Farhan Akhtar की Don 3 से बाहर होने वाले Ranveer Singh पर FWICE ने बैन लगा दिया. आरोप है कि उन्होंने ये फिल्म शुरू होने से तीन हफ्ते पहले अचानक खुद को इससे अलग कर लिया. इससे फरहान को 45 करोड़ का नुकसान हो गया. मगर न तो वो इंडस्ट्री के पहले एक्टर हैं, जिन्होंने लास्ट मोमेंट पर फिल्म छोड़ी, न आखिरी होंगे. Shah Rukh Khan, Salman Khan और Aamir Khan से लेकर Kartik Aaryan तक, कई नामी-गिरामी चेहरे ऐसा कर चुके हैं. एक नज़र उन चर्चित मामलों पर डालते हैं, जहां एक्टर्स ने ऐन मौके पर बड़ी से बड़ी फिल्म छोड़ दी. और उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ, जो रणवीर के साथ हो रहा है.
रणवीर से पहले वो 11 मौके, जब शाहरुख-सलमान जैसे स्टार्स ने फिल्में छोड़ीं और कोई कुछ नहीं कर पाया
अक्षय कुमार ने तो फिल्म छोड़ने के बाद पब्लिकली कहा था कि उनकी जगह कोई दूसरा एक्टर ये रोल नहीं कर सकता.


# करीना कपूर खान- कहो न प्यार है (2000)
'कहो न प्यार है' से सिर्फ ऋतिक रोशन ही नहीं बल्कि करीना कपूर खान भी अपना डेब्यू करने वाली थीं. उन्होंने कुछ दिनों की शूटिंग कर भी ली थी. मगर तभी उनकी मां बबीता और फिल्म के डायरेक्टर राकेश रोशन के बीच अनबन हो गई. नतीजतन करीना फिल्म से अलग हो गईं. उनके निकलने के तीन दिनों के भीतर ही मेकर्स ने अमीषा पटेल को फिल्म में कास्ट कर लिया. हालांकि अमीषा कहती हैं कि करीना इस फिल्म से खुद नहीं निकलीं बल्कि राकेश रोशन ने उन्हें बाहर निकाला था. ‘कहो ना प्यार है’ के एक सीन में भी करीना नज़र आती हैं.

# शाहरुख खान- रोबोट (2010)
फिल्ममेकर शंकर की बिग बजट फिल्म 'रोबोट' में रजनीकांत नहीं बल्कि शाहरुख खान लीड रोल करने वाले थे. वो इस मूवी के प्रोड्यूसर भी थे. मगर इससे पहले कि फिल्म शुरू होती, वो इससे अलग हो गए. इसके पीछे शंकर से उनके क्रिएटिव डिफरेंस को जिम्मेदार बताया गया. शाहरुख इस मूवी को स्टार्ट टू एंड एक बार में शूट करना चाहते थे. वहीं शंकर वक्त लेकर कई टुकड़ों में काम करने की सोच रहे थे. यही नहीं, शाहरुख फिल्म के VFX का काम हॉलीवुड के स्टैन विंस्टन स्टूडियोज़ से करवाना चाहते थे. मगर शंकर इसके लिए भी तैयार नहीं हुए. इसलिए शाहरुख इस फिल्म से अलग हो गए.

# ऐश्वर्या राय बच्चन- हीरोइन (2012)
करीना से पहले 'हीरोइन' फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन नज़र आने वाली थीं. डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने उस मूवी पर काम शुरू भी कर दिया था. ऐश्वर्या के साथ फिल्म के फोटोशूट्स वगैरह भी हो चुके थे. मगर फिर ऐश्वर्या ने प्रेग्नेंसी का हवाला देकर खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया.

# रेखा- फितूर (2014)
आदित्य रॉय कपूर और कटरीना कैफ स्टारर 'फितूर' में रेखा भी काम कर रही थीं. उन्होंने अपने हिस्से की शूटिंग शुरू कर दी थी. इंटरनेट पर उनकी तस्वीरें भी लीक हुई थीं. मगर फिर उन्होंने खुद को इस फिल्म से अलग कर लिया. पता चला कि वो और डायरेक्टर अभिषेक कपूर उनके कैरेक्टर और लुक को लेकर एकमत नहीं हो पा रहे थे. बाद में उनकी जगह तबू फिल्म का हिस्सा बनीं.

# ऋतिक रोशन- शुद्धि (2014)
करण जौहर, ऋतिक रोशन के साथ 'शुद्धि' नाम की बिग बजट मूवी प्लान कर रहे थे. इसे अनाउंस भी कर दिया गया था. मगर फिर ऋतिक इससे अलग हो गए. उनके इस फैसले के पीछे दो कारण बताए गए. पहला ये कि उन्हें 'बैंग बैंग' फिल्म के दौरान सिर में गंभीर चोट आ गई थी, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करवानी थी. दूसरा कारण ये था कि वो इस मूवी के प्रॉफिट में 40 परसेंट हिस्सा मांग रहे थे, जिसके लिए करण तैयार नहीं हुए. बाद में सलमान खान और करीना कपूर को इसमें कास्ट करने की चर्चा उठी. मगर वो फिल्म आज तक बन नहीं पाई.
# अक्षय कुमार- मोगुल (2018)
टी-सीरीज़ के फाउंडर गुलशन कुमार की बायोपिक 'मोगुल' में अक्षय कुमार लीड रोल प्ले करने वाले थे. ऑफिशियल पोस्टर भी रिलीज़ कर दिया गया था. मगर अक्षय स्क्रिप्ट में दिक्कत बताकर इससे अलग हो गए. उनके इस फैसले ने टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार को काफी नाराज़ कर दिया था. उन्होंने कहा था कि वो इस मूवी में उनसे भी बड़ा स्टार लेकर आएंगे. मगर अक्षय ने पब्लिकली कहा कि उनके अलावा कोई भी ये कैरेक्टर प्ले नहीं कर सकता. अल्टीमेटली ये फिल्म शेल्व ही हो गई.

# आमिर खान- मोगुल (2018)
अक्षय कुमार के 'मोगुल' प्रोजेक्ट से बाहर होते ही टी-सीरीज़ ने आमिर खान को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा. वो एक्टर के अलावा बतौर को-प्रोड्यूसर भी इस मूवी में काम कर रहे थे. फिल्म आगे बढ़ ही रही थी कि इसके डायरेक्टर सुभाष कपूर पर मी टू के आरोप लग गए. नतीजतन, आमिर ने खुद को फिल्म से अलग कर लिया. बाद में भूषण कुमार ने सुभाष को फिल्म से निकाला और आमिर भी वापस लौटे. मगर ये फिल्म आज तक बन नहीं पाई.
# प्रियंका चोपड़ा जोनस- भारत (2019)
सलमान खान स्टारर 'भारत' में प्रियंका चोपड़ा अहम किरदार निभाने वाली थीं. मेकर्स ने उनकी डेट्स भी फाइनल कर दी थीं. मगर उन्होंने लास्ट मोमेंट पर ये फिल्म छोड़ दी. इस बात के लिए प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री ने उन्हें अनप्रोफेशनल कहा था. सलमान भी नाराज़ हुए. लोगों ने अनुमान लगाया गया कि वो अपने स्क्रीनटाइम से नाखुश थीं. मगर फिर पता चला कि वो निक जोनस से सगाई कर रही हैं. जब सलमान को इस बात की जानकारी मिली तो उनकी सभी शिकायतें दूर हो गई. बाद में वो प्रियंका-निक के रिसेप्शन में भी शामिल हुए थे.
# सलमान खान- इंशाअल्लाह (2019)
संजय लीला भंसाली सालों बाद सलमान खान के साथ 'इंशाअल्लाह' नाम की फिल्म बनाने वाले थे. इसमें सलमान के अपोजिट आलिया भट्ट को कास्ट किया गया था. मगर सलमान ने शूट शुरू होने से एक हफ्ते पहले ये फिल्म छोड़ दी. बताया गया कि उनके और भंसाली के बीच कुछ क्रिएटिव डिफरेंसेज़ हो गए थे. सलमान चाहते थे कि मूवी की एंडिंग बदली जाए. मगर भंसाली इसके लिए तैयार नहीं हुए. इन चक्करों में ये फिल्म शेल्व हो गई.
# शाहरुख खान- सारे जहां से अच्छा (2019)
'ज़ीरो' के ठीक बाद शाहरुख खान जनवरी 2019 से 'सारे जहां से अच्छा' की शूटिंग शुरू करने वाले थे. ये स्पेस में जाने वाले भारत के पहले एस्ट्रोनॉट राकेश शर्मा की बायोपिक थी. ‘भोपाल एक्सप्रेस’ वाले महेश मथाई इसे डायरेक्ट करने वाले थे. मगर 'ज़ीरो' पिटी और शाहरुख का एक्टिंग से मन भर गया. उन्होंने प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर को कॉल किया और कहा कि वो एक्टिंग से ब्रेक लेना चाहते हैं. इसके बाद वो अगले चार सालों तक फिल्मों में नहीं आए. और न ये फिल्म बनी.

# कार्तिक आर्यन- दोस्ताना 2 (2021)
करण जौहर के प्रोडक्शन में कार्तिक आर्यन 'दोस्ताना 2' में लीड रोल करने वाले थे. उनेक अलावा लक्ष्य लालवानी और जाह्नवी कपूर भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा थे. फिल्म अनाउंस हुई. 20 दिनों की शूटिंग भी हो गई. मगर फिर कार्तिक इस मूवी से अलग हो गए. बताया गया कि उन्हें फिल्म की स्क्रिप्ट और क्लाइमैक्स से दिक्कत थी. उनके इस फैसले पर तब खूब हो-हल्ला मचा था. इतना कि धर्मा प्रोडक्शंस ने कार्तिक को अनप्रोफेशनल बता दिया. ये फिल्म भी अब तक नहीं बन सकी है.

कुल मिलाकर, एक्टर्स का लास्ट मोमेंट पर फिल्में छोड़ने का मामला कोई नया नहीं है. शाहरुख, आमिर, सलमान, ऐश्वर्या और प्रियंका जैसे बड़े-बड़े नामों ने ऐसा किया है. मगर उनमें से किसी पर भी बैन नहीं लगा. यही कारण है कि जब FWICE ने 'डॉन 3' मामले को लेकर रणवीर सिंह पर रोक लगाने का फ़रमान सुनाया, तो हर तरफ़ बवाल मचने लगा. हालांकि उनके बैन से कुछ ज़्यादा फर्क पड़ता नहीं है. मगर लोगों को कहना है कि अगर पहले कभी किसी के साथ ऐसा नहीं हुआ, तो फिर अचानक रणवीर पर इतना हाय-तौबा क्यों मचा? ऐसा क्यों हुआ, इसका जवाब तो रणवीर या FWICE के मेंबर्स ही दे सकते हैं.
वीडियो: रणवीर सिंह को FWICE ने 'डॉन 3' विवाद में किया बैन, अब क्या होगा?



















