The Lallantop

OMG 2 विवाद: राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत का ऐलान, अक्षय को थप्पड़ मारने या मुंह पर थूकने वाले को 10 लाख का ईनाम

आगरा के राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के अध्यक्ष का कहना है कि अक्षय कुमार ने OMG 2 भगवान शिव का अपमान किया है.

Advertisement
post-main-image
OMG 2 के पोस्टर में अक्षय कुमार. आगरा में फिल्म के खिलाफ हो रहे धरना प्रदर्शन की तस्वीर.

Akshay Kumar की OMG 2 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. उनके पुतले जलाए जा रहे हैं. फिल्म को बैन करने की मांग की जा रही है. राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत का कहना है कि अक्षय की फिल्म से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने ये भी ऐलान किया है कि जो भी अक्षय कुमार थप्पड़ मारेगा या उनके मुंह पर थूकेगा, उसे 10 लाख रुपए का ईनाम दिया जाएगा. इससे पहले Padmavat के दौरान करणी सेना ने Deepika Padukone का नाक काटने, गला काटने और ज़िंदा जलाने वालों को ईनाम देने की घोषणा की थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अक्षय कुमार की नई फिल्म OMG 2 सिनेमाघरों में लगी है. ये फिल्म सेक्स एड्यूकेशन के विषय पर बात करती है. फिल्म में अक्षय कुमार भगवान शिव का रोल कर रहे थे. मगर विषय की संवेदनशीलता को देखते हुए सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 27 बदलाव करवाए. 'आदिपुरुष' को लेकर जिस तरह की तीखी प्रतिक्रियाएं आई थीं, उसके बाद से सेंसर बोर्ड सचेत हो गई थी. इसलिए उन्होंने OMG 2 में भी अक्षय के रोल भगवान शिव से बदलकर भगवान शिव के दूत का करवा दिया. मगर लोगों को इससे भी दिक्कतें हैं.

गुरुवार को आगरा में अक्षय कुमार के पुतले जलाए गए. ये भी धमकी दी गई कि वो OMG 2 दिखाने वाली थिएटर्स के बाहर विरोध करना बंद नहीं करेंगे. द प्रिंट की रिपोर्ट में बताया गया कि राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष गोविंद पराशर ने सेंसर बोर्ड और भारत सरकार से OMG 2 को बैन करने की मांग की है. उन्होंने ये भी धमकी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती, तो विरोध प्रदर्शन को और तेज कर देंगे.

Advertisement

इस हिंदु आउटफिट को फिल्म में अक्षय कुमार के किरदार के कुछ सीन्स पर आपत्ति है. फिल्म के ट्रेलर में अक्षय बालों में डेडलॉक और पांव में बूट पहने नज़र आ रहे हैं. साथ ही उन्होंने दुकान से कचौड़ी खरीदते और 'गंदे' पानी के तालाब में नहाते दिखाया गया है. गोविंद पराशर का कहना है कि इन सीन्स में भगवान शिव का अपमान हुआ है. द प्रिंट की उसी रिपोर्ट में बताया गया कि राष्ट्रीय हिंदू परिषद की मांग है कि अक्षय के रोल को बदला जाए. साथ ही उन्होंने ये भी घोषणा की है कि जो भी अक्षय के मुंह पर थूकेगा या उन्हें थप्पड़ मारेगा, वो उसे 10 लाख रुपए ईनाम के तौर पर देंगे. आगरा के अलावा वृंदावन और उज्जैन में भी OMG 2 का विरोध हो रहा है.

अक्षय कुमार स्टारर OMG 2 पहले ही 'गदर 2' के साथ क्लैश की वजह से मुश्किलों में है. फिल्म ने पहले दिन देशभर से 10.26 करोड़ रुपए की कमाई की. उम्मीद है कि शनिवार की फिल्म की कमाई में बड़ी उछाल देखने को मिलेगी. OMG 2 में अक्षय के साथ पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम और अरुण गोविल जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं. इस फिल्म को अमित राय ने डायरेक्ट किया है. 

वीडियो: अक्षय कुमार की फिल्म OMG 2 देखने पर मजबूर कर देंगी ये 6 बातें

Advertisement

Advertisement