सलमान खान की फैन फॉलोइंग को कौन नहीं जानता! वो जहां जाते हैं. उनके फैन्स पीछे-पीछे चले आते हैं. आप सोच रहे होंगे, ये सिर्फ़ भारत की बात है. पर ऐसा नहीं है. विदेश में भी उनके फैन उतने ही ऐक्टिव रहते हैं, जितने भारत में. अपनी बात प्रूव करने के लिए आपको एक किस्सा सुनाते हैं. जब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगे सेक्रेट सर्विस एजेंट्स को सलमान खान की सुरक्षा का जिम्मा संभालना पड़ा. ये बात है 'एक था टाइगर' के शूटिंग की.
सलमान फैन्स का ऐसा खौफ, बिल क्लिंटन के सिक्योरिटी गार्ड उधार लेने पड़े
सलमान की फैन फॉलोइंग का ये किस्सा कुछ अलग लेवल है.


दरअसल पूर्व अमेरिकी प्रेसिडेंट बिल क्लिंटन आयरलैंड में थे. वहीं पर सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर की शूटिंग' चल रही थी. इत्तफाकन दोनों ही एक ही होटल में ठहरे हुए थे. उनके कमरे भी एक ही फ्लोर पर थे. सलमान की फैन फॉलोइंग देख क्लिंटन का सिक्योरिटी स्टाफ शॉक्ड था. फैन्स सलमान को देखने और मिलने के लिए होटल में घुसे जा रहे थे.
चूंकि क्लिंटन का स्टाफ किसी को भी उनके नज़दीक आने नहीं देना चाहता था. इसलिए उन्होंने सलमान के तीन दिन की सिक्योरिटी डिटेल्स ली. क्योंकि सलमान तीन दिन आयरलैंड में शूट करने वाले थे. उन्होंने खुद सलमान की सिक्योरिटी की जिम्मेदारी ले ली. ताकि उनके फैन बिल क्लिंटन के नजदीक न आ सकें. हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक एक था टाइगर के डायरेक्टर सलमान वाले फ्लोर पर ही रुके हुए थे. उनका कहना है:
मेरा रूम उसी फ्लोर पर था. उस एरिया को क्लियर रखने के लिए उन लोगों (क्लिंटन का सेक्योरिटी स्टाफ) को सलमान की पर्सनल सेक्योरिटी का भी ख्याल रखना पड़ रहा था. ये अमेजिंग था.
आजकल सलमान 'किसी का भाई किसी की जान' की रिलीज के लिए तैयारी कर रहे हैं. फिल्म इसी बरस ईद के मौके पर रिलीज होने वाली है. फिल्म का गाना 'नइयो लगदा' हाल ही में रिलीज किया गया है. इसमें उनके डांस स्टेप्स को लेकर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. ये फिल्म फैमिली एंटरटेनर है. इसमें ढेर सारे गाने, एक्शन सीक्वेंस और डायलॉगबाज़ी होने वाली है. फिल्म का साउथ कनेक्ट थोड़ा स्ट्रॉन्ग लग रहा है. टीज़र में सलमान 'लुंगी डांस' टाइप एक गाने पर नाचते भी नज़र आ रहे हैं. ये संभवत: वही गाना है, जिसे DSP और यो यो हनी सिंह ने मिलकर बनाया है. फिल्म की सोलो हीरोइन पूजा हेगड़े होंगी. विलन होंगे जगतपति बाबू और अभिमन्यु सिंह. अन्य कलाकार हैं, शहनाज़ गिल, राघव जुयाल, जस्सी गिल, पलक तिवारी और सिद्धार्थ निगम. ये लोग सलमान के किरदार के भाई-बहन के रोल्स में दिख रहे हैं.
'किसी का भाई किसी की जान' को फरहाद सामजी ने डायरेक्ट किया है. इससे पहले वो सोलो डायरेक्टर के तौर पर 'बच्चन पांडे' और 'हाउसफुल 4' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. फरहाद अपने भाई साजिद सामजी के साथ मिलकर 'एंटरटेनमेंट' और 'हाउसफुल 3' जैसी फिल्में भी डायरेक्ट कर चुके हैं. राइटर के तौर पर उन्होंने 'रेडी', रोहित शेट्टी की 'गोलमाल' और 'सिंघम' सीरीज़ से लेकर 'सूर्यवंशी', 'चेन्नई एक्सप्रेस' और 'सिंबा' जैसी फिल्में लिख चुके हैं.
वीडियो: सलमान खान ने जिस स्कार्फ से 'पठान' को बचाया, उसे शाहरुख खान ने अपने पास रख लिया




















