The Lallantop

'टाइगर 3' दिवाली वाले दिन कितना पैसा छापने वाली है?

ट्रेड एक्स्पर्ट्स का मानना है कि 'टाइगर 3' पहले दिन 'पठान', 'जवान' और 'गदर 2' से कम कलेक्शन करेगी. हालांकि उसके अगले दिन ये तगड़ी वापसी करने वाली है.

Advertisement
post-main-image
कहा जा रहा है कि 'टाइगर 3' इस साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में शुमार होने वाली है.

Salman Khan की Tiger 3 दिवाली वाले दिन रिलीज़ हो रही है. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे थे कि इतने बड़े त्योहार पर फिल्म को रिलीज़ करना शायद सही फैसला ना हो. ‘टाइगर 3’ से पहले साल 2023 की तीन बड़ी फिल्में ‘पठान’, ‘गदर 2’ और ‘जवान’ हॉलीडे रिलीज़ेज़ थी. ऐसे में सलमान खान की फिल्म पहले दिन कितने करोड़ जोड़ने वाली है, उसी को लेकर ट्रेड एक्स्पर्ट्स अनुमान लगा रहे हैं. इंडिया टुडे ने ट्रेड एक्स्पर्ट्स अक्षय राठी और रमेश बाला से बात की. उन दोनों का मानना है कि फिल्म पहले दिन 30 से 35 करोड़ रुपए के बीच कमाएगी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अक्षय राठी ने कहा,

त्योहार की तैयारी में लोग व्यस्त रहेंगे. उसका बड़ा असर फिल्म की रिलीज़ के पहले दिन देखने को मिलेगा. फिल्म और फ्रैंचाइज़ी के क्रेज़ को देखते हुए कहा जा सकता है कि ये पहले दिन 30 से 35 करोड़ रुपए के बीच कमाएगी. हालांकि दिवाली का अगला दिन बहुत बड़ा होने वाला है और मुझे उम्मीद है कि उस दिन फिल्म 50 करोड़ का बिज़नेस करेगी. फिल्म बहुत तगड़ा कलेक्शन करेगी. ये बॉलीवुड की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बनने वाली है. 

Advertisement

रमेश बाला का कहना था,

मुझे उम्मीद है कि पहले दिन फिल्म अधिकतम 30 से 35 करोड़ की कमाई करेगी. दुनियाभर में ये एक दिन पहले रिलीज़ होने वाली है. ये शनिवार को रिलीज़ हुई है. उम्मीद है कि ये 75 से 100 करोड़ के बीच का बिज़नेस करेगी. ये ग्रॉस कलेक्शन के आंकड़े हैं. 

रमेश बाला ने आगे कहा कि ‘टाइगर 3’ सलमान खान के लिए अहम फिल्म है. शाहरुख दो 1000 करोड़ी फिल्म दे चुके हैं. ऐसे में कॉम्पीटिशन काफी ज़्यादा है. उन्होंने कहा कि ‘टाइगर 3’ अगर 1000 करोड़ रुपए नहीं भी कमा पाती तो उसे 700 करोड़ का बिज़नेस तो करना ही चाहिए. उन्होंने कहा कि रविवार को दिवाली पूजा की वजह से भले ही फिल्म की कमाई पर असर पड़े. लेकिन सोमवार को फिल्म बड़ी वापसी करेगी. ट्रेड एक्स्पर्ट्स का मानना है कि ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘गदर 2’ के बाद ‘टाइगर 3’ साल 2023 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म होगी. 

Advertisement

बता दें कि ‘टाइगर 3’ से पहले आई ये तीनों फिल्में ही हॉलीडे रिलीज़ थीं. ‘पठान’ ने पहले दिन 57 करोड़ का बिज़नेस किया. 15 अगस्त वाले वीकेंड पर रिलीज़ हुई ‘गदर 2’ 40.10 करोड़ रुपए की ओपनिंग के साथ खुली. वहीं ‘जवान’ पहले दिन 75 करोड़ रुपए के पर्वतनुमा आंकड़े तक पहुंची. ओपनिंग के मामले में ‘टाइगर 3’ इन तीनों से पीछे रहने वाली है. लेकिन ट्रेड एक्स्पर्ट्स का मानना है कि उसके अगले दिन सलमान की फिल्म सॉलिड कमबैक करेगी.                    
 

वीडियो: दी सिनेमा शो: सलमान खान ने बताया, टाइगर 3 मूवी का सबसे मुश्किल सीन कौन सा था?

Advertisement