Javed Akhtar बीते दिनों एक इवेंट में हिस्सा लेने पाकिस्तान गए हुए थे. वहां जाकर उन्होंने कह दिया कि मुंबई पर जो 26/11 अटैक हुआ था, उसमें पाकिस्तान का हाथ था. उसके बाद से इंडिया में उनकी जय-जयकार हो रही है. मगर पाकिस्तान में मामला गर्मा गया है. तमाम सेलेब्रिटीज़ भड़क गए हैं. कहा जा रहा है कि जावेद अख्तर उनके घर आकर उनकी बेइज्ज़ती करके चले गए. और यहां उनके सम्मान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं.
जावेद अख्तर के 26/11 वाले बयान पर भयंकर भड़के पाकिस्तानी फिल्म स्टार्स
जावेद अख्तर के बयान से नाराज़ पाकिस्तानी सेलेब्रिटीज़ का कहना है कि लोग उनके देश में आकर बेइज्ज़ती करके चले जाते हैं और लोग तालियां पीटते रहते हैं.


फैज़ अहमद फैज़ के सम्मान में होने वाले फेस्टिवल (फैज़ मेला) में जावेद अख्तर को बतौर गेस्ट लाहौर बुलाया गया था. यहां एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि जब वो लौटकर भारत जाएं, तो लोगों को बताएं कि पाकिस्तान में भी अच्छे लोग हैं. वो लोग सिर्फ बमबाज़ी नहीं करते हैं. बल्कि प्यार और फूलों की माला से स्वागत भी करते हैं. इसके जवाब में जावेद अख्तर ने कहा-
''चलिए हम एक-दूसरे को इल्ज़ाम न दें. उससे सॉल्व नहीं होगा. अहम बात ये है कि आज कल जो इतनी गरम है फिज़ा, वो कम होनी चाहिए. हम तो बम्बई के लोग हैं. हमने देखा हमारे शहर पे कैसे हमला हुआ था. तो वो लोग नॉर्वे से तो नहीं आए थे. ना इजिप्ट से आए थे. वो लोग अभी भी आपके मुल्क में घूम रहे हैं. तो ये शिकायत अगर हिंदुस्तानी के दिल में हो, तो आपको बुरा नहीं मानना चाहिए.''
बेसिकली उन्होंने पाकिस्तान में जाकर ये कह दिया कि मुंबई पर हुए 26/11 हमले में पाकिस्तान का हाथ था. उनके इस स्टेटमेंट को हिंदुस्तान में तो खूब वाहवाही मिली. उस इवेंट में भी उनके बयान पर खूब चीयर किया गया. मगर इंडियन सोशल मीडिया पर जैसे ये चीज़ पेश की जा रही है, वो पाकिस्तानी सेलेब्रिटीज़ को खटक रही है. कई लोग सोशल मीडिया पर जावेद अख्तर को भला-बुरा भी कह रहे हैं. हम आपको कुछ पाकिस्तानी सेलेब्रिटीज़ के पोस्ट/ट्वीट पढ़वाते हैं, जिन्होंने जावेद अख्तर को कोसा है.
# पाकिस्तान एक्ट्रेस हैं सबूर अली. 'परिज़ाद', 'फितरत', 'गुल-ओ-गुलज़ार' और 'अमानत' जैसे पॉपुलर टीवी शोज़ में काम कर चुकी हैं. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा-
''कोई अपने घर में आकर बेइज्ज़ती करके जा रहा है, उसपे खुशी से शोर मचाया जा रहा है. और फिर कदमों में बैठा जा रहा है. कितनी शर्म की बात है. पढ़े-लिखे जाहिल लोग. कथित बुद्धिजीवी लोगों ने अपने टैलेंट को तो इतनी इज्ज़त नहीं दी. इस मुल्क में बड़े-बड़े फनकार ऐसे चले गए, जिनके पास अपने आखिरी वक्त पे इलाज तक के पैसे नहीं थे. तब कहां जाते हैं, ये टैलेंट के कद्रदान लोग?
जिन्हें अपनी इज्ज़त रखनी नहीं आती, उनकी कोई और क्या इज्ज़त करेगा. हमारे दिल तो इतने बड़े हैं ख़ैर, खैरियत से वापिस भी भेजते हैं और चाय भी पिलाते हैं.''

# शान शाहिद नाम के एक्टर हैं. 'वार', ‘खुदा के लिए’, 'यलगार' और 'ज़रार' जैसी पाकिस्तानी फिल्मों में काम कर चुके हैं. वो जावेद अख्तर के बयान पर तल्ख होकर लिखते हैं-
''इनको गुजरात में मुसलमानों के क़ातिल का तो पता है लेकिन ये खामोश हैं. और अब ये साहब पाकिस्तान में 26/11 के मुल्ज़िमों को ढूंढ रहे हैं. इसको विज़ा किसने दिया?''
# 'जीवा' और 'घूंघट' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी एक्ट्रेस रेशम ने भी जावेद अख्तर के बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कुछ दिनों पहले अली ज़फर के घर हुई पार्टी में जावेद अख्तर के साथ फोटो पोस्ट करके खुद को लकी बताया था. उनके बयान के बाद इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखती हैं-
''मेरे मुल्क से प्यारा मेरे लिए कुछ नहीं है. मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि जावेद अख्तर साहब ने फैज़ फेस्टिवल सेशन के दौरान मेरे मुल्क के बारे में क्या कहा था. मैं उनके बयान की निंदा करती हूं. हमारे रिवाज़ों के मुताबिक हम अपने मेहमान को अल्लाह की रहमत मानते हैं. मगर पाकिस्तान हमें उनसे कहीं ज़्यादा प्यारा है.''
# हारून शाहिद नाम के एक्टर और संगीतकार हैं. उन्होंने कई पाकिस्तानी टीवी शोज़ और फिल्मों में काम किया है. जावेद अख्तर से बयान पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा-
''सा'ब यहां एक पार्टी अटेंड करते हैं, या उनकी मेजबानी की जाती है. लेकिन मेरी प्रॉब्लम ये है कि हम एक मुल्क के तौर पर ये देखने में कैसे फेल हो जाते हैं कि हमारा इस्तेमाल किया जा रहा है. दुख की बात है कि ये सबकुछ ऐसे ही चलता रहेगा, जब तक हम अपने लोगों को, अपने बिज़नेस को इज्ज़त नहीं देंगे.''

# 'रश्मि रॉकेट' और 'मलंग' जैसी फिल्मों का स्क्रीनप्ले लिख चुके अनिरुद्ध गुहा ने एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा कि हिंदुस्तान में बार-बार जावेद अख्तर की देशभक्ति पर सवाल खड़े किए जाते हैं. जबकि वो पाकिस्तान में जाकर ये सब बातें बोल आए हैं. उन्हें देशभक्ति साबित करने की ज़रूरत नहीं है. इस ट्वीट को कोट करते हुए मशहूर पाकिस्तानी सिंगर कुर्तुलऐन बलोच ने लिखा-
''और अपनी पूरी ज़िंदगी वो यही करते रहेंगे. यही साबित करते रहेंगे कि वो किसी और चीज़ से ज़्यादा भारतीय हैं.''
जबकि इंडिया में जावेद अख्तर के इस बयान को जबरदस्त समर्थन हासिल हो रहा है. उन्हें दोबारा से देशभक्त का तमगा थमा दिया गया है. क्योंकि वो पाकिस्तान में पाकिस्तान की बुराई करके लौटे हैं. कंगना रनौत, जो जावेद अख्तर के खिलाफ कोर्ट केस लड़ रही हैं, वो भी उनकी तारीफ करते नहीं थक रही हैं.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूज़रूम: जावेद अख्त़र ने नेहरू और फै़ज़ अहमद फै़ज़ से जुड़ा मजे़दार किस्सा सुनाया






















