बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1800 करोड़ रुपये छापने के बाद Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 ओटीटी पर रिलीज़ होने वाली है. इसे Dhurandhar: The Revenge (Raw and Undekha) कहा जा रहा. जैसा नाम से ज़ाहिर है, दर्शकों को इसमें कुछ अनदेखे फुटेज देखने को मिलेंगे. मगर दिक्कत ये है कि ये वर्जन केवल विदेशी ऑडियंस देख पाएगी, इंडियन नहीं.
नेटफ्लिक्स पर आएगा 'धुरंधर 2' का अनदेखा वर्जन, मगर इंडियन ऑडियंस ही नहीं देख पाएगी?
खास बात ये है कि ओटीटी वर्जन ओरिजिनल फिल्म से तीन मिनट लंबा है.


'धुरंधर: पार्ट 1' को डिजिटली नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया था. वहीं सेकेंड पार्ट के लिए मेकर्स ने जियो हॉटस्टार के साथ जाने का फैसला किया. मगर अब अचानक खबर आई है कि मेकर्स इसे भी नेटफ्लिक्स पर ला रहे. सोशल मीडिया पर फिल्म के इस वर्जन के अनाउंसमेंट का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा. उसके मुताबिक, 'धुरंधर 2' का रॉ और अनदेखा वर्जन 15 मई को रिलीज़ होगा. जहां फिल्म के थिएट्रिकल वर्जन का रनटाइम 3 घंटे 49 मिनट का था. वहीं ओटीटी पर इसकी लंबाई 3 घंटे 52 मिनट बताई जा रही है.

इस तीन मिनट के ओटीटी एक्सटेंशन में क्या जोड़ा जाएगा, ये फिल्म देखने के बाद ही बताया जा सकता है. मगर अनुमान है कि इसमें उन गालियों का अनसेंसर्ड वर्जन होगा, जिसे सेंसर सर्टिफिकेशन के दौरान छांट दिया गया था. हालांकि बॉलीवुड हंगामा ने कन्फर्म किया है कि ये नेटफ्लिक्स वर्जन केवल इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए है. यानी इसे विदेशी मार्केट में तो देखा जा सकता है मगर भारत में नहीं. कम-से-कम लीगली तो नहीं.
बताया जा रहा है मेकर्स कुछ समय बाद इसे भारत में भी रिलीज़ कर देंगे. यहां इसे जियो हॉटस्टार पर ही स्ट्रीम किया जाएगा. लेकिन उसमें कोई रॉ और अनदेखा फुटेज होगा या नहीं, इस बात की पुष्टि अब तक नहीं की गई है. जहां तक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात है, 'धुरंधर 2' ने वर्ल्डवाइड 1791 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इस दौरान फिल्म ने भारत में 1365.2 करोड़ और ओवरसीज़ 426.35 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. ये 'पुष्पा 2' और 'बाहुबली 2' को पछाड़कर भारतीय सिनेमा इतिहास की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन चुकी है. इससे आगे केवल आमिर खान स्टारर 'दंगल' है, जिसने वर्ल्डवाइड 2070.3 करोड़ रुपये कमाए थे.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' देखकर विराट कोहली ने क्या कहा?





















