सिनेमा के लिहाज़ से 01 मई साल 2026 की सबसे व्यस्त तारीख है. इस डेट पर कम-से-कम आठ इंडियन और वेस्टर्न फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकरा रही हैं. उनमें Riteish Deshmukh स्टारर Raja Shivaji सबसे बड़ी फिल्म है. फिल्म ने अडवांस बुकिंग में रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन किया. साथ ही पहला दिन बीतने से पहले ही मराठी सिनेमा इतिहास की सबसे तगड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म भी बन गई.
रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' ने पहले दिन इतनी कमाई की कि इसका रिकॉर्ड सालों तक नहीं टूटेगा
'राजा शिवाजी' का अडवांस बुकिंग कलेक्शन भी 'सैराट' के ओपनिंग डे कलेक्शन से कहीं ज्यादा है.


'राजा शिवाजी' एक रीजनल-फर्स्ट प्रोडक्शन है. यानी ये हिन्दी में तो रिलीज़ हुई है, मगर ये मुख्यत: मराठी फिल्म है. फिल्म की अडवांस बुकिंग में इसकी झलक साफ़ दिखाई दी. 2D हिन्दी वर्जन में मूवी ने 34067 टिकटें बेचकर 85.4 लाख रुपये का कलेक्शन किया. वहीं हिन्दी 4DX वर्जन में इसने 243 टिकट्स बेचकर 1.2 लाख रुपये कमाए. दूसरी तरफ़, मराठी वर्जन में इस मूवी ने तमाम रिकॉर्ड्स तोड़ दिए. फिल्म के मराठी 2D वर्जन की कुल 1.6 लाख टिकटें बिकीं. इनसे फिल्म ने 4.2 करोड़ रुपये कलेक्ट किए.
‘राजा शिवाजी’ ने अडवांस बुकिंग में कुल 2 लाख टिकटें बेचकर 5.14 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इसमें से 3.60 करोड़ रुपये अकेले मराठी वर्जन से आए हैं. ब्लॉक्ड सीट्स जोड़ने पर फिल्म का ओवरऑल कलेक्शन बढ़कर 6.54 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है. मराठी फिल्मों के लिहाज़ से ये काफी बड़ा नंबर है. इतना बड़ा कि मूवी ने केवल अडवांस बुकिंग से ही हाइएस्ट ओपनिंग डे कलेक्शन के पिछले सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया.
आज से ठीक 10 साल पहले मराठी फिल्म 'सैराट' ने 3.60 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी. तबसे अब तक हाइएस्ट फर्स्ट डे कलेक्शन का रिकॉर्ड उसी फिल्म के नाम पर था. मगर 'राजा शिवाजी' की अडवांस बुकिंग भी उससे कहीं ज्यादा बड़ी है. जहां तक पहले दिन की बात है, आफ्टरनून शोज़ खत्म होने तक फिल्म ने भारत में नेट 8.52 करोड़ रुपये कमा लिए. इसमें से 6.50 करोड़ मराठी और 2.02 करोड़ हिन्दी वर्जन से आए हैं. अभी फिल्म के इवनिंग और नाइट शोज़ के आंकड़े आने बाकी हैं. यानी ये फिल्म बेहद आसानी से डबल डिजिट तक पहुंच जाएगी. इससे ये अनुमान लगाना कठिन नहीं कि फिल्म के ओपनिंग डे का फाइनल कलेक्शन जो भी होगा, वो मराठी सिनेमा ऑल टाइम हाइएस्ट नंबर होगा.
वीडियो: 1 मई को टिकट खिड़की पर होगा क्लैश, एक साथ 8 फिल्में हो रही रिलीज


















