Sunny Deol की फिल्म Gadar 2 बॉक्स ऑफिस पर दौड़ रही है. फिल्म की कमाई दर्शाती है कि जनता कैसे खुले दिल से इसे अपना रही है. लेकिन फिल्म को लेकर एक दूसरा पक्ष भी है. क्रिटिक्स ने इसकी जमकर आलोचना की. लिखा जा रहा है कि मेकर्स ने पाकिस्तान विरोधी सेंटीमेंट्स को भुनाने की पुरजोर कोशिश की है. इस पूरी बहस के बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये आया है पाकिस्तान के एक इंटरव्यू से. करीब छह महीने पुराने इस इंटरव्यू में पाकिस्तानी ऐंकर और एक्टर धर्मेंद्र और सनी देओल को लेकर बात करती हैं. उनका कहना था कि खुद उन दोनों को अपनी फिल्म में एंटी-पाकिस्तान डायलॉग्स पसंद नहीं. लेकिन मजबूरी में ये करना पड़ता है.
"धर्मेंद्र और सनी देओल को अपनी फिल्म में पाकिस्तान विरोधी डायलॉग्स पसंद नहीं"
पाकिस्तानी एक्टर नादिया खान ने बताया कि उन्हें एक बार धर्मेंद्र का फोन आया. उन्हें लगा कोई फिरकी ले रहा है. इसलिए उन्होंने उल्टा-सीधा सुना दिया.


उन दिनों नादिया ने अपने शो में ‘कूल डैड’ का सेगमेंट रखा था. उस लिस्ट में धर्मेंद्र का नाम शामिल था. वो कहती हैं कि इसी वजह से धर्मेंद्र ने उन्हें फोन किया था. नादिया ने आगे बताया,
मैंने उनसे कहा कि आपके बेटे सनी देओल कुछ फिल्मों में एंटी-पाकिस्तान बात करते हैं और मुझे वो पसंद नहीं. उन्होंने कहा कि मुझे भी ये सब पसंद नहीं. मैंने उनसे कहा कि आप उन्हें ज़रूर बताएं कि पाकिस्तान में उनके बहुत से फैन हैं. उन्होंने कहा कि मुझे भी अच्छा नहीं लगता कि सनी ने अपनी फिल्म में एंटी-पाकिस्तान बात की. सनी को भी अच्छा नहीं लगता. बस मजबूरी है.
नादिया ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा कि कला के बीच कभी भी राजनीति नहीं आनी चाहिए. ‘गदर’ के मेकर्स भले ही इस स्टैंड पर रहें कि फिल्म में पाकिस्तान विरोधी कुछ भी नहीं. लेकिन ऑडियंस के एक तबके ने अशरफ अली वाले संवादों के लिए फिल्म को पसंद किया है. बाकी ‘गदर 2’ की बात करें तो 16 अगस्त तक ये 261.35 करोड़ रुपए छाप चुकी है. दुनियाभर में ‘गदर 2’ ने 338.5 करोड़ की पर्वतनुमा कमाई कर ली है.
वीडियो: गदर 2 की सक्सेस पर धर्मेंद्र ने ऐसा क्या कहा कि सनी देओल भी भावुक हो गए




















