The Lallantop

मुकेश खन्ना ने कहा था रणवीर सिंह 'शक्तिमान' नहीं बन सकते, अब रणवीर उनके ऑफिस पहुंच गए

Mukesh Khanna ने Ranveer Singh को सबसे एनर्जेटिक एक्टर बताया. बाकी Shaktimaan की कास्टिंग पर कहा कि ऊंट किसी भी करवट नहीं बैठा है.

Advertisement
post-main-image
साल 2018 में अनाउंस किया गया था कि रणवीर सिंह 'शक्तिमान' बनेंगे.

साल 2018 में खबर चली कि Shaktimaan पर तीन फिल्में बनने वाली हैं. Ranveer Singh उस पॉपुलर किरदार को निभाएंगे. उसके बाद से इस प्रोजेक्ट को लेकर हयार तरह की न्यूज़ आ चुकी है. कभी कहा गया कि किसी दूसरे एक्टर को लिया जाएगा, तो कहीं छपा कि ये फिल्म ही बंद हो गई. बाकी Mukesh Khanna ने भी रणवीर के शक्तिमान बनने वाली खबरों पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा था कि ऐसी इमेज वाला इंसान शक्तिमान नहीं बन सकता. अब वक्त, हालात और जज़्बात बदलते हुए रणवीर मुकेश खन्ना से मिलने उनके ऑफिस पहुंच गए.

Advertisement

22 मई को मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने इससे पहले लोगों से पूछा था कि किसे शक्तिमान बनना चाहिए. उसी के जवाब में ये वीडियो बनाया गया. उन्होंने बताया कि मोहित रैना और विद्युत जामवाल को सबसे ज़्यादा वोट मिले. उन्होंने आगे कहा,

कल-परसों में एक खबर चली कि मुकेश खन्ना को मनाने रणवीर सिंह आए थे. मैं नहीं कहूंगा कि ये कोई अफवाह है. वो आए थे. हमने उनका स्वागत भी किया. वो बड़ी डाइनैमिक शख्सियत वाले इंसान हैं. मेरी उनसे काफी बातचीत हुई. लेकिन जैसे कहा जाता है कि कुछ बातें बताने की होती हैं, और कुछ छिपाने की. जिसे वक्त आने पर बताया जाता है. मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं. वो बहुत डाइनैमिक हैं. मैंने एक बार उन्हें फोन पर भी कहा था कि इंडस्ट्री के सबसे ज़्यादा एनर्जेटिक एक्टर रणवीर सिंह हैं. मैं बस यही कहना चाहूंगा कि ऊंट किसी करवट नहीं बैठा है. अभी मंथन जारी है. 

Advertisement

मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि जैसे ही कोई नाम फाइनल होगा, वो लोगों को ज़रूर बताएंगे. बाकी इससे पहले मुकेश खन्ना ने जब भी ‘शक्तिमान’ फिल्म पर बात की है, तब रणवीर उनके पसंदीदा ऑप्शन नहीं रहे. कुछ महीनों पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में मुकेश ने बिना नाम लिए रणवीर सिंह के बारे में बात की थी. हालांकि उनकी स्क्रीन पर रणवीर सिंह का न्यूड फोटोशूट दिखता है. इससे साफ हो जाता है कि वो रणवीर सिंह की बात कर रहे थे. मुकेश ने कहा था, 

एक एक्टर हैं, जिन्होंने एक मैग्जीन के लिए न्यूड फोटोशूट करवाया है. उसके बाद उनकी ओर से बयान आया कि वो कम्फर्टेबल हैं. उनकी तरफ से बयान आया है कि 'सलमान खान शर्ट उतारता है, तो सीटी बजती है. मैंने पैंट उतार दी, तो इतना बवाल क्यों?' आप जाकर किसी दूसरे देश में रहिए. जहां आज़ादी है. ये बहुत बचकाना है. मर्यादा में रहिए. इसे गुप्तांग कहा गया है. तो इसे गुप्त ही रखिए. यही हमारे स्वस्थ समाज का दृष्टिकोण है.

उसके बाद मुकेश खन्ना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो भी शेयर की थी. इस फोटो में एक तरफ 'शक्तिमान' के रोल में मुकेश खन्ना दिख रहे. जबकि दूसरी ओर आने वाली फिल्म 'शक्तिमान' का एक सीन. इस फोटो पर लिखा था,

Advertisement

अफवाहों पर बुरी तरह से गरजे मुकेश खन्ना. मैं ‘शक्तिमान’ की इज्ज़त से खिलवाड़ करने नहीं दूंगा. 

इस फोटो के साथ कैप्शन में लिखा गया,

पूरा सोशल मीडिया महीनों से इस अफवाह से भरा पड़ा था कि रणवीर सिंह करेगा 'शक्तिमान'. और हर कोई नाराज था इसे लेकर. मैं चुप रहा लेकिन जब चैनल्स ने भी इसका ऐलान करना शुरू कर दिया कि रणवीर सिंह साइन हो गया है, तो मुझे मुंह खोलना पड़ा. और मैंने बोल दिया कि ऐसी इमेज वाला व्यक्ति कितना भी बड़ा स्टार क्यों न हो, 'शक्तिमान' नहीं बन सकता. मैं पीछे हट गया हूं. अब आगे-आगे देखिए होता है क्या?

आगे मुकेश खन्ना ने ये इंस्टाग्राम पोस्ट और यूट्यूब वीडियो डिलीट कर दिए थे. मीडिया रेपोर्ट्स की मानें तो बेज़िल जोसेफ ‘शक्तिमान’ वाली फिल्म को बनाने वाले हैं. फिल्म की शूटिंग 2025 में शुरू हो सकती है.   
 

वीडियो: दी सिनेमा शो: शक्तिमान' का रोल करने वाले मुकेश खन्ना क्यों हो गए रणवीर सिंह पर नाराज

Advertisement