The Lallantop

"मेरे पास न पैसे हैं, न कोई दोस्त"- जेल जाने पर रोते हुए क्या बोले राजपाल यादव?

राजपाल यादव ने 16 साल पहले फिल्म बनाने के लिए एक कर्ज़ लिया था. समय के साथ ये पैसा बढ़कर 9 करोड़ पर पहुंच गया.

Advertisement
post-main-image
राजपाल यादव साल 2013 में भी जेल जा चुके हैं.

फिल्म बनाने का शौक Rajpal Yadav को इतना महंगा पड़ा कि उन्हें जेल तक जाना पड़ गया है. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में Delhi High Court ने पैसे जमा करने की डेडलाइन आगे बढ़ाने से साफ़ मना कर दिया है. मजबूरन, राजपाल को Tihar Jail में सरेंडर करना पड़ा है. जेल जाने से पहले वो काफ़ी इमोशनल हो गए थे. इस दौरान उन्होंने साफ़ कहा कि मुसीबत के वक्त उनकी मदद करने के लिए फिल्म इंडस्ट्री से कोई भी आगे नहीं आया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

न्यूज X को दिए गए बयान में राजपाल रोते हुए कहते हैं,

"सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं. और कोई उपाय भी नहीं दिखता."

Advertisement

ये पूछे जाने पर कि क्या फिल्म इंडस्ट्री से किसी ने उनकी मदद की, राजपाल कहते हैं,

"यहां हम सब अकेले हैं. कोई भी दोस्त नहीं हैं. मुझे इस मुसीबत का सामना खुद ही करना पड़ेगा."

राजपाल ने अपने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया है. उन्हें इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन कलाकारों में से एक माना जाता है. 'फिर हेरा फेरी', 'भूल भुलैया', 'क्रेज़ी 4', 'हंगामा', 'गरम मसाला', 'भागम-भाग' और 'चुप चुपके' में उनके काम को लोग आज भी पसंद करते हैं. ऐसे में ये सवाल उठना लाज़िमी है कि वो 9 करोड़ रुपये के इस केस में फंसे कैसे. पूरा मामला समझने के लिए आपको आज से 16 साल पहले यानी 2010 में जाना होगा.

Advertisement

दरअसल, 2010 में राजपाल बतौर डायरेक्टर एक फिल्म बनाना चाहते थे. फिल्म का नाम 'अता पता लापता'. इस मूवी से वो अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू कर रहे थे. उनकी पत्नी राधा यादव फिल्म की प्रोड्यूसर थीं. फिल्म बनाने के लिए राजपाल ने दिल्ली बेस्ड कंपनी- मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. इस भरोसे के साथ कि वो सूद समेत 8 करोड़ रुपये वापस लौटा देंगे. बाद में इस अमाउंट को घटाकर 7 करोड़ कर दिया गया. बावजूद इसके, गया हुआ पैसा कभी लौटकर नहीं आया.

rajpal yadva
‘अता पता लापता’ का एक सीन. 

2012 में फिल्म रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर लापता हो गई. 5 करोड़ में बनी इस मूवी ने मात्र 38 लाख रुपये का कलेक्शन किया था. ऐसे में राजपाल और राधा पर भारी-भरकम कर्ज़ आ गया. उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स को जो सात चेक दिए, वो भी बाउंस कर गए. मजबूर होकर लोन देने वाले कोर्ट जा पहुंचे. राजपाल और उनकी पत्नी पर तबतक केस हो चुका था. 2013 में राजपाल यादव को कोर्ट में झूठे एफ़िडेविट देने की वजह से 10 दिन के लिए जेल जाना पड़ा. उन्होंने 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2013 तक चार दिन जेल में बिताए, जिसके बाद हाईकोर्ट ने इस सज़ा पर रोक लगा दी. 

खैर, लंबी सुनवाई के बाद अप्रैल 2018 में दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल और राधा को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी पाया. अदालत ने उन्हें दोबारा तीन महीने की जेल की सजा सुनाई. हालांकि वहां से उन्हें बेल मिल गई थी. जून 2024 में कोर्ट ने उनसे कहा कि वो बकाया पैसा ईमानदारी से चुकाएं. तब तक उन पर इन्ट्रेस्ट जोड़कर करीब 9 करोड़ रुपये का कर्ज़ हो चुका था. अक्टूबर 2025 में उन्होंने 75 लाख रुपये जमा किए लेकिन बाकी पैसा फिर भी नहीं चुका पाए. उन्होंने दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में भी पैसे लौटाने का वादा किया था. मगर ये वादा भी पूरा नहीं हुआ. तंग आकर कोर्ट ने उन्हें फटकारते हुए कहा कि वो इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.

फरवरी 2026 की शुरुआत तक मामला अपने चरम पर पहुंच चुका था. ऐसे में जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने राजपाल को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दे दिया. कोर्ट ने साफ कहा कि किसी को भी, चाहे वो सेलिब्रिटी ही क्यों न हो, बार-बार राहत नहीं दी जा सकती है. 4 फरवरी 2026 को राजपाल ने पैसे जुटाने के लिए एक हफ्ते की मोहलत मांगी. मगर कोर्ट में ये मांग खारिज कर दी गई. जज का कहना था कि राजपाल अबतक 20 बार पैसे लौटाने के वादे से मुकर चुके हैं. ऐसे में उन्हें और राहत नहीं दी जा सकती है.

5 फरवरी 2026 को कोर्ट में आखिरी पेशी के दौरान भी उन्हें कोई छूट नहीं मिली. तब राजपाल के वकील ने 25 लाख रुपये का नया चेक देने का प्रस्ताव रखा. लेकिन जज ने सरेंडर का आदेश वापस लेने से मना कर दिया था. नतीजतन, उसी शाम 4 बजे राजपाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया. वहां उन्हें छह महीने की सज़ा काटनी है. दूसरी तरफ़, हाईकोर्ट ने अब तक जमा की गई पूरी रकम को मुरली प्रोजेक्ट्स को देने का आदेश दे दिया है.

rajpal yadav
सोनू सूद ने राजपाल यादव के लिए क्राउड फंडिंग की अपील की है.

इस मामले में राजपाल को आम लोगों से काफ़ी सिंपथी मिल रही है. दूसरी तरफ़, सोनू सूद के अलावा फिल्म इंडस्ट्री से किसी ने अबतक इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है. सोनू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और एक्टर्स से राजपाल के लिए क्राउड फंडिंग की अपील की है. साथ ही ये वादा भी किया है कि वो राजपाल को अपनी फिल्म में कास्ट ज़रूर करेंगे. हालांकि उन्होंने इसे चैरिटी मानने से मना कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी तरफ़ से राजपाल को दिया जाने वाला पैसा दोनों के फ्यूचर प्रोजेक्ट के साइनिंग अमाउंट में एडजस्ट कर लिया जाएगा.

वीडियो: राजपाल यादव ने बेगानी शादी में दोस्तों के साथ खाया, फिर क्यों मच गया हंगामा?

Advertisement