Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 ने एक बहुत बड़ी फतह हासिल कर ली है. रिलीज़ का पहला महीना पूरा होते ही इसने 1750 करोड़ रुपये से अधिक कमा लिए. खास बात ये है कि ऐसा कर इसने Allu Arjun की Pushpa 2 के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया. अब ये देश की टॉप 3 हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की एलिट लिस्ट में शामिल हो चुकी है. 'धुरंधर 2' से ऊपर अब केवल Baahubali 2 और Dangal हैं. संभव है कि अगले एक हफ्ते में ये Prabhas की फिल्म को भी पीछे छोड़ दे.
'धुरंधर 2' ने 'पुष्पा 2' को सबसे कमाऊ टॉप 3 फिल्मों की लिस्ट से बाहर निकाला
'धुरंधर 2' अब 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ने से भी महज 31.42 करोड़ रुपये की दूरी पर है.


18 मार्च को 'धुरंधर 2' के पेड प्रिव्यू रखे गए थे. 19 मार्च को ये ऑफिशियली दुनिया भर में रिलीज़ हो गई. 19 अप्रैल, यानी रिलीज़ के ठीक एक महीने बाद इसने 'पुष्पा 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया. ये एक बड़ी अचिवमेंट है. खासकर ये देखते हुए कि अल्लू अर्जुन की फिल्म ने पिछले दो सालों से बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा था.
साल 2024 में रिलीज़ हुई 'पुष्पा 2' ने भारत में 1471.10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. ओवरसीज़ मार्केट में उसने 271 करोड़ रुपये कमाए थे. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1742.10 करोड़ रुपये रहा. इसके बाद कई छोटी-बड़ी फिल्में रिलीज़ हुईं मगर कोई भी इस रिकॉर्ड के आसपास तक फटक नहीं पाईं. यहां तक 'धुरंधर: पार्ट 1' भी नहीं, जिसने दुनियाभर में 1307 करोड़ रुपये कमाए थे.
जहां तक 'धुरंधर 2' की बात है, इस फिल्म ने सिर्फ भारत में ही 1335.54 करोड़ रुपये छाप दिए हैं. विदेशों में इसने 421.10 करोड़ कमाए, सो अलग. इस तरह पहला महीना पूरा होते ही रणवीर सिंह की फिल्म ने 1756.64 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया. इस दौरान इसने दर्जनों रिकॉर्ड्स तोड़े. मगर सबसे बड़ा हाईलाइट शायद यही है कि इसने 'पुष्पा 2' को देश की टॉप 3 कमाऊ फिल्मों की लिस्ट से बाहर कर दिया.
'धुरंधर 2' से ठीक ऊपर, यानी सेकेंड नंबर पर प्रभास स्टारर 'बाहुबली 2' है. 2017 में रिलीज़ हुई उस मूवी ने वर्ल्डवाइड 1788.06 करोड़ रुपये कमाए थे. रणवीर की फिल्म को इससे आगे निकलने के लिए केवल 31.42 करोड़ रुपये और कमाने हैं. वैसे तो मूवी की रफ़्तार अब काफी धीमी पड़ चुकी है. मगर वो इतनी जरूर है, जिससे अगले एकाध हफ्तों में 'बाहुबली 2' का ये रिकॉर्ड भी टूट ही जाएगा.
'धुरंधर 2' के लिए देश की सेकेंड हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बनना अब ज्यादा कठिन नहीं. मगर 'दंगल', जो देश की सबसे कमाऊ मूवी है, उसका रिकॉर्ड अब शायद ही टूट पाएगा. आमिर खान की उस मूवी ने दुनियाभर में 2070 करोड़ रुपये कमाए थे. इसमें से भारत से 535 करोड़ और ओवरसीज़ मार्केट से 1535.3 करोड़ रुपये आए थे. उसमें भी 1305 करोड़ रुपये अकेले चाइना की देन है. 'दंगल' देश की एकमात्र 2000 करोड़ी फिल्म है. यदि 'धुरंधर 2' को उससे आगे निकलना है, तो उसे 313 करोड़ रुपये और कमाने होंगे. ये अब नामुमकिन-सा है. बशर्ते कल को आदित्य धर इस फिल्म को गल्फ देशों में भी रिलीज़ न कर दें.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' देखकर विराट कोहली ने क्या कहा?






















