The Lallantop

राजपाल यादव के भाई का दावा-"किसी ने एक रुपया तक नहीं दिया, केवल बयानबाजी चल रही है"

श्रीपाल यादव की मानें तो पैसा क्या, बॉलीवुड से किसी ने उनके परिवार से कॉन्टैक्ट तक नहीं किया है.

Advertisement
post-main-image
हालांकि श्रीपाल यादव ने भरोसा जताया है कि सोनू सूद राजपाल यादव की मदद ज़रूर करेंगे.

Rajpal Yadav के जेल जाते ही फिल्म इंडस्ट्री से मददगारों का तांता लगना शुरू हो गया है. इनमें Sonu Sood, Salman Khan, Ajay Devgn, Varun Dhawan और Mika Singh जैसे बड़े नाम शामिल हैं. म्यूजिक प्रोड्यूसर Rao Inderjeet Singh ने तो उन्हें 1.1 करोड़ रुपये देने का वादा कर दिया है. मगर राजपाल के बड़े भाई Shripal Yadav इन सभी दावों को झुठला रहे हैं. उनके मुताबिक, लोग इंटरनेट पर केवल वादे कर रहे हैं. मगर सच्चाई ये है कि राजपाल के खाते में अबतक एक रुपया तक नहीं आया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बता दें कि राजपाल चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल भेजे गए हैं. उन पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज़ भी है. ऐसे में सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और गुरु रंधावा जैसे एक्टर्स ने सोशल मीडिया पर उनकी मदद करने का वादा किया था. राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में बताया कि सलमान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन जैसे स्टार्स ने भी उन्हें मदद ऑफर की है. वहीं मीका सिंह ने 11 लाख और राव इन्द्रजीत ने राजपाल को 1.1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. मददगारों की फेहरिस्त में पॉलिटिशियन तेजप्रताप यादव भी शामिल हैं. उन्होंने बाकायदा एक पर्ची जारी कर बताया कि राजपाल के खाते में 11 लाख रुपये भेजे गए हैं. मगर उनके बड़े भाई श्रीपाल ने इन तमाम दावों का खंडन कर दिया है.

दैनिक भास्कर से हुई बातचीत में श्रीपाल कहते हैं,

Advertisement

"अब तक किसी ने भी राजपाल की आर्थिक मदद नहीं की है. हमारे खाते में एक भी रुपया नहीं आया है. किसी ने फोन करके परिवार से कॉन्टैक्ट तक नहीं किया है. जो आदमी राजपाल का अकाउंट संभालता है, उन्होंने भी किसी आर्थिक मदद मिलने की पुष्टि नहीं की है. अगर किसी ने मदद की है, तो पैसा कहां दिया गया? किसे दिया गया? इसकी जानकारी परिवार को क्यों नहीं है? अगर वास्तव में किसी ने सहायता की है तो परिवार उनका आभारी रहेगा. पर यदि केवल सोशल मीडिया पर बयानबाजी हो रही है तो ये गलत है."

श्रीपाल आगे कहते हैं,

"मेरा भाई बॉलीवुड में मेहनत कर रहा है. किसी से भीख नहीं मांग रहा. आर्थिक तंगी की जो बातें उड़ाई जा रही हैं, वे सरासर गलत है. जिस रकम को कर्ज़ बताया जा रहा है, वो असल में अता पता लापता फिल्म में किया गया इनवेस्टमेंट था. दूसरे पक्ष ने अपने बेटे को फिल्म में रखने की बात कही थी. पैसा फिल्म में इन्वेस्टमेंट के तौर पर दिया गया था, न कि कर्ज या ब्याज पर. राजपाल बेहद सीधे स्वभाव के इंसान हैं. उन्होंने भरोसे में कागजों पर साइन कर दिए. कागज पढ़े नहीं. इसे गलती कहें या उनकी सादगी मगर उन्हें दूसरों पर भरोसा ज्यादा था."

Advertisement

एनडीटीवी से हुई एक अन्य बातचीत में श्रीपाल ने कहा कि राजपाल जेल जाते हुए रो नहीं रहे थे. वो निराश ज़रूर थे मगर किसी के सामने रो या गिड़गिड़ा नहीं रहे थे. श्रीपाल बताते हैं कि राजपाल ने सरेंडर करने से कुछ समय पहले उन्हें कॉल किया था. उस दौरान उन्होंने अपने भाई से कहा कि वो किसी भी तरह की चिंता न करें. मीडिया से हुई बातचीत में श्रीपाल ने भरोसा जताया है कि राजपाल जल्द ही बेल पर बाहर आ जाएंगे.

वीडियो: राजपाल यादव को हुई जेल, ये फिल्म बनी वजह

Advertisement