The Lallantop

रणबीर कपूर ने कहा अगर आमिर की सलाह मान लेता, तो आज करियर कहीं और होता

Ranbir Kapoor के फिल्मों में आने से पहले Aamir Khan ने उन्हें एक सलाह दी थी. रणबीर कहते हैं कि अगर उस सलाह को मान लेते तो आज एक बेहतर एक्टर होते.

Advertisement
post-main-image
आमिर और रणबीर ने PK के एक सीन में स्क्रीन शेयर की थी.

Ranbir Kapoor का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. यहां वो कहते हैं कि Aamir Khan ने उन्हें एक सलाह दी थी जिस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया. उन्हें लगा कि उन्हें उस बात की क्या ज़रूरत है. लेकिन आगे जाकर समझ आया कि आमिर की बात सही थी. ये वीडियो साल 2012 में राजीव मसंद की राउंटेबल से है. रणबीर, आमिर खान, इरफान और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी उसका हिस्सा हैं. बातचीत में उनसे पूछा गया कि आपको सबसे खराब एडवाइस क्या मिली है. रणबीर कहते हैं:

Advertisement

मुझे बहुत सारे लोगों ने सलाह देने की कोशिश की है. लेकिन मैंने किसी की सलाह नहीं मानी फिर चाहे वो अच्छी हो या बुरी. लेकिन मुझे एक सलाह याद है जो आमिर सर ने दी थी. ये ‘सांवरिया’ के रिलीज़ होने से पहले की बात है. तब मुझे वो बात बिल्कुल भी समझ नहीं आई. लेकिन अब उसके बारे में सोचता हूं तो सब साफ हो जाता है. उन्होंने कहा था कि एक एक्टर होने के नाते तुम्हें अपना झोला पैक कर इंडिया घूमने निकल जाना चाहिए. तुम लोगों से मिलोगे. किरदारों के करीब जाओगे. मैंने सोचा कि आमिर खान मुझे इंडिया घूमने की सलाह क्यों दे रहे हैं. मैं तो न्यूयॉर्क और लंदन घूमना चाहता हूं. आज जब मैं फिल्मों में काम कर रहा हूं तो मुझे नवाज़ (नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी) और इरफान सर से जलन होती है. क्योंकि वो इस देश के हार्टलैंड से आते हैं. उन्हें कैरेक्टर्स की समझ है. उन्हें भारतीय लोगों और कल्चर की समझ हैं. मैं पाली हिल में बड़ा हुआ हूं. इंडिया को लेकर मेरा विज़न बहुत सूक्ष्म है. काश मैंने वो किया होता. 

बाकी रणबीर के करियर की बात करें तो उनकी पिछली रिलीज़ ‘एनिमल’ ब्लॉकबस्टर थी. फिलहाल वो ‘रामायण’ की शूटिंग कर रहे हैं. इस फिल्म को ऑफिशियली अनाउंस नहीं किया गया है. बाकी सेट से रणबीर और साई पल्लवी की फोटोज़ लीक हुई थीं. फिल्म में वो दोनों राम और सीता बने हैं. हाल ही में खबर आई थी कि ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म होने वाली है.  

Advertisement

बॉलीवुड हंगामा में सूत्र के हवाले छपी रिपोर्ट में बताया गया कि प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा 'रामायण' के ज़रिए भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर ले जाना चाहते हैं. इस फिल्म में उन्होंने 100 मिलियन डॉलर्स इंवेस्ट करने का फैसला किया है. अगर इस रकम को भारतीय करंसी में कंवर्ट करें, तो बनता है 835 करोड़ रुपए. जो इसे भारतीय सिनेमा का सबसे महंगा प्रोजेक्ट बनाता है. दिलचस्प बात ये कि ये बजट सिर्फ 'रामायण पार्ट 1' के लिए है. फिल्म के दूसरे और तीसरे पार्ट पर इससे भी ज़्यादा रकम खर्च करने की बात कही जा रही है.

‘रामायण’ के पहले पार्ट से फारिग होने के बाद रणबीर ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. इसे संजय लीला भंसाली डायरेक्ट करेंगे. फिल्म में रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विकी कौशल भी नज़र आएंगे. 
          
 

वीडियो: रणबीर कपूर की Ramayan बनी भारतीय सिनेमा इतिहास की सबसे महंगी फिल्म, बजट बढ़कर पहुंचा 800 करोड़

Advertisement

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement