प्लेक्स में मैं उनसे मिलने नहीं गई. काश मैं उनसे मिलने चली जाती.

दीपशिखा ने आगे चलकर टीवी शोज़ और फिल्मों में सपोर्टिंग कैरेक्टर्स भी प्ले किए. ‘पार्टनर’ में वो सलमान खान की बहन बनी थीं. उन दिनों को याद कर के वो कहती हैं कि अपनी पर्सनल लाइफ की मुश्किलों के बारे में किसी से बात नहीं करती थीं. सेट पर लोगों से घुलती-मिलती नहीं थी. तब एक दिन सलमान खुद उन्हें पार्टी के लिए बुलाने पहुंच गए. आगे बताया:
‘पार्टनर’ की शूटिंग के वक्त मैंने सलमान को कुछ नहीं बताया. मुझे याद है कि ये लोग रात को पार्टी करते थे. मुझे नहीं पता था कि नीचे सब लोग पार्टी कर रहे हैं. चौथे दिन सलमान ने हाथ जोड़कर कहा कि नीचे आ जाना. मैंने बोला कि आप हाथ क्यों जोड़ रहे हो. मुझे सच में पार्टी के बारे में नहीं पता होता था. मैं बस अपने शूट करती, वर्कआउट करती और सोने चली जाती. मैं किसी से कुछ बोल ही नहीं पाती थी. अब लगता है कि उस वक्त बोल देना चाहिए था.
साल 2019 में दिए एक इंटरव्यू में दीपशिखा ने बताया था कि राकेश रोशन ने उन्हें ‘करण अर्जुन’ में ममता कुलकर्णी वाला रोल ऑफर किया था. लेकिन तब उन्हें फिल्मों में कोई रुचि नहीं थी. इसलिए उन्होंने ‘करण अर्जुन’ को मना कर दिया था.
वीडियो: गेस्ट इन दी न्यूजरूम: रोहित शेट्टी ने अजय देवगन, शाहरुख खान से लड़ाई और सिंघम अगेन पर क्या खुलासे कर दिए?





















