लंबे इंतज़ार के बाद Nitesh Tiwari की Ramayana का ट्रेलर आज ब्रह्ममुहूर्त पर रिलीज़ हो गया. सुबह जब लोगों की नींद खुली तो इंटरनेट पर केवल इसकी ही चर्चा थी. हो भी क्यों न. आखिर जनता ने इसमें 'रामायण' का वो रूप देखा, जो आज से पहले कभी नहीं देखा गया था. फिल्म का स्केल बड़ा है. इसके एक्शन सीन्स जबरदस्त लगे हैं. भगवान राम के रोल में Ranbir Kapoor इमोशनल बैलेंस लाते हैं. वहीं Yash रावण बन कर पूरे स्क्रीन पर छा जाते हैं.
'रामायण' का ट्रेलर ऐसा कि देखकर भौचक्के रह जाएंगे
'रामायण' की पूरी स्टारकास्ट एक तरफ और रावण के रोल में यश एक तरफ!

यूं तो 'रामायण' की कहानी क्या है, ये किसी को बताने की जरूरत नहीं. फिर भी हम ट्रेलर का बेसिक प्लॉट बता देते हैं. दरअसल, इसकी शुरुआत रावण से होती है, जो लंबी तपस्या के बाद तीनों लोक पर कब्जा करने निकला है. तीनों लोक माने स्वर्ग, पृथ्वी और पाताल. इस दौरान वो देवराज इंद्र और कुबेर समेत सबको हराकर तीनों लोक का राजा बन जाता है. उसे रोकने के लिए ही भगवान विष्णु रामावतार लेते हैं. आगे क्या होता है, ये हम सबको पता है.
ट्रेलर में फिल्म के बाकी किरदार एक तरफ़ हो गए और यश एक तरफ़. मूवी में उनका स्क्रीन प्रेजेंस इतना जबरदस्त है कि वो आपको यश नहीं, बल्कि रावण ही नजर आने लगता है. एक अभिनेता के लिए इससे बड़ी तारीफ़ शायद कुछ और नहीं हो सकती. जहां तक रणबीर की बात है, ट्रेलर में उनका इन्ट्रोडक्शन सीन अच्छा है. सीता के साथ उनके सभी सीन्स प्यारे लगते हैं. हां, डायलॉग डिलीवरी में रणबीर भी उन्नीस रह गए, लेकिन उसकी भरपाई वो अपने इमोशनल सीन्स से कर देते हैं. ट्रेलर में वनवास से पहले कैकेयी और दशरथ से उनकी बातचीत दिखाई गई है. साथ ही उनके अयोध्या छोड़ने का सीन भी है. उन्हें देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि वो फिल्म के सबसे इमोशनल मोमेंट्स होंगे. इस तरह के इमोशन को रणबीर स्क्रीन पर बखूबी उतारना जानते हैं. फिर भी, भगवान राम का किरदार निभाना कभी आसान नहीं होता. इसलिए हो सकता है कि लोगों को अभी उन्हें इस रोल में एक्सेप्ट करने में थोड़ा समय लग जाए.
‘रामायण’ का स्केल जबरदस्त है. इसका अंदाजा तब लगता है, जब आप ट्रेलर में रावण को स्वर्ग जीतने के बाद ऊंचे महल पर खड़े देखते हैं. नीचे हजारों लोग उसकी जय-जयकार कर रहे हैं. वो सीन भव्य नजर आता है. इंद्र से हुई लड़ाई में जब आप एकाएक पंख फैलाए ऐरावत को देखते हैं, तो उससे नज़र नहीं हटा पाते. फोन पर ट्रेलर देखते हुए फिल्म के स्केल का अनुमान नहीं लगता मगर लैपटॉप या डेस्कटॉप में ये निखर जाता है. ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मूवी बड़े पर्दे पर कितनी अच्छी लगेगी.
यदि आपको याद हो, तो सीता के रोल में साई पल्लवी को कास्ट करने पर मेकर्स की काफी भद्द पीटी गई थी. लोग कह रहे थे कि वो इस किरदार में जमेंगी नहीं. मगर ट्रेलर में वो पहली झलक से ही दिव्य लगी हैं. वो सीता की निश्चलता को स्क्रीन पर बखूबी उतारती हैं. वैसे, महीनों पहले जब 'रामायण' का टीज़र आया था, तो लोगों ने उसके VFX की काफी आलोचना की थी. फिल्म में दिखाए गए राक्षसों को लेकर भी ये शिकायत थी कि वो काफी वेस्टर्न लग रहे हैं. अच्छी बात ये है कि मेकर्स ने जनता के उस फीडबैक को सुना और ट्रेलर को उससे बेहतर बनाया. यदि आप टीज़र और ट्रेलर को साइड बाय साइड कंपेयर करें तो आपको कलर ग्रेडिंग में सुधार नजर आएगा. साथ ही राक्षसों का लुक भी बदला हुआ दिखेगा. ये काफी अच्छा संकेत है. हालांकि फिल्म में जंगल वाले सीन्स अब भी अननैचुरल लग रहे हैं. मेकर्स का उन्हें रियल लोकेशन्स पर शूट न करना काफी अटपटा लगता है. पूरी फिल्म स्टूडियो में शूट की गई है. इस कारण कई जगह पर विजुअल्स खटकते हैं. लेकिन अभी फिल्म की रिलीज़ में तीन महीने बाकी हैं. उम्मीद है कि मेकर्स तब तक इसे भी सुधार लेंगे.
'रामायण' ट्रेलर की सबसे बड़ी खूबियों में इसके एक्शन सीन्स भी हैं. हम सब बचपन से 'रामायण' देखते आए हैं. उसमें हमने रावण को धनुष-बाण चलाते तो खूब देखा, मगर हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट करते नहीं. लेकिन इस फिल्म में हम यश को ऐसा करते भी देखते हैं. ट्रेलर में उनके कुछ फाइटिंग सीन्स हैं, जो जबरदस्त लगे हैं. बड़े पर्दे पर वो और अच्छे लगेंगे. साथ ही सीता हरण के वक्त रावण और जटायु के बीच हुई लड़ाई का भी एक सीन है, जो ट्रेलर में काफी बढ़िया नजर आता है. खुद यश ने भी उसे अपना फेवरेट बताया था. वैसे मेकर्स ने एक्टर्स के कॉस्टयूम्स पर काफी मेहनत की है. अरुण गोविल को छोड़ लगभग सभी किरदारों की वेश-भूषा अच्छी लगती है. रावण के कवच पर तो ट्रेलर में अलग से फोकस भी किया गया है. लेकिन अरुण की नकली दाढ़ी और मुकुट इस बिग बजट फिल्म के हिसाब से काफी ऑड नजर आ रहे.
'रामायण' के इस ट्रेलर में राम, रावण, सीता और लक्ष्मण के अलावा कैकेयी, भरत, मंथरा, मारीच, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और विद्युतजिह्वा जैसे कई कैरेक्टर्स दिखाए गए हैं. लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे अच्छे लगे हैं. उनके चेहरे पर गंभीरता नजर आती है. रकुलप्रीत शूर्पणखा के रोल में फब रही हैं. वहीं उनके पति यानी विद्युतजिह्वा के किरदार में विवेक ओबेरॉय लोगों को सरप्राइज़ कर सकते हैं. ट्रेलर में उनका गेटअप और रावण से उनकी लड़ाई रोचक लग रही है. मगर जनता को इस ट्रेलर से एक बहुत बड़ी शिकायत रहेगी. वो ये कि आखिर हनुमान का रोल कर रहे सनी देओल कहां गायब हैं? हनुमान के बिना 'रामायण' की कहानी पूरी नहीं हो सकती. ऐसे में उनका इस ट्रेलर में नहीं दिखना लोगों को निराश कर सकता है. हालांकि मेकर्स ने उन्हें शायद इस वजह से नहीं दिखाया क्योंकि ये ट्रेलर पहले पार्ट का है. हनुमान का किरदार दूसरे पार्ट में नजर आएगा. शायद इसी वजह से वो इस ट्रेलर में नजर नहीं आए.
वैसे, 'रामायण' के अब तक के जितने एसेट्स आए थे, उनमें हान्स ज़िमर और एआर रहमान के म्यूजिक को लोगों ने काफी पसंद किया था. मगर इस ट्रेलर में उनका बैकग्राउंड स्कोर कुछ खास नयापन लेकर नहीं आता. इस कारण आप ट्रेलर के विजुअल्स से तो इंप्रेस होते हैं, मगर उससे कनेक्ट नहीं कर पाते. हालांकि मेकर्स ने इसका भी अच्छा बंदोबस्त जरूर किया होगा. कुल मिलाकर, 'रामायण' का ट्रेलर बढ़िया है. इसे देखकर उम्मीद बंधती है कि आने वाले समय में हम इस तरह के और लार्ज स्केल प्रोजेक्ट्स देखेंगे. कुछ जगहों पर सुधार की गुंजाइश जरूर है, मगर मेकर्स अगले तीन महीनों में उन्हें भी सही कर लेंगे. रही रिलीज़ की बात, तो ये मूवी 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी.
वीडियो: 'रामायण' का अंत देखकर 2027 की दीपावली का इंतजार करेंगे दर्शक!











