भारतीय सिनेमा का एक वो दौर भी रहा है, जब मायथोलॉजिकल फिल्में ख़ूब बनती थीं. फिर वक्त के साथ इनकी तादाद कम होती चली गई. मगर अब पौराणिक विषय एक बार फिर चलन में हैं. हिस्ट्री, मायथोलॉजी, फैंटसी फिल्में बन रही हैं. और पसंद भी की जा रही हैं. साल 2026-27 के लिए तक़रीबन दर्जनभर मायथोलॉजिकल फिल्में तो अनाउंस हो चुकी हैं. Ramayana, Varanasi, Mahavatar और Jai Hanuman जैसी फिल्में इस फेहरिस्त में शामिल हैं. इनमें बड़े स्टार्स काम कर रहे हैं. ये फिल्में ग्रैंड स्केल और भारी-भरकम बजट पर बनाई जा रही हैं. इस रिपोर्ट में हम 2026-27 में आने वाली चुनिंदा मायथोलॉजिकल फिल्मों का लेखा-जोखा लाए हैं.
2026-27 में आने वाली वो 10 मायथोलॉजिकल फिल्में, जो बॉक्स ऑफिस के परखच्चे उड़ा देंगी
मायथोलॉजिकल फिल्मों की इस लिस्ट में SS राजामौली से लेकर नितेश तिवारी, अमर कौशिक और भावना तलवार की फिल्में शामिल हैं.


1. रामायण पार्ट 1
डायरेक्टर- नितेश तिवारी
कास्ट- रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय
रिलीज़ डेट- दिवाली 2026
‘रामायण’. वो फिल्म जिस पर भारत ही नहीं, पूरी दुनिया की नज़र है. यूं तो ‘रामायण’ का हर प्रसंग लोगों को रटा हुआ है. मगर इस फिल्म से नई और बड़ी उम्मीदें हैं. और इसकी वजह है इसका भारी-भरकम बजट. ये फिल्म 4000 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है. और ये आंकड़ा इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बनाता है. हालांकि ये बजट फिल्म के दोनों हिस्सों में बंटेगा. साथ ही फिल्म के प्रमोशनल बजट भी इसमें शामिल है. ख़ैर, 2 अप्रैल 2026 को आया इसका टीज़र इसकी भव्यता की गवाही दे रहा है.
फिल्म की कास्ट भी तगड़ी है. राम-सीता के रूप में रणबीर कपूर और साई पल्लवी, रावण के पात्र में यश, लक्ष्मण के चरित्र में रवि दुबे और हनुमान जी के अवतार में सनी देओल नज़र आएंगे. स्टारकास्ट में और भी जाने-माने नाम हैं. इनमें रवि दुबे (लक्ष्मण) अरुण गोविल (दशरथ), लारा दत्ता (कैकेयी), शीबा चड्ढा (मंथरा), रकुलप्रीत सिंह (शूर्पनखा), विवेक ओबेरॉय (शूर्पनखा का पति दैत्य विद्युतजिह्वा) और कुणाल कपूर (इंद्र) जैसे एक्टर्स भी हैं. ये फिल्म दो हिस्सों में रिलीज़ होगी. पहला पार्ट दिवाली 2026 पर आएगा.
2. जय हनुमान
डायरेक्टर- प्रशांत वर्मा
कास्ट- ऋषभ शेट्टी, राणा दग्गुबाती, तेजा सज्जा
रिलीज़ डेट- दिसंबर 2026 (संभावित)
टाइटल से ये तो स्पष्ट है कि फिल्म हनुमान जी पर आधारित है. मगर डायरेक्टर प्रशांत वर्मा इसमें एक नया प्रसंग भी जोड़ेंगे. दरअसल, ये फिल्म जनवरी 2024 में आई तेलुगु फिल्म ‘हनुमान’ का सीक्वल है. उसमें एक साधारण व्यक्ति को हनुमान जी की कुछ शक्तियां मिल गई थीं. अब इस पार्ट में ख़ुद हनुमान जी के प्रसंग दिखाए जाएंगे. मगर इसमें तेजा सज्जा के कैमियो की भी ख़बरें हैं. इस कैमियो से प्रशांत वर्मा दोनों फिल्मों के सिरे जोड़ेंगे. डेक्कन क्रॉनिकल को दिए इंटरव्यू में ऋषभ ने बताया था कि प्रशांत वर्मा इस फिल्म का ऑफर लेकर ऋषभ के गांव कुंदापुरा पहुंच गए थे. और ऋषभ उनके विज़न से इतने प्रभावित हुए, कि ‘कांतारा चैप्टर 1’ के रिलीज़ से पहले ही फिल्म साइन कर दी. अनाउंसमेंट भी हो गया.
फरवरी में कर्नाटक के ऐतिहासिक शहर हम्पी में फिल्म का ग्रैंड लॉन्च हुआ. अंजनाद्रि बेट्टा नाम के उसी मंदिर में जिसे हनुमान जी का जन्मस्थल कहा जाता है. इस इवेंट में ऋषभ ने बताया कि ये फिल्म सिर्फ पौराणिक प्रसंगों पर आधारित नहीं है. ये एक मीनिंगफुल मैसेज के साथ बनाई जा रही है. इसका बजट तकरीबन 200 करोड़ रुपये है.
3. चिरंजीवी हनुमान: दी इटर्नल
डायरेक्टर- राजेश मापुस्कर
कास्ट- AI फिल्म
रिलीज़ डेट- सितंबर 2026 में संभावित
ये भगवान हनुमान पर बन रही AI फिल्म है. इसे एबंडेशिया एंटरटेनमेंट बना रहा है. वही कंपनी जिसने ‘एयरलिफ्ट’, ‘रामसेतु’ और अभी हाल ही में अनिल कपूर की ‘सूबेदार’ प्रोड्यूस की थी. इस फिल्म का म्यूजिक भी एक ऐसा बैंड तैयार कर रहा है जो दुनिया का पहला AI-पावर्ड बैंड है. नाम है त्रिलोक. ये बैंड इंडिया की ट्रेडिशनल धुनों को मॉडर्न साउंडस्केप्स के साथ जोड़ता है. एबंडेशिया एंटरटेनमेंट के CEO विक्रम मल्होत्रा ने इस फिल्म के बारे में दी हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बात की थी. उन्होंने बताया था कि साहस और भक्ति, इन्हीं दो नज़रियों से हनुमान जी की कहानी कही जाएगी. मराठी फिल्म ‘वेंटिलेटर’ के लिए नेशनल अवॉर्ड जीत चुके राजेश मापुस्कर इसे डायरेक्ट कर रहे हैं. ‘फ़रारी की सवारी’ भी उन्होंने ही बनाई थी.
4. महावतार
डायरेक्टर- अमर कौशिक
कास्ट- विकी कौशल
रिलीज़ डेट- 2027
परशुराम...भगवान विष्णु के सबसे ज्वलंत अवतार. परमवीर, परमयोद्धा. पुराणों में लिखा है कि उन्होंने 21 बार पृथ्वी को क्षत्रियविहीन कर दिया था. मैडॉक फिल्म्स उन पर आधारित ये फिल्म बना रही है. दरअसल, ये फिल्म डायरेक्टर अमर कौशिक के ही दिमाग की उपज है. वो अरुणाचल प्रदेश के मेदो शहर से हैं. वहां से लोहित जिला पास ही है. और लोहित में परशुराम कुंड है. कहा जाता है कि भगवान परशुराम ने यहां स्नान कर अपनी माता की हत्या के पाप से मुक्ति पाई थी. PTI से चर्चा में अमर कौशिक ने बताया था कि वो बचपन से परशुराम कुंड जाया करते थे. परशुराम से जुड़ी कहानियां सुनते थे. और जब वो फिल्ममेकर बने, तब से उनके ज़ेहन में ये ख़्याल था कि परशुराम पर फिल्म बनानी चाहिए. मैडॉक के हेड दिनेश विजन ने एक इवेंट में कहा था कि ‘महावतार’ का स्केल ‘छावा’ से भी छह गुना बड़ा है.
विकी कौशल इस फिल्म के लिए बल्की फिज़ीक बना रहे हैं. हिंदी और संस्कृत उच्चारण पर काम कर रहे हैं. संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ के चलते ‘महावतार’ टल गई. मगर अब ख़बर है कि मई में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी.

5. महाकाली
डायरेक्टर- पूजा अपर्णा कोल्लुरू
कास्ट- भूमि शेट्टी, अक्षय खन्ना
रिलीज़ डेट- 7 दिसंबर 2026
ये प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म है. इसे लिखा भी प्रशांत वर्मा ने ही है. अक्षय खन्ना इस फिल्म से अपना तेलुगु डेब्यू करने जा रहे हैं. वो इसमें असुर गुरु शुक्राचार्य का पात्र कर रहे हैं. भूमि शेट्टी महाकाली के पात्र में हैं. फिल्म मां काली पर आधारित है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म पौराणिक प्रसंग दिखाने के साथ समाज में सौंदर्य के मानकों को चुनौती देगी. और उनकी नई परिभाषा प्रस्तुत करेगी. फिल्म की 100 दिन की शूटिंग हो चुकी है. अक्षय खन्ना अपने हिस्से का शूट पूरा कर चुके हैं. अब कुछ 30 दिन का शूट बाकी है. प्रशांत वर्मा इस फिल्म को तेलुगु के साथ हिंदी में भी रिलीज़ करेंगे. पहले वो इसे सिर्फ तेलुगु में रिलीज़ करने वाले थे. मगर वो 'धुरंधर' के बाद अक्षय खन्ना की बढ़ी पॉपुलैरिटी के चलते उन्होंने इस फिल्म को हिंदी में भी रिलीज़ करने का फैसला लिया.
6. विश्वम्भरा
डायरेक्टर- मल्लिदी वशिष्ठ
कास्ट- चिरंजीवी, तृषा कृष्णन
रिलीज़ डेट- जून या जुलाई 2026
ये सोशियो-मायथो-फैंटसी फिल्म है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कहानी एक आम आदमी की है. मगर अचानक उसकी आम सी जिंदगी में एक ख़ास मोड़ आता है. वो शख़्स अपनी पत्नी को बचाने के लिए धरती से स्वर्ग तक की यात्रा करता है. कई बुरी शक्तियां इस सफ़र में उसकी राह का रोड़ा बनती हैं. डेक्कन क्रॉनिकल में छपी रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में हैवी VFX, इंटेंस एक्शन सीक्वेंस और ग्रैंड सीनिक ब्यूटी देखने को मिलेगी. रिलीज़ में देरी का एक कारण VFX वर्क है. ये फिल्म संक्रांति के आसपास यानी जनवरी मे रिलीज़ होने वाली थी. मगर पोस्ट प्रोडक्शन का काम अभी पूरा नहीं हो सका है. इस फिल्म का बजट 200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
7. वाल्मीकि रामायण
डायरेक्टर- भावना तलवार
कास्ट- अनाउंस नहीं हुआ
रिलीज़ डेट- 2 अक्टूबर, 2026
“जब तक पहाड़ खड़े रहेंगे और नदियां बहती रहेंगी, रामायण अमर रहेगी.”
इसी कैप्शन के साथ मेकर्स ने सोशल मीडिया पर ये फिल्म अनाउंस की थी. राम नवमी पर फैन्स रणबीर कपूर स्टारर रामायण की झलक की बाट जोह रहे थे. तब इसकी घोषणा हुई. ये लाइव एक्शन फिल्म है या एनिमेशन, ये जानकारी अब तक सामने नहीं आई है. मगर इसके स्केल का अंदाज़ा इसमें साबू सिरिल की मौजूदगी से लगाया जा सकता है. ‘बाहुबली’ के प्रोडक्शन डिज़ाइनर भी साबू ही थे. ‘पुष्पा’ और ‘दी गोट लाइफ़’ जैसी फिल्मों के साउंड डिज़ाइनर रेसुल पूकुट्टी इसके इसका साउंड डिज़ाइन कर रहे हैं. ‘देवदास’ और ‘रंग दे बसंती’ जैसी फिल्मों के DoP रह चुके बिनोद प्रधान इसके सिनेमैटोग्राफर हैं. और कैप्टन ऑफ द शिप यानी डायरेक्टर हैं भावना तलवार. पंकज कपूर स्टारर ‘धर्म’ (2007) के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था.
8. बाहुबली: द एटर्नल वॉर- पार्ट 1
डायरेक्टर- ईशान शुक्ला
कास्ट- प्रभास, राम्या कृष्णन (वॉइस एक्टिंग)
रिलीज़ डेट- 2027
'बाहुबली' और ‘बाहुबली 2’ की अपार सफलता के बाद लोगों को ‘बाहुबली 3’ की उम्मीदें बंध गईं. राजामौली ने इस फ्रैंचाइज़ को आगे तो बढ़ाया. मगर उस तरह नहीं, जिस तरह लोग उम्मीद कर रहे थे. राजामौली बीइंग राजामौली...उन्होंने दर्शकों को चौंकाया. उन्होंने इस फ्रैंचाइज़ की अगली किश्त के रूप में एक एनिमेशन फिल्म अनाउंस की. नवंबर 2025 में इसका टीज़र आया. इसके मुताबिक इस फिल्म में अमरेंद्र बाहुबली की आफ्टर लाइफ को एक्सप्लोर किया गया है. यानी 'बाहुबली' में जब कटप्पा ने अमरेंद्र बाहुबली को मार दिया, उसके बाद अमरेंद्र बाहुबली के साथ क्या हुआ? वो इस फिल्म में दिखाया जाएगा. टीज़र में अमरेंद्र बाहुबली को देवासुर संग्राम का जिम्मेदार ठहराया गया है. और अब देवराज इंद्र बाहुबली की जान लेना चाहते हैं. मगर क्यों? ये वैसा ही शाश्वत प्रश्न लग रहा है जैसा 'बाहुबली' के बाद प्रचलित हुआ था. जो था, "कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?". बाहुबली असुरों की तरफ़ से लड़ रहे हैं. जिसके चलते अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि फिल्म में वो ग्रे कैरेक्टर प्ले करेंगे. इसे दो पार्ट में बनाया जाना है.
9. वाराणसी
डायरेक्टर- SS राजामौली
कास्ट- महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा, पृथ्वीराज सुकुमारन
रिलीज़ डेट- 7 अप्रैल, 2027
ये SS राजामौली की महत्वाकांक्षी एक्शन-एडवेंचर फिल्म है. ये पूरी तरह से मायथोलॉजिकल नहीं कही जा सकती. मगर इसकी कहानी रामायण के संजीवनी बूटी वाले प्रसंग के आसपास बुनी गई है. राजामौली ने उसे मॉर्डन ट्विस्ट दिया है. रिपोर्ट्स हैं कि इसमें महेश बाबू एक ऐसे आर्कियोलॉजिस्ट की भूमिका निभाएंगे, जो संजीवनी बूटी की खोज में निकला है. इस यात्रा में वो भयानक ख़तरे मोल लेगा.
इसमें काशी का इतिहास दिखाया जाएगा. फिल्म के नैरेटिव में काशी खुद एक किरदार की तरह रहेगी.
इसके लिए राजामौली ने हैदराबाद में काशी शहर का रेप्लिका दिखने वाला भव्य सेट लगाया गया था. बताया गया था कि राजामौली ने इसे 50 करोड़ रुपये में बनवाया था. हैदराबाद के अलावा इसकी शूटिंग केन्या, तंज़ानिया और जॉर्जिया में हुई है. कुछ एक्शन सीन्स की शूटिंग ओडिशा में हुई. वाराणसी का बजट 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. जो इसे ‘रामायण’ के बाद भारतीय सिनेमा इतिहास की दूसरी सबसे महंगी फिल्म बनाता है.
10. रामायण 2
डायरेक्टर- नितेश तिवारी
कास्ट- रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय
रिलीज़ डेट- दिवाली 2027
‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज़ होगी. दर्शकों को दूसरी फिल्म के लिए पूरे एक साल इंतज़ार करना होगा. डायरेक्टर नितेश तिवारी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ये फिल्म पूरी तरह से वाल्मीकि रामायण पर आधारित है. इसमें राम और रावण का स्क्रीनटाइम बराबर बताया जा रहा है. अमेरिका में फिल्म के टीज़र लॉन्च पर नितेश तिवारी ने बताया कि वो पिछले सात साल से इस फिल्म पर काम कर रहे थे. स्टडी, रिसर्च, जानकारों से चर्चा में ही कई साल बीत गए. तब जाकर फिल्म आकार ले सकी. उन्होंने ये भी बताया कि इसमें रावण के चरित्र की कई परतें खोली जाएंगी. जैसे रावण महान संगीतकार भी था. प्रकांड विद्वान भी और कुशल प्रशासक भी. उसे सिर्फ सीता हरण करने वाले राक्षस के रूप में नहीं दिखाया जाएगा. बल्कि उस रावण को भी दिखाएंगे जो दयालु और गुणी भी था.
वीडियो: ‘रामायण’ टीज़र ने किया इम्प्रेस, अमेरिकंस बोले- "लाजवाब सिनेमा की मिसाल"




















